
गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल, बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार द्वारा संचालित नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में हर ग्राम पंचायत में चल रहे हैं जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है। लोगों को शुद्ध जल प्राप्त हो और लोगों का स्वास्थ्य अच्छा रहे। इसके लिए सरकार ग्राम पंचायतों में युद्ध स्तर पर काम करा रही है। लेकिन जिले के मिठौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चैनपुर में ट्रायल होने से पहले ही जोर की आंधी में पानी की टंकी का हौज उड़कर 100 मीटर दूरी पर जाकर गिरा। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गुणवत्ता को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
प्राप्त समाचार के अनुसार मिठौरा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत चैनपुर में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है जो प्रसिद्ध कंपनी रिथविक और कोया द्वारा निर्माण किया जा रहा है। इसकी लागत 1 करोड़ 85 लाख 18 हजार रुपए है। वही कार्य निर्माण 24 नवंबर 2022 को प्रारंभ किया गया था। कार्य पूर्ण करने का समय 2024 में था, लेकिन साल भर व्यतीत हो जाने के बाद भी कार्य अधूरा रहा। ऐसे में विगत दो दिन पूर्व आए आंधी तूफान में टंकी का हौज उड़कर सौ मीटर दूरी पर जा गिरा जिसमें बड़ी घटना होने से लोग बाल- बाल बचे।
बताते चलें कि जिस समय पानी की टंकी हौज उड़ा उस समय ग्यारह हजार वोल्टेज विद्युत तार को छुते हुए निकला। रफ्तार इतना तेज था कि विद्युत पोल टूटने के साथ तार भी टूटकर बिखर गए संयोग ही कहा जाए कि जिस समय घटना घटित हुई उस समय तार में विद्युत आपूर्ति नहीं थी । घटना के बाद लोगों में गुणवत्ता को लेकर तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
इस सम्बन्ध में जलकल विभाग के अभियंता विजय सिंह ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्यवाही किया जायेगा। सरकार द्वारा समय से धन न मिलने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई हैं। वही गुणवत्ता पर उन्होंने कहा कि अभी ट्रायल हुआ नहीं तो गुणवत्ता का मामला कहा से आ रहा है।
