
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बहुप्रतीक्षित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की नई तारीखों की घोषणा कर दी है। अब यह परीक्षा प्रदेशभर में 29 और 30 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
आयोग के अनुसार, प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक, जबकि दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
UPTET का आयोजन राज्य में सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षक भर्ती की अनिवार्य पात्रता सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है। आयोग ने बताया कि जल्द ही परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम, प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि, और परीक्षा केंद्रों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि UPTET 2026 का आयोजन पहले नवंबर 2025 में होना प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासनिक कारणों और तैयारी की प्रक्रियाओं के चलते इसे आगे बढ़ाया गया था। नई तारीखों की घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट और दिशा-निर्देश समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें।
