Wednesday, March 4, 2026
HomeUncategorizedईरान-इज़राइल संघर्ष के बीच भारत का 'ऑपरेशन सिंधु': 3426 भारतीयों की सुरक्षित...

ईरान-इज़राइल संघर्ष के बीच भारत का ‘ऑपरेशन सिंधु’: 3426 भारतीयों की सुरक्षित वापसी

नई दिल्ली,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) ईरान और इज़राइल के बीच छिड़े भीषण संघर्ष के बीच भारत ने एक बार फिर अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत सफल निकासी अभियान चलाया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात ईरानी शहर मशहद से एक विशेष उड़ान के जरिए 272 भारतीय और 3 नेपाली नागरिकों को स्वदेश वापस लाया गया। यह विशेष विमान 26 जून की आधी रात के बाद 00:01 बजे नई दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक कुल 3426 भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। मंगलवार और बुधवार को इस मिशन ने और गति पकड़ी, जब ईरान से दो चार्टर्ड उड़ानों में 573 भारतीयों के साथ 3 श्रीलंकाई और 2 नेपाली नागरिकों को भी निकाला गया।

इससे पहले मंगलवार को भारत ने ईरान और इज़राइल से कुल 1100 से अधिक लोगों की निकासी की थी। इनमें इज़राइल से स्थल मार्ग के जरिए जॉर्डन और मिस्र पहुंचाए गए 400 से अधिक भारतीय शामिल हैं, जिन्हें भारतीय वायुसेना के C-17 भारी-भरकम विमान की मदद से स्वदेश लाया गया। साथ ही, अम्मान (जॉर्डन) से 161 भारतीयों को एक चार्टर्ड फ्लाइट द्वारा भारत लाया गया, जो सड़क मार्ग से इज़राइल से निकलकर राजधानी अम्मान पहुंचे थे।

भारत सरकार की यह त्वरित और समन्वित कार्रवाई ऐसे समय में की गई जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है। बीते एक सप्ताह में ईरान और इज़राइल के बीच हुए संघर्ष में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सैकड़ों मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं। बुधवार सुबह अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर बमबारी किए जाने के बाद हालात और बिगड़ गए हैं।

भारत सरकार ने इस संकट के बीच अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है और लगातार दूतावासों, स्थानीय प्रशासन, भारतीय वायुसेना और चार्टर्ड फ्लाइट्स की मदद से निकासी अभियान चलाया जा रहा है।

ऑपरेशन सिंधु एक बार फिर साबित करता है कि संकट की घड़ी में भारत अपने नागरिकों को हर हाल में सुरक्षित घर लाने के लिए हरसंभव कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments