Thursday, February 19, 2026
HomeUncategorizedमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल्ली दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल्ली दौरा

संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अहम बैठक संभव

लखनऊ/दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर से करवट लेती दिख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर 3 बजे दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। यह दौरा राज्य की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विचार-विमर्श होने की संभावना है। वर्तमान अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, ऐसे में पार्टी अब नए नेतृत्व के लिए विकल्पों पर मंथन कर रही है।

इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार पर भी बातचीत हो सकती है। लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही है और कई नए चेहरों को मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की अटकलें हैं।

इससे पहले यूपी के दोनों डिप्टी सीएम — केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक — भी दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर चुके हैं। ऐसे में योगी आदित्यनाथ का दौरा संगठन और सरकार के भावी स्वरूप को लेकर निर्णायक माना जा रहा है।

भाजपा के रणनीतिकार 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद अब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुट गए हैं। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और सामाजिक समीकरणों को साधना, इन बैठकों के प्रमुख एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद प्रदेश भाजपा में बड़े बदलाव की आधिकारिक घोषणा भी जल्द हो सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments