
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के अध्यक्ष रणधीर सिंह के नेतृत्व में सरकारी और गैर सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के वरिष्ठ शिक्षकों के लिए पॉक्सो एक्ट के विधिक प्रावधानों एवं बच्चों को मिलने वाले संरक्षण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।जनपद न्यायालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) कृष्ण कुमार-पंचम ने की, जबकि संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें विद्यार्थियों तक यह जानकारी पहुंचाने में सक्षम बनाना रहा, ताकि बच्चे लैंगिक अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें और जरूरत पड़ने पर आवाज उठा सकें।कार्यक्रम में शिक्षकों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। दोनों हेल्पलाइन नंबरों को विद्यालयों में प्रमुख एवं दृश्य स्थानों पर प्रदर्शित करने तथा पॉक्सो अवेयरनेस कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में जनपद न्यायालय के सभागार में ‘बचपन बचाएं, कानून को जानें, अपना और राष्ट्र का भविष्य निर्माण करें’ विषय पर प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजेताओं को 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर जनपद न्यायालय में आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
