Thursday, February 19, 2026
HomeUncategorizedदहेज के दानव ने फिर ली एक जान: बलिया में नवविवाहिता की...

दहेज के दानव ने फिर ली एक जान: बलिया में नवविवाहिता की हत्या, तीन गिरफ्तार, पति फरार

बलिया,( राष्ट्र की परम्परा) देश में चाहे जितने भी सख्त कानून बना लिए जाएं, लेकिन दहेज की लालच और उससे जुड़ी वीभत्स घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के कोटवा गांव से सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय नवविवाहिता सपना चौहान की कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर हत्या कर दी गई। मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

पुलिस के अनुसार, सपना का शव शुक्रवार को उसके ससुराल के एक कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश की गई, लेकिन मृतका के परिजनों की शिकायत के बाद पूरा मामला बदल गया।

मनियर थाना प्रभारी रत्नेश दूबे ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के नाना बब्बन चौहान की शिकायत पर सपना के पति नरेंद्र चौहान, ननद चम्पा देवी और दो जेठानियों पूजा देवी एवं रीना देवी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं व दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायत में बब्बन चौहान ने आरोप लगाया कि उनकी नातिन सपना की शादी 2 मार्च 2025 को कोटवां निवासी नरेंद्र चौहान से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार की गई थी। शादी में उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया था, बावजूद इसके सपना को ससुराल पक्ष द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। जब परिवार ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ननद चम्पा देवी, और जेठानियों पूजा देवी एवं रीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सपना का पति नरेंद्र चौहान अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments