ढाबे पर खाना खा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, देवरिया में सनसनी—सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर डिपो के पास एक ढाबे पर खाना खा रहे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान सोपरी गांव निवासी पप्पू यादव (38) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव पिछले कई महीनों से परदेस में रहकर मजदूरी करता था और करीब छह माह बाद दो दिन पहले ही अपने घर लौटा था। परिवार के साथ समय बिताने के बाद वह रविवार रात पुनः बाहर जाने के लिए निकला था।
रास्ते में वह बैतालपुर स्थित एक ढाबे पर भोजन करने के लिए रुका। इसी दौरान पहले से उसका पीछा कर रहे तीन युवक वहां पहुंचे और बिना किसी विवाद के उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, जबकि पप्पू यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें – भारत की सुरसम्राज्ञी आशा भोसले का अवसान: एक युग का अंत, एक अमर धरोहर की शुरुआत
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने गांव के ही कुछ युवकों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरेराम यादव भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें – IPL 2026: RCB की दमदार जीत, MI को 18 रनों से हराया
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग देर रात बाहर निकलने से बच रहे हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
