Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 460

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, योजनाओं की दी गई जानकारी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बघऊच में आज ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यन ने की। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
चौपाल में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, राशन वितरण, सड़क मरम्मत, जाति व आय प्रमाण पत्र बनाने से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक अंजली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह, ग्राम विकास अधिकारी आनंद कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आवेदन प्रक्रिया भी समझाई गई। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की सहभागिता उत्साहजनक रही। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीण जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और त्वरित समस्या निस्तारण को नई गति मिली।

ददरी मेला खेल गांव में टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

जिला प्रशासन एवं नगरपालिका परिषद बलिया के तत्वावधान में ददरी मेला खेल गांव परिसर में टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 21 नवंबर से 29 नवंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 53 टीमों को भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है।
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 10 टीमों के बीच 5 रोमांचक मुकाबले संपन्न हुए। पहले मैच में सहरस पाली ने दुबहर को बेहद करीबी मुकाबले में 43-42 के स्कोर से 1 रन से पराजित किया। दूसरे मैच में बसंतपुर ने समशुद्दीनपुर बेल्थरा रोड की टीम को 60-54 के स्कोर से 6 रनों से मात दी। तीसरे मुकाबले में प्रिंस एलेवन ने बालेश्वर घाट को 54-36 के स्कोर से 18 रनों से हराया। चौथे मैच में टेकारपुर ने वीरपुर को 43-36 के स्कोर से 7 रनों से पराजित किया। वहीं, अंतिम मुकाबले में अमृत पाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सहतवार की टीम को 62-43 के स्कोर से 19 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने खेल मैदान में फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन जी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सुभाष जी, क्रीड़ा अधिकारी बलिया जवाहर यादव जी एवं अरविंद कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति रही। मैचों में निर्णायक की भूमिका धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद यासिर अली, दीपराज शर्मा, राजेश सिंह, आर्यन यादव एवं अशोक राय ने निभाई, जबकि कमेंट्री की जिम्मेदारी शिब्बू सिंह द्वारा की गई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला।

बलिया में एन्क्लेम्ड एसेट्स निपटान हेतु विशेष बैठक,खाताधारकों को मिली सरल दावा प्रक्रिया की जानकारी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पहल पर जिले में दस वर्षों से निष्क्रिय पड़े बैंक खातों (एन्क्लेम्ड एसेट्स) के त्वरित एवं सुगम निस्तारण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का आयोजन अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न बैंकों के अधिकारी, शाखा प्रबंधक तथा बड़ी संख्या में खाताधारक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने लम्बे समय से लंबित पड़े एन्क्लेम्ड डिपॉजिट्स की जानकारी साझा की तथा इन्हें वापस प्राप्त करने की सरल और सुरक्षित प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। लोगों को यह जानकारी दी गई कि कैसे वे अपने पुराने, निष्क्रिय खातों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उचित दस्तावेजों के माध्यम से दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ दिशांत चंद्रायन ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य खाताधारकों को उनके निष्क्रिय अथवा अघोषित खातों की जानकारी देना और उनकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित तरीके से लौटाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर अपने बैंक खातों का केवाईसी अपडेट कराते रहें और खातों का नियमित संचालन करते रहें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से बचा जा सके।
जिला अग्रणी प्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि यह पहल वित्तीय पारदर्शिता को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी और आमजन को अपने वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक बनाएगी। उन्होंने उद्गम (UDGAM) पोर्टल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, जिसके माध्यम से निष्क्रिय खातों की जानकारी प्राप्त करना और दावा प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
शिविर में जिला शहरी विकास अभिकरण के अधिकारी श्री विनय गौतम ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जबकि श्री विनोद सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर निष्क्रिय खातों के निस्तारित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम से संबंधित दो लाख रुपये का चेक श्रीमती रीता यादव को प्रदान किया गया। बैठक में नाबार्ड के डीडीएम मोहित यादव सहित नीरज सिंह, संजय सिंह, राकेश पाठक, सूरज सिंह, अखिलेश सिंह समेत विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वयंसेवकों ने पर्वतारोहण संस्थान, हिमाचल में होने वाले राष्ट्रीय शिविर के लिए भरी उड़ान

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए विश्वविद्यालय के छह ऊर्जावान स्वयंसेवकों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित साहसिक प्रशिक्षण शिविर के लिए किया है। 23 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक हिमाचल प्रदेश के पोंग डैम स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान में आयोजित होने वाला यह शिविर देशभर के चुनिंदा युवाओं का संगम होगा। इस प्रतिष्ठित कैंप में भाग लेने के लिए कृष्णानंद जयसवाल, नवनीत पाण्डेय, राज सिंह, भूमिका पाण्डेय, प्रज्ञा उपाध्याय और भावना विश्वकर्मा का चयन हुआ है। ये सभी स्वयंसेवक एनएसएस की विभिन्न इकाइयों से जुड़े रहे हैं और अपनी सक्रियता, अनुशासन तथा नेतृत्व क्षमता के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के इस अवसर तक पहुँचे हैं, जिससे विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
स्वयंसेवकों के प्रस्थान से पहले विश्वविद्यालय परिसर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रति कुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डा. सत्यपाल सिंह, विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी और विश्वविद्यालय कर्मचारी मौजूद रहे। प्रति कुलपति ने सभी चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि साहसिक प्रशिक्षण शिविर युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाता है, बल्कि उनमें नेतृत्व, टीमवर्क, साहस और आत्मविश्वास जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास भी करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय के ये विद्यार्थी अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की मिसाल पेश करेंगे।

यह दस दिवसीय राष्ट्रीय एडवेंचर कैंप एनएसएस की प्रमुख गतिविधियों में से एक है, जिसमें स्वयंसेवकों को पर्वतारोहण की बुनियादी तकनीकों के साथ ट्रैकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, जल साहसिक गतिविधियाँ, आपदा प्रबंधन और बचाव तकनीक, फर्स्ट एड तथा नेतृत्व एवं टीम प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कौशलों का प्रायोगिक प्रशिक्षण मिलेगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित और सक्षम नागरिक के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम समन्वयक डा. सत्यपाल सिंह ने चयनित स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये अवसर न केवल उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित करते हैं।
प्रस्थान के समय स्वयंसेवकों में उत्साह और ऊर्जा का विशेष संचार दिखाई पड़ा। शिक्षकों और अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित यात्रा, नए अनुभवों और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन और एनएसएस इकाई ने भरोसा जताया है कि ये छात्र-छात्राएँ अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएँगे।

एसआईआर अभियान में मजबूती से लगें कांग्रेस कार्यकर्ता – केशवचन्द यादव

किसी भी हालत में फर्जी नाम शामिल न होने दें कांग्रेसी

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। पूरे प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ लगे हुए हैं। किसी भी हालत में कोई भी फर्जी नाम शामिल नही होने देंगे। उक्त बातें कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष केशवचन्द यादव ने कहा। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार मतदाता सूची में हेर फेर कर उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भी धांधली कर सकती है, हर कांग्रेस जन अपने अपने बूथ पर कोई भी फर्जी नाम न शामिल होने दें। कई कस्बे व गांवों में बीएलओ जब मतदाता के निवास पर जा रहा है तो पता चल रहा है कि इस नाम का मतदाता इस गांव में नही है ऐसे मतदाताओं को सूची से बाहर कराने के लिए कांग्रेस जन तैयार हैं। बिहार चुनाव में जो गड़बड़ी हुई है वह उत्तर प्रदेश में नही हो इसके लिए हर व्यक्ति पूरी ताकत से अपना काम कर रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के नीतियों पर सवाल उठाते हुए केशवचन्द यादव ने कहा कि आज किसान खाद व बीज के लिए परेशान है लेकिन समय से उपलब्ध नही हो रहा है, किसान समितियों का चक्कर लगा कर घर वापस लौट जा रहे हैं।भ्र्ष्टाचार चरम पर है।अधिकारी व कर्मचारी अपने मनमानी पर उतर गए हैं। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के शासन से परेशान हो गई है। पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र पांडेय, दयाशंकर यादव ,मनीष रजक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

होमगार्ड जवान राजनाथ राम की ब्रेन हेमरेज से मौत, परिवार में मचा कोहराम

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

पकड़ी थाना पर तैनात होमगार्ड जवान राजनाथ राम की ब्रेन हेमरेज से शुक्रवार सुबह मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। राजनाथ राम डंकिनगंज गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, जवान राजनाथ राम बृहस्पतिवार की सुबह थाना पर अपनी रात की ड्यूटी पूरी करके घर लौटे थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही वे अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन घबराकर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के लिए भेज दिया। लेकिन वहां शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलने पर पकड़ी थाना अध्यक्ष लालमोहित सरोज होमगार्ड जवान के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। बताया जा रहा है कि राजनाथ राम का सेवा-काल पूरा होने में अभी तीन वर्ष बाकी थे। अचानक हुई इस मौत से परिवार के साथ थाना क्षेत्र में शोक छा गया है।

भरथा पुर के दस हितग्राहियों के खातों में पहुंची धनराशि ,मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल की हुई शुरूआत

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। विगत दो नवम्बर को जनपद भ्रमण के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कोर/क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट व गेरूआ एवं कौड़ियाला नदी के मध्य अत्यन्त दुरूह क्षेत्र में बसे राजस्व ग्राम भरथापुर के विस्थापन की घोषणा को धरातल पर कार्यान्वित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा किये गये प्रयासों के परिणाम स्वरूप वन विभाग के साथ एम.ओ.यू. करने वाले ग्राम के दस हितग्राहियों के खातों में भूमि मूल्य एवं परिसम्पत्तियों हेतु रू. 36 लाख 46 हज़ार 27 रूपये की धनराशि अन्तरित कर दी गई है।
भरथापुर ग्राम के हितग्राहियों शीला देवी पत्नी बेझा राम के खाते में रू. 03 लाख 27 हज़ार 840, मनोहर पुत्र पुत्तीलाल को रू. 08 लाख 35 हज़ार 500, गंगा देवी पत्नी हरीराम को रू. 03 लाख 28 हज़ार 30, लखराजा पुत्र बसंत लाल को रू. 01 लाख 34 हज़ार 280, केशवराम पुत्र बलदेव को रू. 10 लाख 759, तारा देवी पत्नी रामचन्दर को रू. 02 लाख 53 हज़ार 350, राधेश्याम पुत्र कल्लूराम को रू. 03 लाख 73 हज़ार 260, होली (हबली) पुत्र भारत को रू. 66 हज़ार 720, सितवा पुत्र राम प्रयाग को रू. 02 लाख 33 हज़ार 238 व माधुरी पत्नी राम सहाय के बैंक खाते में रू. 93 हज़ार 50 इस प्रकार 10 हितग्राहियों के खातों में रू. 36 लाख 46 हज़ार 27 रूपये की धनराशि अन्तरित कर दी गई है।

गोरखपुर मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा: सीएम डैशबोर्ड विसंगतियों पर मंडलायुक्त के कड़े निर्देश

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)।गोरखपुर मंडल के विकास कार्यों की प्रगति को तेज गति देने और सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज सूचनाओं को पूरी तरह सटीक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज जिलों से जुड़े विभागाध्यक्ष मौजूद रहे, जबकि तीन जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

सीएमआईएस पोर्टल पर गंभीर विसंगतियों को तुरंत सुधारने का आदेश

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन स्तर से कई परियोजनाओं में महत्वपूर्ण त्रुटियां चिन्हित हुई हैं, जिन्हें 72 घंटे के भीतर सुधारना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गलत डेटा, अधूरी प्रविष्टियां और अद्यतन जानकारी का अभाव विकास की वास्तविक प्रगति को प्रभावित करता है और किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें –ढाका के पास 5.5 तीव्रता का भूकंप, कोलकाता व पूर्वोत्तर भारत में भी तेज़ झटके महसूस—कहीं से नुकसान की सूचना नहीं

मुख्य त्रुटियाँ जिन पर कड़े निर्देश

परियोजनाओं के अद्यतन फोटोग्राफ अपलोड न होना — इसे गंभीर लापरवाही माना गया।लागत से अधिक अवमुक्त या व्यय राशि दर्ज होना — मंडलायुक्त ने इसे तकनीकी त्रुटि नहीं, बल्कि जवाबदेही का अभाव बताया।भौतिक रूप से पूर्ण परियोजनाओं की वित्तीय प्रगति शून्य/70% से कम दर्ज — तत्काल अपडेट का आदेश।पूर्णता तिथि दर्ज न होना — राज्यस्तरीय समीक्षा में परियोजना अधूरी दिखती है।एक्टिविटी-माइलस्टोन, विधानसभा क्षेत्र एवं प्रोजेक्ट मैनेजर विवरण अनुपस्थित — 72 घंटे में पूर्ण अपडेट करने का निर्देश।

