कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और मिठाई से किया भव्य स्वागत
सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा सलेमपुर क्षेत्र के मठिया पठान निवासी इस्माइल खान को अल्पसंख्यक कांग्रेस का जिलाध्यक्ष तथा भटौली निवासी बदरे आलम को पुनः प्रदेश सचिव नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। नियुक्ति की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यालय पर दोनों नेताओं का फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इस्माइल खान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर तथा प्रदेश प्रभारी रूबी खान द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अल्पसंख्यक समाज के हितों की रक्षा करती रही है और उनके विकास के लिए निरंतर कार्य करती रही है।

वहीं, पुनः प्रदेश सचिव नियुक्त किए गए बदरे आलम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हर संघर्ष में मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किया है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत करने वालों में जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, दीनदयाल प्रसाद, दीनदयाल यादव, मनीष रजक, रोहित यादव, एम. ए. खान, डॉ. याहिया अंजुम, जियाउद्दीन, अब्दुल कादिर, चुन्नू श्रीवास्तव, राजकुमार पटवा, राधे किशुन, सुच्चन खान और लालसाहब यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
