Monday, July 6, 2026
Home Blog Page 565

आगामी त्योहारों को देखते हुए एसडीएम-सीओ ने आतिशबाजी गोदामों की संयुक्त जांच की

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा )आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को जनपद के घोसी एसडीएम अशोक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र सिंह ने माउरबोझ गाँव में स्थित दो स्थायी आतिशबाजी निर्माण एवं भंडारण प्रतिष्ठानों की संयुक्त जांच की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने लाइसेंस, भंडारण की स्थिति, स्टॉक रजिस्टर, सुरक्षा व्यवस्था तथा विस्फोटक पदार्थों के प्रयोग की गहन जांच की।जांच के दौरान गाँव के भगवान एवं हरिप्रसाद नामक दो व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों में आतिशबाजी निर्माण एवं भंडारण का वैध लाइसेंस पाया गया। स्टॉक रजिस्टर अद्यतन एवं व्यवस्थित मिला। अधिकारियों ने विस्फोटक सामग्री जैसे गंधक आदि का प्रयोग निर्धारित मात्रा में होना पाया। साथ ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी मिले, जिससे अधिकारी संतुष्ट नजर आए।एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने कहा कि “पर्वों के समय आतिशबाजी के कारोबार में लापरवाही से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए समय-समय पर निरीक्षण जरूरी है। जांच में दोनों प्रतिष्ठान नियमों के अनुरूप पाए गए।सीओ जितेन्द्र सिंह ने बताया कि “गाँव में स्थित दोनों गोदामों में सुरक्षा के मानकों का पालन किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। पुलिस प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।घोसी के प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय पुलिस त्योहारों के मद्देनज़र सतर्क है। पटाखों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी।

मिशन शक्ति-5.0 : तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का कुलपति ने किया शुभारंभ

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति-5.0” के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को किया गया। यह कार्यक्रम 17 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
यह प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन के संरक्षण में हुआ। आत्मरक्षा प्रशिक्षण का संचालन मुख्य प्रशिक्षक श्री आदित्य जायसवाल (ताइक्वांडो विशेषज्ञ) द्वारा किया जा रहा है। उनके सहयोगी प्रशिक्षकों के रूप में सिमरन, घनश्याम एवं विजय सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पहले दिन प्रतिभागियों को ताइक्वांडो मार्शल आर्ट की मूल तकनीकों से परिचित कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि आत्मरक्षा की कला केवल शारीरिक शक्ति का नहीं, बल्कि मानसिक सजगता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। आज के सत्र में छात्राओं को “पंच ब्लॉक” अटैक और बचाव की व्यावहारिक तकनीकें सिखाई गईं। प्रशिक्षक श्री जायसवाल ने बताया कि अगले सत्र में प्रतिभागियों को “किक” तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी प्रो. (मेजर) विनिता पाठक ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल आत्मरक्षा सिखाना नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल बाहरी साधनों पर निर्भर नहीं होती; स्वयं में निहित शक्ति और साहस ही सबसे बड़ा कवच है।
उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि छात्राएँ शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्म-सम्मान और आत्मरक्षा की दिशा में एक सामाजिक क्रांति है। विश्वविद्यालय की छात्राएँ इस प्रशिक्षण के माध्यम से न केवल आत्मरक्षा के गुर सीखेंगी, बल्कि वे अन्य महिलाओं और छात्राओं को भी सशक्त बनाने की प्रेरणा बनेंगी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रम नारी सुरक्षा एवं स्वावलंबन के क्षेत्र में सार्थक योगदान देते हैं।
इस अवसर पर मिशन शक्ति टीम के सदस्य डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. गौरव, डॉ. मीतू सिंह, डॉ. दीपा, डॉ. पूर्णिमा मिश्रा, डॉ. सुरूचि श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

डॉ. सुशील कुमार को ई-पोस्टर ओरिजिनल पेपर प्रेजेंटेशन में प्रथम पुरस्कार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा )। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुशील कुमार को ई-पोस्टर ओरिजिनल पेपर प्रेजेंटेशन में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। यह सम्मान उन्हें 11-12 अक्टूबर को कोर्टयार्ड मैरियट, गोरखपुर में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी (उत्तर प्रदेश चैप्टर) के दो दिवसीय सम्मेलन में प्रदान किया गया।
डॉ. कुमार ने जिस विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया उसका शीर्षक था।
“गैस्ट्रिक एसिड स्रावक (पेप्सिनोजेन्स और गैस्ट्रीन-17) और इन्फ्लेमेशन (आईएल-8) मार्कर हेलिकोबैक्टर पाइलोरी संक्रमण की अनुपस्थिति में कार्यात्मक अपच (डिस्पेप्सिया)।”
इस उपलब्धि के साथ डॉ. कुमार को अब तक शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में आठ पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनके अब तक 40 से अधिक मौलिक लेख, 6 पुस्तक अध्याय, 1 संपादित पुस्तक और 1 पेटेंट प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. कुमार ने अपनी पीएचडी के दौरान भारतीय परिप्रेक्ष्य में हेलिकोबैक्टर पाइलोरी संक्रमण और गैस्ट्रिक कार्सिनोजेनेसिस के बीच संबंध स्थापित किया था।
कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने डॉ. सुशील कुमार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मोबाइल की बात को लेकर मारपीट, एक व्यक्ति घायल चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सरवानपुर में मोबाइल की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र पुत्र रामजीत निवासी सरवानपुर ने थाना कोपागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दिनांक 13 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 6 बजे मंजेश पुत्र ज्ञानी, सुदामा पुत्र मितलू, जयप्रकाश पुत्र सुदामा व जयश्री पुत्र सुदामा ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बताया कि कुछ ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस वावत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रविन्द्र नाथ राय ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच जारी है।

खेत में साग-सब्जी बोने गई महिला पर परिजनों ने किया हमला, घायल

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा में पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर एक महिला पर उसके ही परिजनों ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी किरन देवी पत्नी विष्णु प्रसाद बुधवार की सुबह लगभग 6:30 बजे अपनी सास इन्द्रावती देवी के साथ खेत में साग-सब्जी बोने गई थीं। इसी दौरान आपसी जमीनी विवाद को लेकर उनके देवर मंगलदेव पुत्र स्वर्गीय शखरज, अनारी देवी पत्नी मंगलदेव तथा शशिकान्त पुत्र मंगलदेव ने मिलकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर में सास के साथ अकेली रहती हैं, जबकि उनके पति मुंबई में कार्यरत हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।इस संबंध में थानाध्यक्ष रविन्द्र नाथ ने कहा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच जारी है।

नाली जाम से परेशान मोहल्लेवासियों का फूटा गुस्सा, नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । जनपद के कोपागंज नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित मोहल्ला दोस्तपुरा में कोपेश्वरी माता मंदिर मार्ग पर नालियों की सफाई और मरम्मत न होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। घरों का गंदा पानी नालियों से ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में कीचड़ और दुर्गंध फैल गई है। इस समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार की रात नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मोहल्ले के कमरुद्दीन, अब्दुल रहमान, मरगूब अहमद, मौलवी जमील, अरशद नेता, रिजवान, इमरान अहमद, शमीम अहमद, मोहम्मद अजहर, फिरोज अहमद और मुमताज सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग मंदिर और मस्जिद आने-जाने के लिए गुजरते हैं, लेकिन नालियों के जाम और टूटी सड़कों के कारण उन्हें गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है।लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पंचायत से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गंदा पानी घरों में घुसने लगता है। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई और मरम्मत नहीं की गई, तो वे नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरना देने को बाध्य होंगे।

राज्य महिला आयोग की सदस्या द्वारा किया गया महिला जनसुनवाई

मा० सदस्या ने मिशन शक्ति के अंतर्गत पोषण माह कार्यक्रम में प्रतिभाग कर बालक बालिकाओं को दिया लैपटॉप

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती गीता बिंद जी के द्वारा पी०डब्लू०डी० डाक बंगला मऊ में जनसुनवाई किया गया। जिसमें विभिन्न केसों को सुनते हुए कार्यवाही की गई। सुनवाई के दौरान कुल 13 केस प्राप्त हुए जिसमे 10 केसो का त्वरित निस्तारण किया गया, शेष केसों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
नगरपालिका कम्युनिटी हाल में पोषण माह कार्यक्रम में सदस्या गीता बिंद द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत पोषण माह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप मे कार्यक्रम मे प्रतिभाग किया गया। इस दौरान मा० सदस्या द्वारा वहां पर लगाए गए समस्त विभागों के स्टॉलो का अवलोकन भी किया गया। साथ ही वैश्विक महामारी कोविड काल में अनाथ हुए बालक एवं बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा(कोविड) योजना के अंतर्गत 22 लाभार्थियों को माननीय सदस्या द्वारा लैपटॉप वितरीत किया गया । जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ श्वेता त्रिपाठी जी के द्वारा महिला सशक्तिकरण व विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई । इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की समस्त टीम उपस्थित रही।

सीडीओ की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न

खराब प्रगति वाले विभागों को अगली बैठक में अपनी रैंकिंग सुधारने के दिए निर्देश

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । मुख्यमंत्री डैश बोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में समीक्षा की जिसमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद की रैंकिंग खराब होने पर इसमें सुधार हेतु संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विभागों को सोलर लगाने के लिए उपलब्ध कराए गए लक्ष्य के सापेक्ष जिला पूर्ति कार्यालय, बेसिक शिक्षा कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय सहित अन्य विभाग जो लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति किए हैं को इसमें लगनतापूर्वक कार्य करते हुए लक्ष्य को पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए, जिससे इस योजना में जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए दिए गए सुझाव में जनपद की रैंकिंग खराब होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारी को सुधार हेतु निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान परियोजना निदेशक ने बताया कि भेजे गए प्रस्ताव के उपरांत लक्ष्य की प्राप्ति हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त खंड विकास अधिकारी को सर्वे कर उसकी सूची परियोजना निदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिससे लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके। जल जीवन मिशन हर घर जल योजना की समीक्षा के दौरान सी ग्रेड आने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता जल निगम को अगली बैठक में इसे ए अथवा बी ग्रेड में लाने के निर्देश दिए। 15वां वित्त आयोग में बी ग्रेड होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को भी अगली बैठक में एक ग्रेड में लाने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिन परियोजनाओं के निर्माण में धीमी प्रगति है उसके कार्यकारी संस्था को नोटिस भेजने के निर्देश दिए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग में स्थिति खराब होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त विभागों को पौधा रोपण हेतु उपलब्ध कराए गए लक्ष्य के सापेक्ष जियो टैगिंग सत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मध्यान भोजन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति को ए ग्रेड में लाने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पशुपालन विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, श्रम विभाग, उद्यान विभाग, पंचायती राज विभाग सहित समस्त विभागों की समीक्षा की गई एवं जिस विभाग की ग्रेडिंग खराब थी उसको अगली बैठक में सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

युवती की हत्या का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, लार पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

लार/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)।लार थाना क्षेत्र के हरिकुंडावल गांव के हरिजन टोला में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 19 वर्षीय युवती का शव उसके घर के बगल स्थित गली में पड़ा मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी विरन प्रसाद की पुत्री मनीषा के रूप में हुई। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। थोड़ी देर बाद पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री सुनील कुमार सिंह तथा सीओ सलेमपुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता द्वारा दी गई तहरीर में एक पूर्व परिचित व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया गया था। इसी आधार पर थाना लार पुलिस ने समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की।

विवेचना के दौरान अभिषेक कुमार पुत्र रविन्द्र प्रसाद की संलिप्तता पाई गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज 15 अक्टूबर 2025 को भिखम छपरा मोड़ के पास से अभियुक्त अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री सुनील कुमार सिंह ने बताया कि “मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ घटना का पर्दाफाश कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।”

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का किया गया सजीव प्रसारण, मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वदेशी अपनाने का किया अपील

राष्ट्र की परम्परा

मऊ । प्रदेश सरकार द्वारा दीपावली एवं होली के अवसर पर दो रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने की योजना के तहत बुधवार को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम विलास चौहान विधायक मधुबन थे।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के एक करोड़ 86 लाख पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण होगा जिससे प्रदेश सरकार पर 1500 करोड रुपए का अनुमानित व्यय आएगा। अपने संबोधन के दौरान आगामी त्योहारों में उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने की भी अपील की। साथ ही त्योहारों में गरीब लोगों की मदद करने को भी कहा जिससे त्योहारों का आनंद दोगुना हो सके। लखनऊ में आयोजित इस पूरे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम विलास चौहान ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत प्रदेश के बलिया जनपद से हुई है। अब इस योजना से पूरा देश लाभान्वित हो रहा है। वर्तमान सरकार में समाज के गरीब से गरीब लोगो तक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। समाज के सभी लोगों को समान रूप से सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने कुछ पात्र लाभार्थियों को डमी चेक का वितरण भी किया,जिनमें मंशा देवी पत्नी सदाबृक्ष, कंचन पत्नी मुकेश, बिंदु पत्नी संजय,मीना पत्नी उदयभान फुला पत्नी जनार्दन,सितारा पत्नी नवरत्न, उर्मिला पत्नी रामकिशन,आभा पत्नी करम देव,पूजा पत्नी देवचंद, हंसा पत्नी जुलानी, मरियम खातून पत्नी मोहम्मद ताहिर एवं हसीना खातून पत्नी मोहम्मद ताहिर शामिल हैं।

भाटपाररानी में युवक की हत्या: दूसरे दिन भी खाली हाथ पुलिस, गुस्साए नागरिकों ने सलेमपुर–मैरवा मार्ग किया जाम

देवरिया/भाटपाररानी (राष्ट्र की परम्परा) – 19 वर्षीय युवक मन्नू यादव की हत्या प्रकरण में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित नागरिकों ने बुधवार को सलेमपुर–मैरवा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

गौरतलब है कि सोमवार को भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बराईठा पोखरे के पास मन्नू यादव (उम्र 19 वर्ष), पुत्र उमेश यादव, निवासी ग्राम कोठीलवा, थाना बनकटा का शव बरामद हुआ था। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया था। मृतक की बहन की तहरीर पर थाना भाटपाररानी में मु0अ0सं0 175/25 धारा 103(1) बीएनएस बनाम अश्वनी गुप्ता पुत्र विरेंद्र गुप्ता के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सलेमपुर–मैरवा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

समाचार लिखे जाने तक सड़क पर नागरिकों की भीड़ बनी रही, हालांकि एम्बुलेंस और आवश्यक वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी गई।

फिलहाल पुलिस टीमें सक्रिय हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

विश्वविद्यालय में नवंबर में होगा साहित्य, संस्कृति और ललित कलाओं का संगम

राष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव की तैयारियों के दृष्टिगत एनबीटी अधिकारियों के साथ कुलपति ने की समीक्षा

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में आगामी 1 से 9 नवंबर तक गोरखपुर पुस्तक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उपक्रम नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) के सहयोग से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पुस्तकों के स्टॉल के साथ-साथ साहित्य, संस्कृति, गीत-संगीत, कला और विमर्श से जुड़े विविध सत्र होंगे।
फोटो पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए विशेष प्रतियोगी सत्र भी होंगे, जबकि आगंतुकों के लिए आकर्षक फूड कोर्ट की भी व्यवस्था की गई है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक और उनकी टीम के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महोत्सव गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल का एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित हो रहा है। विश्वविद्यालय की एक सशक्त टीम आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी है।
एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन 1 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। इसमें लगभग 200 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे और प्रवेश पूर्णत: निःशुल्क रहेगा।
एनबीटी की टीम गोरखपुर के स्कूलों और कॉलेजों में आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आमंत्रित करेगी। शाम के समय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोकगीत, नृत्य और नाटक शामिल होंगे।
महोत्सव में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग की प्रमुख भूमिका होगी। ललित कला को समर्पित एक पूरा खंड तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनी आयोजित होंगी।
एनएसएस और एनसीसी के विद्यार्थी स्वयंसेवक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।
गोरखपुर के लेखकों के लिए ‘ऑथर्स ऑफ गोरखपुर’ नाम से विशेष कॉर्नर की व्यवस्था होगी, जिसमें स्थानीय लेखक अपनी पुस्तकों का प्रदर्शन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय भी अपने शिक्षकों द्वारा प्रकाशित पुस्तकों को प्रस्तुत करेगा।
महोत्सव के प्रचार-प्रसार में स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। सबसे प्रभावशाली रील्स को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही स्थानीय फोटो पत्रकारों द्वारा खींचे गए चित्रों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

