बिहार में एनकाउंटर: बाढ़ में कुख्यात अपराधी प्रभात कुमार घायल, पुलिस की जवाबी कार्रवाई तेज
पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र के धर्मपुरा इलाके में शनिवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी प्रभात कुमार पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे पैर में गोली लगी है।
ये भी पढ़ें – विश्वविद्यालय, सत्ता और साहित्य की अपमानित गरिमा
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही बाढ़ थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी अभियान चलाया। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली प्रभात कुमार के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे पहले बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें – देवरिया में संघ स्वयंसेवकों की सराहनीय पहल
घटना के बाद बाढ़ थाना पुलिस ने फिलहाल आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले को लेकर विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने स्पष्ट कहा था कि पुलिस का पहला दायित्व जनता की सुरक्षा है। यदि अपराधी हथियार उठाते हैं तो पुलिस भी सख्ती से जवाब देगी। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पटना समेत पूरे बिहार में अपराध के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
बिहार में लगातार हो रहे ऐसे एनकाउंटर यह संकेत दे रहे हैं कि राज्य पुलिस अब अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के मूड में है।
