Friday, March 13, 2026
Home Blog Page 8

मीठे कड़वे बोल : झोल या अनमोल

किसी के बोल में मिठास होती है,
पर उसकी नियत में खोट होती है,
किसी किसी के बोल कड़वे होते हैं,
पर उनकी नियत अनमोल होती है।

भाई साहब यह दुनिया तो गोल है,
यहाँ अक्सर सबके डबल रोल हैं,
कोई अपना बनकर झाँसा देता है,
कोई बिना झाँसे के ही लूट लेता है।

धर्म के नाम की यहाँ माला जपते हैं,
धर्म को धर्म से वही जुदा भी करते हैं,
धर्म स्वार्थ का समर्थन नहीं करता है,
धर्म सबको त्याग हेतु प्रेरित करता है।

धर्म की राह पर आगे बढ़कर तो देखो
अर्थ और काम से मोक्ष मिल जाता है,
धर्म से प्रेम व द्वेष त्याग कर तो देखो,
अच्छा इंसान हर मोड़ पर मिलता है।

ज़िन्दगी अपना रूप बदलती रहती है,
इसलिए अभिमान से बचना चाहिये,
बुलंदियों पर पहुँचना अच्छी बात है,
पर उसके बाद गुनाह एक बड़ा पाप है।

सारे झगड़े ऐसे खत्म कर देना चाहिए
बिना दोष के भी हाथ जोड़ना चाहिये,
हाथ जोड़ने से तनाव ख़त्म होते हैं,
दूरियाँ मिट जाती, रिश्ते सुदृढ़ होते हैं।

मैं को यदि हम में बदल सकते हों,
और हम अहम् से दूर रह सकते हों,
तो विपरीत समय भी साथ निभाता है,
वरना समय नामोंनिशाँ मिटा देता है।

अनुभव कहता है कि बोल मीठे न हों
तो अक्सर हिचकियाँ भी नहीं आती हैं,
बिना मिठास आदित्य इंसान क्या,
घर में चींटियाँ भी नहीं आती हैं।

डा. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’

पुलिस का ‘मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान’, सुबह 5 से 8 बजे तक 13 स्थानों पर जांच, 234 लोग और 125 वाहन चेक

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने शुक्रवार को विशेष मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुबह 5 बजे से 8 बजे तक यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाना रहा। पुलिस टीमों ने पार्कों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी दी। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई स्थानों पर वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की गई।चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और वाहनों की तलाशी ली। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विशेष रूप से तीन सवारी चलने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों और अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने अवैध असलहा और मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर भी सतर्कता बरती।अभियान के दौरान जनपद के कुल 13 स्थानों पर पुलिस टीमों ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान 234 व्यक्तियों और 125 वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ता है। पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि जनपद में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।

आधुनिक दौड़ में खोती संवेदनाएं: भौतिक चमक के बीच जीवन का असली अर्थ समझने की जरूरत

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। आज का समय तेज रफ्तार, कड़ी प्रतिस्पर्धा और भौतिक उपलब्धियों की दौड़ का समय बन गया है। विज्ञान और तकनीक ने मनुष्य के जीवन को पहले से अधिक सुविधाजनक जरूर बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही जीवन की जटिलताएं भी बढ़ी हैं। हर व्यक्ति सफलता, प्रतिष्ठा और आर्थिक समृद्धि पाने की निरंतर कोशिश में लगा है। इस भागदौड़ में मनुष्य अक्सर जीवन के वास्तविक अर्थ और उसके गहरे दर्शन को समझने से दूर होता जा रहा है।

जीवन वास्तव में एक निरंतर चलने वाली यात्रा है, जिसमें हर अनुभव कुछ न कुछ सिखाने की क्षमता रखता है। कभी यह सुख और उपलब्धियों का एहसास कराता है तो कभी चुनौतियों और कठिनाइयों के रूप में हमारी परीक्षा लेता है। सफलता हमें आत्मविश्वास देती है, जबकि असफलता हमें धैर्य, संयम और आत्मचिंतन का अवसर प्रदान करती है। जो व्यक्ति इन अनुभवों से सीख लेता है, वही जीवन के वास्तविक अर्थ को समझ पाता है।

