Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 644

उरुवा ब्लॉक में मुख्य विकास अधिकारी का निरीक्षण व चौपाल, मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया सम्मानित

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। विकास खंड उरुवा में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का आगमन हुआ। सीडीओ ने सर्वप्रथम ब्लॉक परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत हरपुर में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता की, जहां ग्रामीणों की शिकायतों को सुना गया और मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया गया।

चौपाल में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, बिजली कटौती, आवास योजनाओं में पारदर्शिता तथा राजस्व संबंधी समस्याओं को उठाया। सीडीओ ने संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भूमि विवादों को लेकर उन्होंने लेखपाल और एसडीएम गोला को विशेष सतर्कता बरतने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

ग्रामीणों ने कहा कि “हमारी समस्या पहली बार मौके पर सुनी गई, जिससे हमें भरोसा हुआ कि समाधान अवश्य होगा।”
इसके अलावा सीडीओ ने “समर्थ उत्तर प्रदेश” एवं “फैमिली आईडी” से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर खंड विकास अधिकारी को गति लाने के निर्देश दिए।

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, समूह सखियों, आशा बहुओं और एएनएम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी भवन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम सचिव और प्रधान को भी पुरस्कृत किया गया।

सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे। पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण कार्य ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/officials-inspected-sensitive-areas/

संवेदनशील स्थलों पर अधिकारियों ने लिया जायजा

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। नवरात्रि और जुम्मा की नमाज़ को देखते हुए शुक्रवार को गोरखपुर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। डीआईजी एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव व सीओ कोतवाली ओमकार तिवारी के साथ संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने घंटाघर, तिवारीपुर, गोरखनाथ और मदीना मस्जिद समेत शहर के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। इन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती गई, जहां पुलिस बल, पीएसी और खुफिया विभाग के जवान तैनात रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और आने-जाने वाले लोगों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई।

डीआईजी ने कहा कि नवरात्रि और जुम्मा की नमाज़ के दौरान शहर का माहौल सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी राज करन नय्यर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए पूरी तैयारी रखें। यातायात व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने का आदेश दिया गया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर सहयोग की अपील की और आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान सभी नागरिक निश्चिंत होकर अपने धार्मिक कार्य संपन्न कर सकें, इसके लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

डीएम पहुंचे अस्पताल, गोलीकांड में घायल महिलाओं व बच्चियों का जाना हाल

घायलों को उचित इलाज का दिलाया भरोसा, दोषियों पर कड़ी कार्यवाही का आश्वासन

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड सिसवा अंतर्गत ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा के टोला पुरुषोत्तम पुर में रात्रि 9.30 बजे के आस- पास गांव में चोरों के आने का शोर–शराबे के बीच गोली चलने की घटना में घायल लोगों से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल लिया।
जिलाधिकारी ने सिटी सेंटर अस्पताल पहुंच कर नर्वदा पत्नी सीताराम उम्र लगभग 50 वर्ष,गीता पुत्री अनिरुद्ध उम्र 14 वर्ष तथा प्रतिमा उम्र 17 वर्ष का हाल-चाल लिया।

उन्होंने घायलों से संपूर्ण घटना की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी मरीजों का हाल जाना। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित इलाज के संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिया, घायलों को आश्वस्त किया कि दोषी के विरुद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बात की और उन्हें उचित इलाज और दोषी के विरुद्ध कार्यवाही को लेकर आश्वस्त किया।
उन्होंने एसडीएम सदर को भी आवश्यक कार्यवाही के सन्दर्भ में निर्देशित किया।

घायलों ने बताया कि गांव में रात में चोरी और ड्रोन उड़ने की अफवाह को लेकर सभी लोग एक जगह खड़े थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा गोली चलाई जाती है और इन सभी को गोली के छर्रे लगते हैं, जिससे सभी घायल हो जाते हैं। सभी घायलों को सिटी सेंटर हास्पिटल में भर्ती कराया गया। प्रतिमा को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में रिफर कर दिया गया है। इस दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार,सिटी हॉस्पिटल की चिकित्सक डा. ज्योत्सना,डा. प्रमोद पाण्डेय उपस्थित रहें।

एंटी रोमियो टीम की बड़ी कार्रवाई 12 बाइक व 20 युवक थाने लाए गए

कोपागंज (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एंटी रोमियो टीम व थाना कोपागंज पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। स्कूल की छुट्टी के समय या स्कूल जाते समय छात्राओं को देखकर बाइक पर राउंडिंग मारने, छेड़खानी करने और उन्हें परेशान करने वाले मनचलों को चिन्हित किया गया और कार्रवाई करते हुए कुल 12 मोटरसाइकिलों और 20 युवकों को थाने लाया गया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य स्कूल जाने वाली छात्राओं और आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना है।थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने कहा, “हम ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हैं। छात्राओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और ऐसे मनचलों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सभी अभिभावकों और नागरिकों से अपील है कि इस प्रकार की घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”इस अभियान के दौरान पुलिस ने युवकों के वाहनों और कागजात की भी जांच की। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।

विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर कार्यक्रम अयोजन

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। नवानगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विश्व फार्मासिस्ट दिवस के पावन अवसर पर फार्मासिस्ट विवेक सिंह एवं उनके सहयोगियों द्वारा यह विशेष दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी फार्मासिस्टों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते हुए फार्मासिस्ट दिवस के महत्व को साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान विवेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, जो न केवल दवाओं का वितरण करते हैं, बल्कि रोगियों को सही दवा सेवन, उसके दुष्प्रभाव तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका लगातार बढ़ रही है और उनकी जिम्मेदारी मरीजों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है।

साथ ही, फार्मासिस्ट साथियों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज को सस्ती, सुरक्षित और समय पर दवाएँ उपलब्ध कराने में हमेशा तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर सभी ने सामूहिक रूप से मरीजों के लिए बेहतर परामर्श व सेवा प्रदान करने का भी वादा किया।कार्यक्रम के अंत में आपसी एकजुटता और सहयोग की भावना के साथ सभी ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस को यादगार बनाने का संकल्प लिया।

8 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा): समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बरहज तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विपिन कुमार द्विवेदी को विभिन्न समस्याओं से संबंधित आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सरकार विरोधी नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।

​विरोध प्रदर्शन और मुख्य मांगें

​सपा विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर की अध्यक्षता और उपजिलाध्यक्ष अवधेश चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता तहसील पर एकत्रित हुए। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित समस्याओं को उठाया गया:

  1. बिजली और पानी की समस्या।
  2. ​क्षेत्र में सड़क निर्माण और जर्जर सड़कों की मरम्मत।
  3. ​बढ़ती बेरोजगारी
  4. ​किसानों के लिए खाद की किल्लत
  5. जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों को बनवाने में आ रही दिक्कतें।

​सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास में विफलता का आरोप

​सपा जिला उपाध्यक्ष अवधेश चौधरी ने इस दौरान भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार में बरहज विधानसभा की सम्मानित जनता को ठगा गया है। हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जनता न्याय के लिए कहां जाए?”

​उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। चौधरी ने आगे कहा कि “केवल विकास का दम्भ भरने वाली योगी सरकार के शासन में नौजवान, किसान, मजदूर सभी महंगाई और बेरोजगारी का शिकार हो रहे हैं। जनता अब सत्ता परिवर्तन के लिए मन बना चुकी है।”

​सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे सभी समाजवादी कार्यकर्ता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।

​उपस्थिति

​इस दौरान लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, गेना लाल यादव, अनिल गोस्वामी, पवन तिवारी, गोपी यादव, राजन मिश्र, रामकिशोर चौहान, अमरजीत यादव, रामभवन यादव, राजेंद्र प्रधान, मंजनाथ यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

कुशीनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 586 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के तहत उदित नारायण इण्टरमीडिएट कॉलेज, पड़ौना में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेले जिला सेवायोजन कार्यालय, कुशीनगर एवं मॉडल करियर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पूर्वाहन 09:00 बजे से सम्पन्न हुआ।

जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मेले में कुल 1252 रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 586 अभ्यर्थियों का प्रारम्भिक चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। निजी क्षेत्र की कुल 22 कंपनियां जैसे कि एचसीएल टेक, उत्कर्ष स्माल फायनेंस बैंक, पेरीग्रीन गार्डिंग प्रा. लि., एनआईआईटी, करियर सिक्योर, अशोका लेलैंड, श्रीराम फायनेंस, एल एंड टी फायनेंस, वीवो मोबाइल आदि ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया।

सांसद कुशीनगर विजय कुमार दूबे और विधायक सदर पड़रौना मनीष जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर रोजगार मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और चयनित अभ्यर्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।मेले में प्रधानाचार्य अरविन्द सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अरविन्द कुमार यादव, स०जि०रो०स० अधिकारी शाहनवाज आलम एवं रोहन अपूर्व सिन्हा भी उपस्थित रहे।

संयोजक संजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को करियर काउंसलिंग प्रदान की और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। असफल अभ्यर्थियों को मेहनत जारी रखने और सफलता पाने का संदेश दिया गया।

रोजगार मेले के आयोजन में अनिल कुमार, गौरव, अभिषेक मिश्रा, प्रशान्त कुमार, रामप्रवेश व उनकी टीम और गोरखपुर मंडल के सेवायोजन कार्यालय के अन्य कार्मिकों का भी योगदान सराहनीय रहा।

कुशीनगर में 180 दिव्यांगजनों को मिला सहारा, वितरित किए गए ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर व अन्य उपकरण

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत जिले में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से विशेष सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नवीन संकेत मूक बधिर इंटर कॉलेज, रविन्द्रनगर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग साथियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाना था।

मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय, फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा, रामकोला विधायक विनय गोंड और हाटा विधायक मोहन वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पांडेय ने जानकारी दी कि कुल 180 लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनमें 80 ट्राईसाइकिल, 23 स्मार्ट केन, 40 जोड़ी बैसाखियां और 37 व्हीलचेयर शामिल हैं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) शैलेन्द्र कुमार गौतम भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व कलाकृतियों के जरिए अतिथियों का स्वागत कर समारोह को और भी खास बना दिया।

माँ दुर्गा के आशीर्वाद से बनेगा ‘सोनार बांग्ला’-अमित शाह

कोलकाता (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) दुर्गोत्सव की आभा से सजे महानगर कोलकाता में इस बार दुर्गा पूजा का राजनीतिक और सांस्कृतिक संगम देखने को मिला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को संतोष मित्रा स्क्वायर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया, जहाँ इस वर्ष सैन्य पराक्रम पर आधारित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम प्रस्तुत की गई है। पंडाल दर्शन के बाद शाह ने राज्य की राजनीति और भविष्य को लेकर माँ दुर्गा से विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि चुनावों के उपरांत बंगाल में ऐसी सरकार बने, जो ‘‘सोनार बांग्ला’’ की परिकल्पना को साकार कर सके और कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर के सपनों जैसा सुरक्षित, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से संपन्न बंगाल गढ़ सके।

गृह मंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के विकास को राष्ट्रीय दृष्टि से जोड़ते हुए कहा कि दुर्गा पूजा जैसे शुभ अवसर हमें सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। ‘‘यह त्योहार हमें शुभता की ओर ले जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा कल्पित विकसित भारत का सपना बंगाल के माध्यम से पूरा हो।’’

शाह ने हाल में हुई वर्षाजनित घटनाओं में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा, ‘‘उत्सव की शुरुआत एक दुखद क्षण के बीच हुई, जब मूसलाधार बारिश के कारण 11 लोगों की मृत्यु हो गई। मैं सभी दिवंगत आत्माओं को नमन करता हूँ और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ।’’

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/three-hour-intensive-raid-at-birsa-munda-jail-no-objectionable-material-found/

उन्होंने बंगाल की दुर्गा पूजा को विश्वस्तरीय सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि ‘‘नवरात्र के नौ दिनों तक हर कोई शक्ति की उपासना में डूबा रहता है। आज यह महोत्सव न केवल बंगाल या भारत, बल्कि पूरे विश्व में पहचान बना चुका है।’’

कोलकाता में संतोष मित्रा स्क्वायर पंडाल के उद्घाटन के अलावा शाह ने साल्ट लेक स्थित ईस्टर्न जोनल कल्चरल सेंटर (EZCC) में भाजपा समर्थित पश्चिम बंग संस्कृति मंच की दुर्गा पूजा का भी उद्घाटन किया।

बिरसा मुंडा जेल में तीन घंटे तक सघन छापेमारी, कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली

रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया गया। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान में जेल परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान कुख्यात कैदियों के वार्ड सहित महिला वार्ड, सेल और जेल अस्पताल की भी सघन जांच हुई।

जिला प्रशासन ने छापेमारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई थीं। तलाशी के दौरान जेल के भीतर से किसी भी तरह की आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल का माहौल पूरी तरह सामान्य है और व्यवस्था नियंत्रण में है।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/mijaaj-%f0%9f%8c%a7%ef%b8%8f-weather-will-change-in-jharkhand/

यह छापेमारी अभियान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक सदर, कार्यपालक दंडाधिकारी रांची, थाना प्रभारी सदर, एसडीओ खेलगांव सहित 12 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के बावजूद जेल में शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि का खुलासा नहीं हुआ है।

राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ के तरकुलवा ब्लॉक व देसही देवरिया ब्लॉक इकाई का गठन

बघौचघाट/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
देवरिया जनपद के राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ के तरकुलवा ब्लॉक इकाई के गठन का कार्यक्रम जे . बी. इंटर कॉलेज तरकुलवा में सम्पन्न हुआ। जिलाध्यक्ष जनार्दन चौहान की अध्यक्षता व संगठन मंत्री श्री प्रकाश पांडेय के संचालन में पदाधिकारी गणो का चुनाव हुआ। जिसमे ब्लॉक अध्यक्ष अतुल मणि त्रिपाठी, महामंत्री पवन कुमार यादव, एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी को चुना गया।
इसी क्रम में देसही देवरिया ब्लॉक के आर.के. बी. एच. स्कूल हरैया बसंतपुर में भी जिलाध्यक्ष जनार्दन चौहान , संगठन मंत्री श्री प्रकाश पांडेय व प्रबंधकों की उपस्थिति में सुनील प्रताप सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। इसी क्रम में बरहज ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल व महामंत्री आशुतोष द्विवेदी के सहमति से के. वाई.एकेडमी बरहज के प्रबंधक भोला सोनकर को बरहज ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/there-was-an-altercation-and-scuffle-between-women-in-front-of-the-police-station-gate-action-was-taken-against-both-the-parties/
उक्त आशय की जानकारी जिलाध्यक्ष जनार्दन चौहान ने जिला मीडिया प्रभारी विपिन कुमार शर्मा के हवाले से दी।

थाना गेट के सामने महिलाओं में कहासुनी और हाथापाई, दोनों पक्षों पर कार्रवाई

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)थाना गौरीबाजार क्षेत्र के गांव सांडा में दो पक्ष की महिलाओं में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष प्रार्थना पत्र लेकर थाना गौरीबाजार पहुंचे। थाना गेट के सामने ही दोनों पक्षों की महिलाओं में दोबारा कहासुनी और हाथापाई हो गई।पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों पर 170/126/135 बीएनएसएस की कार्रवाई की है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रूद्रपुर हरिराम यादव ने बताया कि थाना परिसर में किसी भी प्रकार का विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों पक्षों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

इसे तो पढ़े – https://rkpnewsup.com/mentally-ill-youth-jumps-into-saryu-river-identified-through-aadhaar-card/

🌧️ झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज

रांची समेत कई जिलों में 1 अक्टूबर तक बारिश के आसार, दुर्गा पूजा पर भी बरसात की छाया

रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट ले रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में गुरुवार को भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी के अनुसार, आगामी 1 अक्तूबर तक रांची सहित कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। खास बात यह है कि 29 और 30 सितंबर के साथ 1 अक्तूबर को कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है। ऐसे में इस साल दुर्गा पूजा का त्योहार भी बारिश की फुहारों के बीच गुजरने की संभावना प्रबल हो गई है।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/s-jaishankar-spoke-on-the-need-for-a-global-workforce-saying-nations-can-no-longer-escape-this-reality/

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दवाब का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। हालांकि इसका असर मुख्य रूप से दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश की ओर देखने को मिलेगा, लेकिन झारखंड के कई इलाकों पर भी इसका अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ सकता है। इसके चलते दोपहर के बाद कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में अलर्ट

जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा समेत दक्षिणी झारखंड के जिलों में अगले कुछ दिनों तक वज्रपात और झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन भारी वर्षा को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है।

बीते 24 घंटे का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में झारखंड में मेदिनीनगर सबसे आगे रहा जहां 14.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मानसिक बीमारी से परेशान युवक ने सरयू नदी में लगाई छलांग, आधार कार्ड से हुई पहचान

​देवरिया(राष्ट्र की परम्परा) मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के लोहजरा गांव के रहने वाले एक युवक विकास राजभर (20) ने देवरिया-बलिया मार्ग पर स्थित भागलपुर पुल से उफनती सरयू नदी में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया है। युवक की पहचान उसके बैग में रखे आधार कार्ड से हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक न्यूरो की बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था।

