Saturday, January 17, 2026
HomeNewsbeatजम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ, सांबा–राजौरी–पुंछ में हाई अलर्ट, सेना ने...

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ, सांबा–राजौरी–पुंछ में हाई अलर्ट, सेना ने की फायरिंग

जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार शाम अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) और नियंत्रण रेखा (LoC) से सटे इलाकों में पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, ड्रोन भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए, कुछ देर तक मंडराते रहे और फिर वापस पाकिस्तान की दिशा में लौट गए। घटना के बाद सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

नौशेरा सेक्टर में ड्रोन पर सेना की फायरिंग

राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में LoC के पास गनिया-कलसियां गांव के ऊपर शाम करीब 6:35 बजे ड्रोन की गतिविधि नजर आई। ड्रोन को देखते ही सेना के जवानों ने मशीनगनों से फायरिंग की, जिसके बाद ड्रोन पीछे हट गया।

तेरयाथ और कलाकोट में भी दिखे ड्रोन

इसी दौरान राजौरी जिले के तेरयाथ क्षेत्र के खब्बर गांव में एक अन्य ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। यह ड्रोन कलाकोट के धरमसाल गांव की दिशा से आया और आगे भरख की ओर बढ़ गया। ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट लगी हुई थी, जिससे उसकी पहचान हुई।

सांबा के रामगढ़ सेक्टर में कई मिनट तक मंडराता रहा ड्रोन

सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के चक बबराल गांव के ऊपर शाम करीब 7:15 बजे एक ड्रोन जैसा उड़ने वाला डिवाइस कई मिनट तक मंडराता रहा। इसके बाद वह पाकिस्तान की ओर लौट गया।

ये भी पढ़ें – महर्षि महेश योगी: आंतरिक चेतना से वैश्विक शांति तक का आध्यात्मिक प्रवास

पुंछ के मनकोट सेक्टर में भी संदिग्ध हरकत

पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में LoC के पास शाम करीब 6:25 बजे तैन से टोपा की ओर जाते हुए एक और ड्रोन जैसा ऑब्जेक्ट देखा गया। यहां भी ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट नजर आई।

पहले भी ड्रोन से गिराया गया था हथियारों का जखीरा

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार रात सांबा जिले के घगवाल क्षेत्र के पलौरा गांव में सुरक्षा बलों ने ड्रोन के जरिए गिराया गया हथियारों का जखीरा बरामद किया था। अधिकारियों के अनुसार, यह ड्रोन भी पाकिस्तान से आया था। बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक ग्रेनेड शामिल था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

लगातार हो रही ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमा से सटे इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और ड्रोन के जरिए हथियार गिराने या घुसपैठ की हर आशंका की गहन जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें – भारत की 2026 की धमाकेदार शुरुआत: कोहली के 93 रन, गिल का अर्धशतक, न्यूजीलैंड 4 विकेट से पराजित

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments