
चुनाव के दौरान बैंकों से लेन-देन पर कड़ी निगरानी रखने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। लोकसभा सामान्य निर्वाचन हेतु प्रत्याशियों,अभ्यर्थियों द्वारा बैंक स्तर पर की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा द्वारा बैठक की गई।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैंकर्स को प्रत्याशियों,अभ्यर्थियों द्वारा नया बैंक खाता खोलने हेतु प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल चेकबुक उपलब्ध कराने का निर्देश गया। उन्होंने कहा कि बैंक कैश वैन में नकदी के स्थानांतरण के दौरान क्यूआर कोड आधारित पावती को जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि वैन में तैनात कर्मचारियों का पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। उन्होंने ने कहा कि सभी बैंक सुषुप्त खातों की सूची उपलब्ध कराएं। इन खातों पर नजर रखें और चुनाव के दौरान इनमे होने वाले लेन-देन की कड़ी निगरानी करें। एक लाख से अधिक के लेन-देन की मॉनिटरिंग का भी निर्देश दिया। बैंकर्स संदिग्ध लेन-देन की सूचना से जिला निर्वाचन कार्यालय को तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने चुनाव को शुचितापूर्ण रखने हेतु सभी जरूरी प्रयास करने का निर्देश बैंकर्स को दिया।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रकाश तथा विभिन्न बैंकों के बैंकर्स आदि उपस्थित रहें।
