गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)।भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने गोरखपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:35 बजे की गई, जिसने विभागीय हलकों में हड़कंप मचा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण मंडल द्वितीय में तैनात टेंडर बाबू अभिषेक भारती पर ठेकेदार से अवैध धनराशि मांगने का आरोप था। ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी की जमानत धनराशि (एफडीआर) रिलीज करने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की, जिसके बाद गोपनीय जांच कर आरोपों की पुष्टि की गई।
ये भी पढ़ें – पिंक कार्ड अभियान से पूर्वांचल की महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संरक्षण मिलेगा: कुलपति प्रो. पूनम टंडन
पूर्व नियोजित ट्रैप योजना के तहत जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, मौके पर तैनात एंटी करप्शन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अभिषेक भारती को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद टीम ने विद्युत वितरण मंडल द्वितीय स्थित कार्यालय को सील कराया और आरोपी को कैंट थाना ले जाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस घटनाक्रम से स्तब्ध नजर आए।
ये भी पढ़ें – अपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश, डीआईजी एस. चेनप्पा ने किया व्यापक निरीक्षण
एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विभागीय स्तर पर भी निलंबन व अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
इस कार्रवाई को आम जनता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे
