गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)सूर्यकुण्ड से डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन होते हुए हावर्ड बंधा तक प्रस्तावित टू-लेन सड़क के नव निर्माण को लेकर मंडलायुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने की। इस दौरान परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि यह सड़क परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन को सुगम, सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक समन्वय और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश झा ने निर्माण कार्य के दौरान स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया, वहीं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) विकास यादव ने पर्यावरणीय पहलुओं, वृक्षों की कटाई एवं प्रतिपूरक वृक्षारोपण से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी दी।बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का लाभ शीघ्र आम जनता को मिल सके।
