45 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण, भूमि विवादों और आईजीआरएस मामलों के गुणवत्तापूर्ण निपटारे के निर्देश
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जन सुनवाई के दौरान कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए प्रभावी और तथ्यपरक निस्तारण किया जाए। उन्होंने तहसीलदार सदर को धारा- 24 एवं धारा-116 के मामलों में न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और गलत रिपोर्टिंग पर जिलाधिकारी का रुख काफी सख्त नजर आया। उन्होंने दो कानूनगो और दो लेखपालों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों को संतोषजनक न पाते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों में अस्पष्ट अथवा भ्रामक रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की जिला-स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से कराई गई रैंडम फीडबैक जांच में चार शिकायतकर्ताओं ने असंतोष व्यक्त किया है। इस पर संबंधित अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 22 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि पुलिस विभाग के 13 और विकास विभाग के दो मामलों सहित अन्य विभागों के प्रकरण भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
