महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद महराजगंज में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के बीच सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण अंचलों में रहने वाले असहाय, गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और बेसहारा लोगों को झेलनी पड़ रही है। रात और सुबह के समय शीतलहर इतनी तीव्र हो गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। हालात को देखते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों से प्रशासन से कंबल वितरण की मांग तेज हो गई है।
सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के ग्राम प्रधान व समाजसेवी विवेक प्रताप सिंह उर्फ निक्कू सिंह ने बताया कि ठंड का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। बागापार के साथ-साथ परासखाड़, बेलवा काजी, विजयपुर, बड़हरा राजा, कटहरा समेत आसपास की कई ग्राम पंचायतों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोग ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त साधन नहीं जुटा पा रहे हैं।
वहीं मिठौरा ब्लॉक के ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में आने वाले बसंतपुर राजा, परसा राजा, नदुआं बाजार, रेंहाव, बेलभरियां, बरवा राजा, चैनपुर, दरहटा, गौनरियां राजा सहित कई गांवों में बुजुर्ग और बीमार लोगों की हालत और भी खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण वृद्धों को जोड़ों के दर्द, सर्दी-खांसी और सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था जरूर की गई है, लेकिन वह जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले मजदूर, दिहाड़ी कामगार, वृद्ध और गंभीर रूप से बीमार लोग ठंड से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। रात के समय ठंड असहनीय हो जाती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ गया है। ऐसे में समय रहते राहत सामग्री नहीं पहुंची तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह और दिनेश चंद्र मिश्र सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि शीतलहर को देखते हुए गांव-गांव सर्वे कर वास्तविक जरूरतमंदों की सूची तैयार की जाए और सभी चिन्हित असहायों को तत्काल कंबल व अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि गरीब और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
