Wednesday, April 22, 2026
HomeNewsbeatस्कूली वाहनों की सुरक्षा के लिए 1 से 15 अप्रैल तक विशेष...

स्कूली वाहनों की सुरक्षा के लिए 1 से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान, ऑनलाइन पोर्टल शुरू

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)l स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शासन ने स्कूली वाहनों के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप की शुरुआत की है। इसके तहत 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक जनपद में स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्कूली वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।
परिवहन विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल से पोर्टल पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और सभी विद्यालयों को इसका लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन को अपने सभी वाहनों का विवरण अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करना होगा। वाहन संख्या दर्ज करते ही VAHAN-4.0 से संबंधित दस्तावेज जैसे फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और परमिट की जानकारी स्वतः प्रदर्शित होगी। वहीं चालक का ड्राइविंग लाइसेंस नंबर डालने पर सारथी पोर्टल से उसका विवरण प्राप्त हो सकेगा।
विद्यालयों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी चालकों का चरित्र सत्यापन संबंधित थाने से कराया जाए और उसकी प्रति पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके अलावा वाहनों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन खिड़की, फर्स्ट-एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरा और स्पीड गवर्नर जैसी सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। यह व्यवस्था विद्यालय के स्वयं के वाहनों के साथ-साथ अनुबंधित और अभिभावकों द्वारा संचालित वाहनों पर भी लागू होगी।
प्रबंधन को एक शपथपत्र भी अपलोड करना होगा कि उनके सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। जिन विद्यालयों में कोई वाहन संचालित नहीं है, उन्हें भी इसकी सूचना पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। अभिभावकों के लिए ‘Know Your Bus’ सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे अपने बच्चों को ले जाने वाले वाहन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और किसी भी प्रकार की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर पाएंगे।
इस पोर्टल की निगरानी शासन स्तर से लेकर जिला स्तर तक की जाएगी। प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, परिवहन अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी अपने-अपने लॉगिन के माध्यम से इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। किसी वाहन में कमी पाए जाने पर पोर्टल पर रेड फ्लैग के जरिए चेतावनी दी जाएगी।
इसके अलावा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान तहसील स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर वाहनों का भौतिक और तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी कराया जाएगा, जिससे स्कूली परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधनों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर सभी आवश्यक सूचनाएं समय से अपलोड कर अभियान को सफल बनाएं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments