
एक साल से नहीं उठा कचरा, नूरमोईउद्दीनपुर में गंदगी का अंबार; त्योहारों से पहले लोगों में बढ़ी चिंता
फुलवारी शरीफ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। फुलवारी शरीफ प्रखंड की सकरैचा पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित नूरमोईउद्दीनपुर में करीब एक साल से घरेलू कचरे का नियमित उठाव नहीं होने से सफाई व्यवस्था बदहाल हो गई है। शिवनगर बांध के पास पुनपुन स्टैंड के आसपास सड़क किनारे और खाली स्थानों पर जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हैं। इससे स्थानीय लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लंबे समय से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। घरों से निकलने वाले कचरे के निस्तारण की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे और आसपास खाली पड़ी जगहों पर कचरा रखने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों में भी घरेलू कचरा उठाव की व्यवस्था लंबे समय तक नियमित नहीं रही। करीब छह महीने तक व्यवस्था ठीक ढंग से चलने के बाद धीरे-धीरे यह फिर प्रभावित हो गई। पिछले लगभग एक वर्ष से स्थिति पूरी तरह खराब है और कचरा उठाव लगभग बंद पड़ा है।
इलाका अब काफी विकसित हो चुका है और शहरी क्षेत्र जैसी आबादी एवं बसावट के बावजूद कचरा निस्तारण के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं है। नतीजतन गंदगी सड़क किनारे फैल रही है और दुर्गंध से आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नवरात्र, दीपावली और छठ महापर्व से पहले विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरा तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान इलाके में लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, ऐसे में यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ सकती है।
पटना महानगर के सचिव एवं पूर्व मुखिया संतोष सिंह ने कहा कि लंबे समय से कचरा उठाव बाधित होने की समस्या को लेकर स्थानीय लोग परेशान हैं। त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत भेजी जाएगी।
वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मिश्रा ने समस्या की जानकारी होने की बात कही है। उन्होंने जल्द ही कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है।