सड़क हादसा: बाइक सवार श्रवण यादव गंभीर रूप से घायल, पिकअप चालक फरार

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बुधवार को कोदई नहर के पास हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का पैर टूट गया और सिर पर गहरी चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पलटूपुर गांव निवासी 30 वर्षीय श्रवण यादव खटंगा चट्टी से अपने घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि श्रवण यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें – गोरखपुर में शहरी यातायात सुधार को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, बिना पार्किंग वाले भवनों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय श्रवण यादव नशे की हालत में थे, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और यह दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – सिकंदरपुर में रात्रि कालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, डॉ. उमेश चन्द ने खेला पहला शॉट

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

गोरखपुर में शहरी यातायात सुधार को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, बिना पार्किंग वाले भवनों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महानगर की बढ़ती यातायात समस्या को सुचारू बनाने के लिए बुधवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने कहा कि त्योहारों—विशेषकर दीपावली और छठ पर्व—के दौरान यातायात पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि नो-एंट्री जोन का पालन सख्ती से कराया जाए और अवैध पार्किंग व ठेले-खोमचे वालों पर कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें – सिकंदरपुर में रात्रि कालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, डॉ. उमेश चन्द ने खेला पहला शॉट

बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन भवनों, अस्पतालों या कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की सुविधा नहीं है या जहां बेसमेंट में अन्य गतिविधियां चलाई जा रही हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी भवन का बेसमेंट सील कर दिया जाएगा जहां नियमों का उल्लंघन पाया गया।

डीएम ने बताया कि प्रशासन दीपावली के बाद मल्टीस्टोरी भवन मालिकों, अस्पताल संचालकों और व्यापारियों के साथ विशेष बैठक करेगा, ताकि यातायात दबाव कम करने के ठोस उपाय तय किए जा सकें।

उन्होंने नौका विहार क्षेत्र में अवैध ठेले और दुकानों पर भी नाराजगी जताई और जीडीए को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें – 🔥 तालिबान का पाकिस्तान पर भीषण प्रहार

बैठक में डीआईजी एस. चन्नप्पा, एसएसपी राज करन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर तेजी से विकसित हो रहा है, इसलिए अब यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक और टिकाऊ स्वरूप देने का समय आ गया है। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और नगर निगम से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आने वाले दिनों में गोरखपुर जाम-मुक्त और सुव्यवस्थित शहर बन सके।

सिकंदरपुर में रात्रि कालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, डॉ. उमेश चन्द ने खेला पहला शॉट

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। स्थानीय मैदान में रात्रि कालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि डॉ. उमेश चन्द ने फीता काटकर और पहला शॉट खेलकर किया। उद्घाटन मैच अस्पताल रोड बनाम बालूपुर टीम के बीच खेला गया, जिसमें रोमांच और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जीरो टू हीरो टीम के नेतृत्व में आयोजित इस टूर्नामेंट में 6-6 ओवर के छोटे लेकिन जोशपूर्ण मुकाबले खेले जा रहे हैं। उद्घाटन मैच में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

यह भी पढ़ें – गोरखपुर महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू

मैच में रामनारायण, अमित शर्मा, आशुतोष सोनी, किशन सोनी, अर्जुन कुमार, रवि शर्मा, नीरज शर्मा, पवन शर्मा जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे। उनके ऊर्जावान प्रदर्शन से पूरा मैदान तालियों की गूंज से भर उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. उमेश चन्द के साथ नथू सोनी, सभासद प्रत्याशी दिनेश चौरसिया, विशाल सोनी, रोहित बाबू, अर्जुन, पवन सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें – घर से निकली किशोरी मरियम की मौत ने गांव को दहला दिया

रात्रि की रोशनी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट ने स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है और खेल भावना के साथ मनोरंजन का नया अनुभव प्रदान किया है।