डीएम और एसपी ने अधिकारियों व पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश, 8 से 10 जून तक होगी परीक्षा
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने रिजर्व पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का आयोजन 8 जून, 9 जून और 10 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा और निगरानी की व्यापक व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर होगी सघन जांच
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली जाए। किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन या अन्य प्रतिबंधित सामग्री केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने सभी ड्यूटी कर्मियों को समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

नकल माफियाओं और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
डीएम ने नकल कराने वाले गिरोहों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा समय-समय पर स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, स्वाट टीम, साइबर सेल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य पुलिस बल को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अभ्यर्थियों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
