Sunday, February 15, 2026
HomeUncategorizedरक्षाबंधन पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं, स्नेह और सौहार्द बनाए रखने का...

रक्षाबंधन पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं, स्नेह और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती और कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने इस अवसर को भाई-बहन के अटूट रिश्ते, स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताते हुए सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “स्नेह की पवित्र गांठ, विश्वास की मौन प्रतिज्ञा, भाई-बहन के अटूट प्रेम की जीवंत अभिव्यक्ति रक्षाबंधन की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। रक्षासूत्र की नन्ही डोर सिर्फ कलाई नहीं बांधती, आत्मा को जोड़ती है। यह हर युग में मर्यादा और आत्मीयता की अमर गाथा बुनती है।”

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पावन अवसर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह एवं सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। आइए, इस पर्व पर हम आपसी प्रेम, विश्वास एवं पारिवारिक मूल्यों को और भी सुदृढ़ बनाने का संकल्प लें।”

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बधाई संदेश में कहा, “भाई-बहन के आपस के पवित्र रिश्ते एवं प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन के त्योहार की देश के समस्त भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। लोग इसकी पवित्रता को बनाये रखते हुए पूरे सौहार्द व उमंग के साथ मनाएं।”

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने ‘एक्स’ पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, “रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह, सम्मान और समर्पण का यह पावन पर्व आपके जीवन को सुख, शांति और समृद्धि की मधुर सुगंध से भर दे और आपके हर कदम को सफलता और खुशहाली की ओर ले जाए।”

रक्षाबंधन के अवसर पर सभी दलों के नेताओं ने भाई-बहन के रिश्ते की पवित्रता, पारस्परिक विश्वास और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments