
मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। पिछले कुछ दिनों से मुंबई में हो रही बारिश के कारण अनेक इलाकों में बाढ़ की समस्या खड़ी हो गई है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने भाजपा प्रतिनिधि मंडल के साथ मनपा आयुक्त भूषण गगरानी के साथ बैठक की। बैठक में नालों की अपर्याप्त सफाई, मीठी नदी में कचरा निकालने का अधूरा काम ब्रिमस्टोवड प्रकल्प का शुरू न होना,खराब जर्जर सड़कें, निजी जमीन पर खतरनाक पेड़ों की छंटाई, खतरनाक इमारतों और भूस्खलन की पुनरावृत्ति, पहाड़ियों के किनारे की बस्तियों पर मंडरा रहे खतरे , अपर्याप्त पंपिंग स्टेशन और अस्थायी पंप लगाने में अकार्यक्षमता के बारे में अनेक मुद्दों के बारे में आयुक्त को अवगत कराया गया। इसके अलावा मुंबईकरों की ओर से निवेदन दिया गया। इसके अलावा पिछले 20 वर्षों में नालों, मीठी नदी, ब्रिमस्टोवड से संबंधित 1 लाख करोड़ रुपये के खर्च पर तुरंत श्वेत पत्र प्रकाशित करने की भी मांग की गई। मनपा आयुक्त से इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई ।कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए और निर्देश दिए कि कुछ निर्णय तुरंत लिए जाएं।
इस अवसर पर मंत्री आशीष शेलार के साथ गट नेता प्रभाकर शिंदे, विनोद मिश्रा, पूर्व नगरसेविका आशा ताई मराठे रवि राजा, कमलेश यादव, रीता मकवाना, प्रकाश गंगाधर, हर्षिता नार्वेकर, रोहिदास लोखंडे उपस्थित थे।