​घटना का विवरण

​स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार दोपहर को हुई। विकास राजभर पुत्र रामाश्रय राजभर अपने घर से मऊ जिले के रतनपुरा में अपने चाचा के घर जाने के लिए निकला था। हालांकि, वह रतनपुरा न जाकर सीधे देवरिया और बलिया को जोड़ने वाले भागलपुर पुल पर पहुंच गया।
​राहगीरों के अनुसार, पुल पर पहुंचने के बाद युवक ने अपना बैग और चप्पल पुल के किनारे रखा और फिर बिना किसी को कुछ बताए सीधे नदी में छलांग लगा दी।

​पुलिस कर रही तलाश

​पुल से गुजर रहे राहगीरों ने यह घटना देखते ही भागलपुर चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पुल पर से युवक का बैग, चप्पल और आधार कार्ड बरामद किया। आधार कार्ड के माध्यम से ही युवक की पहचान विकास राजभर (उम्र 20), निवासी लोहजरा, रामपुर बेलौली, मऊ के रूप में हुई है।
​पुलिस ने बताया कि युवक न्यूरोलॉजिकल समस्या से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। पुलिस अब गोताखोरों की मदद से उफनती सरयू नदी में युवक की सघन तलाश कर रही है।

​भागलपुर पुल: एक संवेदनशील स्थान

​गौरतलब है कि भागलपुर पुल से अक्सर लोगों द्वारा कूदकर आत्महत्या करने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिसके चलते यह पुल एक संवेदनशील स्थान बन गया है। इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों और आत्महत्या की रोकथाम पर ध्यान देने की आवश्यकता को उजागर किया है।

इसे भी पढ़ें –https://rkpnewsup.com/s-jaishankar-spoke-on-the-need-for-a-global-workforce-saying-nations-can-no-longer-escape-this-reality/

वैश्विक कार्यबल की ज़रूरत पर बोले एस. जयशंकर, कहा “राष्ट्र अब इस सच्चाई से बच नहीं सकते”

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच वैश्विक कार्यबल (Global Workforce) की अहमियत पर ज़ोर दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनसांख्यिकी की वजह से कई देशों में श्रम की मांग पूरी नहीं हो पा रही है, ऐसे में अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यबल का साझा वितरण अनिवार्य हो गया है।

जयशंकर की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब वैश्विक व्यापार तनाव, टैरिफ से जुड़ी चुनौतियाँ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सख़्त आव्रजन रुख अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। हाल ही में अमेरिका ने H-1B वीज़ा पर 1,00,000 डॉलर का नया शुल्क लगाया है, जिसका सीधा असर भारतीय पेशेवरों पर पड़ रहा है। गौरतलब है कि इन अस्थायी वीज़ा का सबसे बड़ा लाभार्थी भारतीय समुदाय ही है।

व्यापार और कनेक्टिविटी पर ज़ोर

जयशंकर ने कहा कि चुनौतियाँ चाहे जितनी हों, व्यापार हमेशा रास्ता निकाल लेता है। बेहतर सड़कें, तेज़ शिपिंग, डिजिटल तकनीक और आसान इंटरफेस के कारण आज कारोबार पहले से कहीं अधिक सहज हो गया है। उन्होंने माना कि रुकावटें आती रहेंगी, लेकिन तकनीकी प्रगति और मज़बूत कनेक्टिविटी से इन्हें कम किया जा सकता है।

आत्मनिर्भरता और क्षमता निर्माण पर ध्यान

विदेश मंत्री के अनुसार, आने वाले वर्षों में दुनिया तकनीक, व्यापार, कनेक्टिविटी और कार्यस्थलों में बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। ऐसे हालात में बड़े देशों के लिए क्षमता निर्माण और आत्मनिर्भरता बेहद ज़रूरी है। यही भारत की विकास रणनीति का मूल आधार भी है।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/mig-21s-last-salute-flight-india-bids-emotional-farewell-to-six-decades-of-valor/

डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर बना उदाहरण

जयशंकर ने कहा कि भारत का डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) मॉडल कई देशों के लिए प्रेरणादायक है। कई समाज इसे यूरोपीय या अमेरिकी मॉडल की तुलना में अधिक उपयोगी और प्रासंगिक मानते हैं।

बदलती कूटनीति और जोखिम प्रबंधन

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में अस्थिरता और नीतिगत बदलावों ने वैश्विक सुर्खियों में जगह बनाई है। अब ध्यान आपूर्ति श्रृंखला से हटकर बाज़ार पहुँच की चुनौतियों पर केंद्रित हो गया है। यही कारण है कि आज कूटनीति का मुख्य उद्देश्य जोखिम कम करना, लचीलापन बढ़ाना और अप्रत्याशित झटकों से बचाव करना है।