Thursday, March 12, 2026
HomeNewsbeatविशेष पुनरीक्षण अभियान: मतदाता पंजीकरण पर जागरूकता कार्यक्रम

विशेष पुनरीक्षण अभियान: मतदाता पंजीकरण पर जागरूकता कार्यक्रम

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ मंगलवार को प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे युवक-युवतियों को मतदाता सूची में शामिल करना था, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं हो सका है।

कार्यक्रम में बीएलओ, राजस्व कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदाता पंजीकरण कराएंगे और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदान सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।

अभियान का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश, एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार वर्मा तथा महाविद्यालय समन्वयक विजय कुमार राय की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और नाटक के माध्यम से मतदान के महत्व पर प्रभावशाली संदेश दिया।

अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल है। उन्होंने पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में बीएलओ के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।

ये भी पढ़ें – PHC में लापरवाही: बाहरी व्यक्ति मरीजों को बांटता रहा दवा

एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूरी गंभीरता से किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर ऑनलाइन दर्ज की जा सकती हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मतदान न केवल अधिकार है, बल्कि नागरिकों का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करता है।
कार्यक्रम में तहसीलदार सदर आनंद कुमार ओझा, नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी, राजेश पांडेय, एग्जीक्यूटिव हेड दिनेश चंद पांडे, प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी, नागेंद्र सिंह, रितेश त्रिपाठी, कानूनगो चंद्रभूषण, अर्जुन पाठक, रामचरण कन्नौजिया सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें – महराजगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर शक्ति प्रदर्शन

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments