गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता के दौर में गोरखपुर के युवाओं ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए “नेचर्स सैंडविच” नाम से हेल्थ-बेस्ड फूड स्टार्टअप की शुरुआत की। इस फूड कार्ट का शुभारंभ दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, प्रो. एस.एस. दास, डॉ. सी.पी. अग्रवाल एवं अचिंत्य लाहिड़ी की उपस्थिति रही।
इस स्टार्टअप का मार्गदर्शन गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. दिव्या रानी सिंह द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में यह पहल सफलतापूर्वक साकार हुई। यह स्टॉल नियमित रूप से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने लगाया जाएगा, जिससे छात्रों और स्थानीय लोगों को हेल्दी फूड विकल्प उपलब्ध हो सके।
इस स्टार्टअप की स्थापना अभिनव सिंह (एम.एससी. फूड टेक्नोलॉजी, अंतिम वर्ष) ने अपने सहयोगियों शिवम सिंह, मनीष सिंह एवं निर्भय सिंह के साथ मिलकर की है। लगभग 1 लाख रुपये की लागत से शुरू किए गए इस उद्यम का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करना भी है।
“नेचर्स सैंडविच” की सबसे बड़ी विशेषता इसका हेल्थ-फोकस्ड कॉन्सेप्ट है, जहां कम वसा में सैंडविच तैयार किए जाते हैं और ताजी सब्जियों का उपयोग किया जाता है। बढ़ते फास्ट फूड कल्चर के बीच यह पहल स्वादिष्ट, पौष्टिक और संतुलित आहार का बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ नवाचार और उद्यमिता को अपनाने वाले युवा न केवल आत्मनिर्भर बनते हैं, बल्कि समाज को भी नई दिशा देते हैं। उन्होंने इसे स्वास्थ्य और रोजगार दोनों के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्रो. दिव्या रानी सिंह ने बताया कि इस स्टार्टअप की प्रेरणा लोगों को गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने से मिली। यह पहल युवाओं की उद्यमशीलता के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और स्वस्थ भोजन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू डॉ. अनुभूति दुबे, डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. अनुपमा कौशिक, डॉ. नीता सिंह, डॉ. गार्गी, डॉ. गरिमा यादव सहित गृह विज्ञान विभाग की शोध छात्राएं उपस्थित रहीं।
