Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगवाही देने की तैयारी में थी महिला, बाइक सवार बदमाशों ने मारी...

गवाही देने की तैयारी में थी महिला, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला को कोर्ट में गवाही देने से रोकने के लिए गोली मार दी गई। घटना एकौना थाना क्षेत्र के पलिया गांव की रहने वाली दुर्गावती देवी के साथ घटी, जो अपनी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म मामले में गवाह थी। जानकारी के अनुसार, दुर्गावती देवी शनिवार दोपहर अपनी तबीयत खराब होने के कारण दवा लेने पचलड़ी चौराहे गई थीं। दवा लेकर वह जैसे ही पैदल घर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे कोर्ट में गवाही न देने का दबाव बनाया। जब दुर्गावती देवी ने गवाही देने की बात कही, तो बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद भी दुर्गावती देवी ने होश में रहते हुए कैमरे के सामने घटना का पूरा विवरण दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गंभीर रूप से घायल दुर्गावती देवी को प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। इस मामले में महिला के पति गुलाब यादव ने थाना एकौना में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने अपनी ही बेटी ममता यादव और उसके तीन सहयोगियों को आरोपी बनाया है। एडिश्नल एसपी देवरिया अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि, “महिला के पति की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के संकलन के साथ विधिक कार्यवाही जारी है।” गौरतलब है कि दुर्गावती देवी की बेटी ममता यादव के साथ एक वर्ष पहले दुष्कर्म हुआ था, जिसमें दुर्गावती गवाही देने वाली थीं। लेकिन पुलिस के अनुसार, वर्तमान समय में ममता उसी आरोपी के साथ रह रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब बेटी आरोपी के साथ राजी-खुशी रह रही थी, तो दुर्गावती गवाही क्यों देना चाहती थीं? फिलहाल पुलिस इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद असली सच्चाई क्या सामने आती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments