देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना रहा।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने पिछली किसान दिवस बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी किसानों के सामने प्रस्तुत की। इस दौरान किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कड़े निर्देश दिए।
रतनपुरा क्षेत्र के किसानों ने क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी के कारण उपज बेचने में आ रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल सभी क्रय केंद्रों पर बोरे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कई किसानों ने जंगली नीलगायों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या भी रखी, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हथिनी से सरवा मार्ग की खराब स्थिति को लेकर भी मरम्मत की मांग की गई।
डुमरांव क्षेत्र के एक किसान ने खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप की शिकायत की, जिस पर संबंधित विभाग को जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण 7 कार्य दिवस के भीतर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों के समाधान में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंत में जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में सभी कृषि योजनाओं का लाभ इसी के माध्यम से मिलेगा। बिना फार्मर आईडी के किसान सरकारी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
किसान दिवस कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, समाधान के दिए गए सख्त निर्देश
RELATED ARTICLES