आधुनिक समाज में भौतिकता का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। धन, पद और प्रतिष्ठा की चाह ने मनुष्य की प्राथमिकताओं को बदल दिया है। लोग अपने लक्ष्यों को पाने की दौड़ में इतने व्यस्त हो गए हैं कि रिश्तों की गर्माहट, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के लिए समय ही नहीं बच पा रहा है। परिणामस्वरूप जीवन में सुविधाएं बढ़ने के बावजूद मानसिक तनाव, असंतोष और अकेलेपन की भावना भी बढ़ती जा रही है।

ये भी पढ़े – रूसी तेल पर भारत को राहत: अमेरिका ने दी 30 दिन की छूट, मॉस्को से जारी रह सकेगी खरीद

जीवन का दर्शन हमें यह सिखाता है कि वास्तविक सुख बाहरी उपलब्धियों में नहीं, बल्कि मन की शांति, संतुलन और संतोष में छिपा होता है। जब मनुष्य अपने भीतर संतुलन स्थापित कर लेता है, तब वह परिस्थितियों से प्रभावित होने के बजाय उन्हें समझदारी से संभालने में सक्षम हो जाता है। यही आंतरिक संतुलन जीवन को सार्थक बनाता है और व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत करता है।

जीवन का एक महत्वपूर्ण सत्य यह भी है कि संघर्ष से घबराना नहीं चाहिए। कठिनाइयां ही मनुष्य को मजबूत बनाती हैं और उसके व्यक्तित्व को निखारती हैं। इतिहास इस बात का साक्षी है कि जिन्होंने जीवन की चुनौतियों का साहस और धैर्य के साथ सामना किया, वही आगे चलकर समाज के लिए प्रेरणा बने।

मानवीय मूल्यों की दृष्टि से भी जीवन का दर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। करुणा, सहानुभूति, ईमानदारी, सहयोग और परस्पर सम्मान जैसे गुण समाज को मजबूत बनाते हैं। जब समाज में ये मूल्य मजबूत होते हैं, तब आपसी विश्वास और सामाजिक समरसता भी बढ़ती है। लेकिन जब स्वार्थ और अहंकार का प्रभाव बढ़ने लगता है, तब समाज में तनाव और विघटन की स्थिति पैदा हो जाती है।

ये भी पढ़े – राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पराविधिक स्वयंसेवकों को निर्देश

आज दुनिया कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। पर्यावरणीय संकट, सामाजिक असमानता और बढ़ता मानसिक तनाव हमें यह संकेत देते हैं कि विकास की दौड़ में संतुलन कहीं न कहीं खोता जा रहा है। जीवन का दर्शन हमें यह याद दिलाता है कि मनुष्य केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने के लिए बना है।

अंततः जीवन हमें यही सिखाता है कि हर परिस्थिति में संतुलन बनाए रखना, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना और मानवता के मूल्यों को जीवित रखना ही सच्ची सफलता है। यदि मनुष्य जीवन को केवल उपलब्धियों का माध्यम न मानकर एक गहरे अनुभव के रूप में समझ ले, तो यही समझ आधुनिक समय की सबसे बड़ी सीख बन सकती है।

ये भी पढ़े – सैमसन का तूफान, बुमराह का कमाल! इंग्लैंड को हराकर भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में

रूसी तेल पर भारत को राहत: अमेरिका ने दी 30 दिन की छूट, मॉस्को से जारी रह सकेगी खरीद

वॉशिंगटन (राष्ट्र की परम्परा)। भारत को रूसी तेल खरीद को लेकर बड़ी राहत मिली है। United States ने India को समुद्र में फंसे Russia के कच्चे तेल को खरीदने के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट देने का फैसला किया है। यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के इस फैसले की जानकारी Scott Bessent ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने कहा कि यह छूट अस्थायी है और इसका मकसद वैश्विक तेल बाजार में आपूर्ति को स्थिर बनाए रखना है।

अमेरिकी तेल खरीद की उम्मीद

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यह फैसला उस दबाव को कम करने के लिए लिया गया है, जो Iran से जुड़े हालात के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है। साथ ही अमेरिका को उम्मीद है कि आने वाले समय में भारत अमेरिकी कच्चे तेल की खरीद बढ़ा सकता है।

ये भी पढ़े – सैमसन का तूफान, बुमराह का कमाल! इंग्लैंड को हराकर भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में

भारतीय कंपनियां खरीद रहीं रूसी तेल

समाचार एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण तेल आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में भारतीय रिफाइनरियां तुरंत डिलीवरी वाले रूसी कच्चे तेल के कार्गो खरीद रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय कंपनियां लाखों बैरल रूसी तेल खरीदने की प्रक्रिया में हैं, ताकि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सके।

रूस ने भारत को दिया भरोसा

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच रूस ने भारत को आश्वासन दिया है कि यदि क्षेत्र से तेल की आपूर्ति प्रभावित होती है तो वह भारत को करीब 95 लाख बैरल कच्चा तेल उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
यह घोषणा ऐसे समय में सामने आई है जब वैश्विक बाजार में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है और भारत अपने रणनीतिक भंडार को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहा है।

ये भी पढ़े – यूपी में इको टूरिज्म को मिलेगा नया पंख, सरकार ने लॉन्च किया ‘UP Eco Tourism’ मोबाइल ऐप

यूपी में इको टूरिज्म को मिलेगा नया पंख, सरकार ने लॉन्च किया ‘UP Eco Tourism’ मोबाइल ऐप

संत कबीर नगर/लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में UP Eco Tourism App लॉन्च किया गया है। यह ऐप प्रदेश के विभिन्न प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा, जिससे पर्यटक आसानी से जंगलों, नदियों, झरनों और वन्यजीव अभयारण्यों से जुड़े पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री Jaiveer Singh ने बताया कि डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित यह ऐप पर्यटन क्षेत्र में एक नई पहल है। इसके माध्यम से पर्यटक प्रकृति के करीब पहुंचने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह ऐप शुरुआती चरण में है और समय-समय पर इसमें नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।

मोबाइल ऐप के जरिए उपयोगकर्ता प्रदेश के इको टूरिज्म स्थलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें फोटो, वीडियो, मार्ग विवरण, आसपास के प्रमुख आकर्षण, गंतव्य तक पहुंचने के रास्ते और यात्रा के लिए उपयुक्त समय जैसी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय उद्यान, वेटलैंड्स, नेचर ट्रेल्स, फॉरेस्ट सर्किट, ग्रामीण पर्यटन और नदी आधारित गतिविधियों को भी आसानी से खोजा जा सकेगा।

ऐप में जीपीएस आधारित स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर भी जोड़े गए हैं, जिससे पर्यटक अपनी लोकेशन के अनुसार नजदीकी इको टूरिज्म स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। टर्न-बाय-टर्न दिशा-निर्देश और ऑफलाइन मैप की सुविधा कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी।

ये भी पढ़े- होली पर भी चला कागजी फावड़ा! मनरेगा में फर्जी हाजिरी का बड़ा खेल

इसके साथ ही ऐप में एआई आधारित इटिनेररी प्लानर की सुविधा दी गई है, जो उपयोगकर्ता की रुचि, उपलब्ध समय और स्थान के आधार पर व्यक्तिगत यात्रा योजना तैयार करता है। कम्युनिटी और रिव्यू सेक्शन के जरिए यात्री अपने अनुभव साझा कर सकते हैं और अन्य पर्यटकों की राय भी पढ़ सकते हैं।

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ऐप में एसओएस इमरजेंसी फीचर भी शामिल किया गया है। इसमें एक-टैप अलर्ट, ऑटो लोकेशन शेयरिंग, आपातकालीन संपर्क सूची और ऑफलाइन एसएमएस सपोर्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। साथ ही रियल-टाइम नोटिफिकेशन के माध्यम से मौसम संबंधी अलर्ट, नए पर्यटन स्थलों की जानकारी और आवश्यक सलाह भी मिलती रहेगी।

बताया गया कि इस ऐप का उद्देश्य पर्यटकों को एक ही मंच पर प्रदेश के सभी इको टूरिज्म स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने समय का बेहतर उपयोग करते हुए आसपास के अन्य प्राकृतिक स्थलों के बारे में भी जान सकें। फिलहाल यह ऐप अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है और Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है। जल्द ही इसे हिंदी भाषा और iOS प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़े – सैमसन का तूफान, बुमराह का कमाल! इंग्लैंड को हराकर भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में

सैमसन का तूफान, बुमराह का कमाल! इंग्लैंड को हराकर भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में

0

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।

इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले भारतीय टीम 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में जगह बना चुकी है।

सैमसन की शानदार पारी

भारत के लिए संजू सैमसन ने एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 42 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 89 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
ईशान किशन ने 39 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन की तेज पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।

बेथेल का शतक भी नहीं दिला सका जीत

254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 95 रन पर चार विकेट गिर गए। इसके बाद जैकब बेथेल ने विल जैक्स के साथ मिलकर पारी संभाली।

बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। हालांकि उनकी यह पारी भी इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सकी।

ये भी पढ़े – होली पर भी चला कागजी फावड़ा! मनरेगा में फर्जी हाजिरी का बड़ा खेल

बुमराह और अक्षर ने पलटा मैच

मैच के अहम मोड़ पर जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भारत को वापसी दिलाई। बुमराह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण ओवरों में रन रोककर दबाव बनाया। वहीं अक्षर पटेल ने दो शानदार कैच पकड़कर इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया।

भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।

आखिरी ओवर में रोमांच

इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। भारत की ओर से शिवम दुबे ने आखिरी ओवर डाला। पहली गेंद पर जैकब बेथेल रन आउट हो गए, जिससे मैच पूरी तरह भारत की ओर झुक गया। हालांकि जोफ्रा आर्चर ने दो छक्के लगाए, लेकिन इंग्लैंड जीत से दूर रह गया।
भारत ने 7 रन से मुकाबला जीतकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह पक्की कर ली।

ये भी पढ़े – राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पराविधिक स्वयंसेवकों को निर्देश

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पराविधिक स्वयंसेवकों को निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद के विभिन्न थानों और तहसीलों में तैनात पराविधिक स्वयंसेवकों को लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्राधिकरण के सचिव/न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए आम जनता में इसकी जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने सभी पराविधिक स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों के बीच पैंपलेट वितरित करने, स्टीकर चस्पा करने और सुलह योग्य वादों को चिन्हित कर वादकारियों को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति से विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण किया जाता है, जिससे वादकारियों को त्वरित और सरल न्याय मिल सके। इसलिए अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में लाने के लिए जनजागरूकता जरूरी है।
बैठक के बाद कार्यालय लिपिक राम भवन चौधरी ने सभी पराविधिक स्वयंसेवकों को प्रचार-प्रसार के लिए पैंपलेट और स्टीकर उपलब्ध कराए। बैठक में पराविधिक स्वयंसेवक अरविंद राय, सुरेश चंद्र, जितेंद्र यादव, अनिल राय, प्रियंका, संध्या सोनी, लल्लन, सोनी वर्मा, शैलेन्द्र, त्रिलोकी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

होली पर भी चला कागजी फावड़ा! मनरेगा में फर्जी हाजिरी का बड़ा खेल

जंगल बड़हरा में होली के दिन दिखाया गया मिट्टी कार्य, प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में पारदर्शिता और गरीबों को रोजगार देने के बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जनपद महराजगंज के पनियरा विकासखंड से सामने आया एक मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि होली जैसे बड़े त्योहार के दिन भी कागजों में मनरेगा का काम दिखाकर मजदूरों की फर्जी हाजिरी दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि पनियरा विकासखंड के जंगल बड़हरा गांव में 04 मार्च को होली के दिन, जब पूरा गांव रंग-गुलाल और उत्सव में डूबा था, उसी दिन सरकारी रिकॉर्ड में मजदूरों से मिट्टी कार्य कराए जाने का दावा दर्ज किया गया। ग्रामीणों के अनुसार उस दिन गांव में कहीं भी मनरेगा का कोई कार्य होता दिखाई नहीं दिया।
जानकारी के मुताबिक आईडी संख्या 3152009/RC/958486255823740040 के अंतर्गत चौधरी के खेत से गिरगिटिया गांव के सिवान तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य दर्शाया गया है। इस कार्य के लिए मस्टर रोल संख्या 8652, 8653 और 8654 में कुल 18 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई है। इसी तरह दूसरे कार्य आईडी संख्या 3152009/RC/95848625582374003 के अंतर्गत रामरक्षा के घर से डिंगुरी सिवान तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य दिखाया गया है। इस कार्य के लिए मस्टररोल संख्या- 8527, 8528, 8529, 8530, 8531और 8532 में कुल 48 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है। इस प्रकार दोनों कार्यों में मिलाकर कुल 66 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज होने से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि होली के दिन गांव में कहीं भी मनरेगा का काम नहीं हुआ। ऐसे में रिकॉर्ड में मजदूरों की हाज़िरी दर्ज होना कागजी खेल और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका को मजबूत करता है।
इस मामले को लेकर यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इस कथित कार्य की जानकारी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को थी या फिर स्थानीय स्तर पर ही फर्जी हाजिरी दर्ज कर सरकारी धन निकालने की तैयारी की गई। पारदर्शिता और जवाबदेही के दावों के बीच यह मामला प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़ा कर रहा है।
इस संबंध में जब पनियरा के एपीओ शिव प्रकाश सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि होली के दिन मनरेगा कार्य नहीं होता। यदि कहीं ऐसा दर्शाया गया है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि यह मामला जांच के बाद ठंडे बस्ते में चला जाता है या फिर फर्जी हाजिरी दर्ज करने वालों पर वास्तव में कार्रवाई होती है। क्योंकि यदि त्योहार के दिन भी कागजों में काम दिखाया जा सकता है, तो मनरेगा की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था खुद कठघरे में खड़ी नजर आती है।

स्किमैगो रैंकिंग 2026 में डीडीयूजीयू का प्रदर्शन बेहतर

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने स्किमैगो इंस्टीट्यूशन्स रैंकिंग 2026 में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। इस वैश्विक रैंकिंग में विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों का मूल्यांकन शोध प्रदर्शन, नवाचार और सामाजिक प्रभाव जैसे मानकों के आधार पर किया जाता है। वर्ष 2026 की रैंकिंग में भारत के कुल 519 उच्च शिक्षण संस्थानों को स्थान मिला है।
विश्वविद्यालय ने समग्र रैंकिंग में बड़ा सुधार करते हुए भारत में 159वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2025 में इसकी रैंक 322 थी। शोध श्रेणी में संस्थान 234वें स्थान से बढ़कर 183वें स्थान पर पहुंच गया है। नवाचार श्रेणी में भी उल्लेखनीय उछाल दर्ज करते हुए 402वें स्थान से 240वें स्थान तक सुधार हुआ है। सामाजिक प्रभाव के मामले में विश्वविद्यालय ने 142वें स्थान से आगे बढ़ते हुए 129वां स्थान प्राप्त किया है।
विषयवार रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय की उपस्थिति मजबूत रही। पर्यावरण विज्ञान में संस्थान को देश में 16वां स्थान मिला है, जबकि पृथ्वी एवं ग्रह विज्ञान में 38वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा कृषि एवं जैविक विज्ञान, जैव रसायन एवं आणविक जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, औषधि विज्ञान एवं विष विज्ञान तथा भौतिकी एवं खगोल विज्ञान जैसे विषयों में भी विश्वविद्यालय की शोध उपस्थिति दर्ज की गई है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि स्किमैगो रैंकिंग में हुआ यह सुधार विश्वविद्यालय के मजबूत होते शोध वातावरण और शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले शोध को प्रोत्साहन, अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशन, अंतर्विषयी सहयोग तथा नवाचार और बौद्धिक संपदा सृजन को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कोचिंग के लिए निकला छात्र लापता, परिजन परेशान


बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद के उभांव थाना क्षेत्र से एक छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार रोहित कुमार वर्मा (पुत्र संतोष कुमार वर्मा), निवासी कुरहा टेटरा, पोस्ट बहुताचक उपाध्याय, थाना उभांव, तहसील बेल्थरा रोड, 21 फरवरी की सुबह अपने घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद से अब तक घर वापस नहीं लौटे हैं।
बताया जा रहा है कि रोहित रोज की तरह सुबह अपना बैग लेकर साइकिल से मालदा स्थित कोचिंग के लिए निकले थे। उस समय सब कुछ सामान्य था और घर से निकलते समय उन्होंने किसी प्रकार की चिंता या परेशानी भी जाहिर नहीं की थी। शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी।
परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर से आसपास के गांवों, रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों से संपर्क कर रोहित के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कहीं से भी उसके संबंध में कोई सूचना नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाना उभांव में पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी।पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर रोहित की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और छात्र की जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।इधर रोहित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता समेत पूरा परिवार उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को रोहित कुमार वर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना उभांव को सूचित करें। इसके अलावा उनके भाई राहुल कुमार के मोबाइल नंबर 7458884956 पर भी सूचना दी जा सकती है। स्थानीय लोगों ने भी छात्र की सकुशल वापसी की कामना की है और प्रशासन से मामले में तेजी लाने की मांग की है, ताकि परिजनों की चिंता जल्द समाप्त हो सके।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, उभांव पुलिस को मिली सफलता


बलिया (राष्ट्र की परम्परा)

जनपद के थाना उभांव पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता एवं प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला के नेतृत्व में उभांव पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2025 को गैंग लीडर नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह अपने साथियों विकास सोनकर और शिवम यादव के साथ अपाची मोटरसाइकिल से बिठुआ नहर त्रिमुहानी के पास एक महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। उसी दिन साहुनपुर मुजौना के पास शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव और सहायक अध्यापिका कंचन सिंह से भी चेन छीनने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर गैंग लीडर नितीश कुमार ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे देवेन्द्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस घटना के संबंध में थाना उभांव में मुकदमा संख्या 253/25 व 254/25 दर्ज कर विवेचना की गई। जांच में सामने आया कि नितीश कुमार सिंह, विकास सोनकर, शिवम यादव, सोनू कुमार वर्मा उर्फ शैलेन्द्र वर्मा, आकाश सोनकर उर्फ शुभम तथा कल्लू सोनकर उर्फ अतुल का एक गैंग सक्रिय है, जो आर्थिक लाभ के लिए लूट व अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देता है। इसके आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद 28 फरवरी 2026 को मुकदमा संख्या 50/2026 धारा 2/3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर उभांव पुलिस ने हाहानाला पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त आकाश सोनकर उर्फ शुभम निवासी जयनगर बरहज, जनपद देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय बलिया भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में हत्या, लूटपाट, मारपीट, आर्म्स एक्ट व जुआ अधिनियम सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमित कुमार, उपनिरीक्षक सुधीर चौहान, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार सरोज, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अनिल सिंह शामिल

ई-लॉटरी से होगा कृषि यंत्रों के लिए किसानों का चयन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने हेतु किसानों की चौथी बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिन कृषि यंत्रों पर 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान दिया जाना है, उनके लिए किसानों द्वारा 24 फरवरी 2026 से 4 मार्च 2026 तक विभागीय पोर्टल पर बुकिंग कराई गई थी।
उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कृषि यंत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों में से किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। कृषि निदेशक (अभियंत्रण अनुभाग) उत्तर प्रदेश कृषि भवन लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी आलोक कुमार के मार्गदर्शन में यह प्रक्रिया संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में कृषि यंत्रों की चौथी बुकिंग के अंतर्गत किसानों का चयन 6 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे विकास भवन सभागार में डीएलसी समिति द्वारा ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। जिन किसानों ने यंत्रों की बुकिंग कराई है, वे ई-लॉटरी की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

आमने-सामने की टक्कर में हेड कांस्टेबल की मौत, दो युवक घायल

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के राम जानकी मार्ग पर स्थित टांडा गांव के पास गुरुवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और परिजनों में शोक का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम गाई बसंतपुर निवासी जनार्दन यादव (45) पुत्र रामवृक्ष यादव के रूप में हुई है। वह सिद्धार्थनगर जनपद के हैडिलीया थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनका परिवार फिलहाल गोरखपुर में रह रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह उन्हें बस्ती जनपद के कुदरहा ब्लॉक स्थित परेवा गांव में अपनी बहन के ससुर के निधन की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह अपनी बाइक से बहन के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए निकल पड़े थे।
इसी दौरान टांडा गांव के पास सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक पर सवार युवक तेज रफ्तार में थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मैली गांव निवासी आजाद (20) और मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जनार्दन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जनार्दन यादव को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही पत्नी शोभा यादव, बेटी श्रेया (18) और बेटा सौरभ (20) सहित परिवार के अन्य सदस्य शोक में डूब गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है।

तेज रफ्तार का कहर: कार-बुलेट की भीषण टक्कर, दो युवक गंभीर

टक्कर के बाद कार नहर में गिरी, जेसीबी से निकाली गई तथा घायलों को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर तेज रफ्तार कार और बुलेट मोटर साईकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरी।
गनीमत यह रही कि उस समय नहर में पानी नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि नहर में पानी भरा होता तो कार सवारों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आस-पास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर हुआ। नेवास पोखरा परसहवां टोला निवासी दयाशंकर और विजय बुलेट मोटर साईकिल से पनियरा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटर साईकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साईकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आस- पास के दुकानदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल युवकों को उठाकर सड़क किनारे लाया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को पनियरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में भी चिंता का माहौल बन गया और वे तुरंत अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक पवन और कार में सवार अमरचंद, जो ग्राम पंचायत नरकटहां के निवासी बताए जा रहे हैं, को इस दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जेसीबी मशीन की सहायता से नहर से बाहर निकलवाया। बाद में कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नहर में गिरी कार को जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अजित पवार विमान हादसा: सीआईडी ने तेज की जांच, वीएसआर वेंचर्स के अधिकारियों से पूछताछ

महाराष्ट्र (राष्ट्र की परम्परा)| महाराष्ट्र अपराध शाखा (सीआईडी) ने गुरुवार को वीएसआर वेंचर्स के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की। यह वही कंपनी है जिसका लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती एयर स्ट्रिप के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुखद हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की जान चली गई थी।

जांच अधिकारी बताते हैं कि जांच अभी जारी है और फिलहाल अधिक विवरण साझा नहीं किया जा सकता। हादसे के बाद मामला बारामती तालुका पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था और बाद में यह पुणे सीआईडी को सौंपा गया। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी साजिश का हिस्सा।

ये भी पढ़े – महराजगंज: सामाजिक समरसता क्यों हो रही कमजोर? बदलते परिवेश में समाज के सामने बड़ी चुनौती

सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी ने कंपनी को कुछ सवालों की सूची भेजी है। इस बीच, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। एनसीपी विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि किसी ने वीएसआर वेंचर्स को बचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि एएआईबी की शुरुआती रिपोर्ट उनके शक की पुष्टि करती है।

एएआईबी की 22 पन्नों की रिपोर्ट में कहा गया है कि हादसे के समय दृश्यता बेहद कम थी और रनवे पर धुंधले निशानढीली बजरी मौजूद थी। वहीं, अजित पवार के बेटे जय पवार ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि कंपनी के मालिक रोहित सिंह उड़ान के दौरान पायलट की सीट पर सो रहे थे। जय पवार ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी और वीएसआर वेंचर्स के सभी विमानों की उड़ानों पर तत्काल रोक की मांग की है।

ये भी पढ़े – राज्यसभा टिकटों से कांग्रेस में सियासी घमासान, कई राज्यों में बढ़ा असंतोष