ये भी पढ़ें –चुनाव से पहले पैसा बांटना कल्याण नहीं, लोकतंत्र के साथ धोखा-डॉ. मुरली मनोहर जोशी

विकास की रफ्तार बढ़ाने पर जोर

मंडलायुक्त ने कहा कि डेटा अपडेट न होना भी विकास में बाधा है। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने आश्वासन दिया कि नगर निगम की सभी परियोजनाओं का डेटा 48 घंटे में अपडेट कर दिया जाएगा। परियोजना निदेशक दीपक सिंह ने बताया कि सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर सीएमआईएस पोर्टल को पूरी तरह अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें –टिलकनगर पुलिस ने लौटाए चोरी के मोबाइल

मंडलायुक्त ने कहा— “सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज प्रगति ही आपकी वास्तविक प्रगति मानी जाएगी।”बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा में सभी विसंगतियों का निस्तारण कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

झारखंड JSSC परीक्षा पेपर आउट कांड का फरार आरोपी गोरखपुर से गिरफ्तार

UP STF की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से पुलिस को था उसकी तलाश

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (JSSC) स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर आउट मामले में फरार चल रहा वांछित अभियुक्त अंततः यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश ने एक सफल कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय साह उर्फ हरिहर सिंह को गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया। झारखंड में पंजीकृत मुकदमा संख्या 01/2025 में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
विनय साह उर्फ हरिहर सिंह, पुत्र अवधेश साह, पता—लेन नं. 04, सेक्टर–प्रथम, हनुमान नगर कॉलोनी, पार्किंग बाजार, चौकी जया शाहपुर, थाना शाहपुर, जिला गोरखपुर गिरफ्तार कर उसके पास से नेपाली सिम–01भारतीय सिम–01
एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर की टीम लंबे समय से इस मामले में वांछित आरोपी की तलाश में थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह पुष्टि हुई कि पेपर लीक कांड का आरोपी विनय साह गोरखपुर में छिपा हुआ है। एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम छिपाकर झूठा नाम बताया, लेकिन गहन पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि वही पेपर लीक प्रकरण का वांछित अभियुक्त है।

परीक्षा से पहले रूम लेकर हलवा-पूरी बोर्ड बनाने का खुलासा

पूछताछ में विनय साह उर्फ हरिहर सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि झारखंड JSSC परीक्षा दिनांक 22 सितंबर 2024 को हुई थी। परीक्षा से पहले वह अपने साथियों — मनीष कुमार, शशिकांत दीक्षित, और रंजीव त्रिपाठी के साथ होटल में रुका था। वहीं की रात उन्होंने अपने गैंग के साथ मिलकर मोबाइल के माध्यम से हलवा-पूरी (प्रश्नपत्र) तैयार किया, जिसे अगले दिन अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।

झारखंड पुलिस को सौंपा जाएगा आरोपी

गिरफ्तार आरोपी को थाना शाहपुर, गोरखपुर में दाखिल किया गया है। ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई के बाद उसे झारखंड भेजा जाएगा, जहां एसआईटी व आर्थिक अपराध अनुसंधान विभाग की टीम इस मामले में आगे की कठोर कार्रवाई करेगी।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को JSSC पेपर लीक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

रुंगटा इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड (रिफाइन फैक्ट्री) में भीषण आग

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित भारी फोर्स मौके पर

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र गीडा सेक्टर 15 में स्थित रुंगटा इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड (रिफाइन फैक्ट्री) में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घना काला धुआं आसमान में फैलता देख कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, गीडा पुलिस फोर्स, दमकल विभाग की कई गाड़ियां और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी और एसपी उत्तर खुद राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाले हुए हैं।
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रही है। रिफाइन फैक्ट्री में अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती दिखी, जिसके चलते दमकल विभाग को अतिरिक्त फोर्स और पानी की टैंकर बुलाने पड़े। दमकल कर्मी कई दिशाओं से आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लोगों को दूर रखा जा रहा है।
अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन से आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी ली जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा आग पूरी तरह काबू होने के बाद ही हो सकेगा।

जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में लाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है और सभी टीमें सतर्कता के साथ अपना काम कर रही हैं।

चौराहों पर अवैध टैक्सी स्टैंड की वसूली बेधड़क — जेब गरम, कानून नरम, अव्यवस्था दे रही दुर्घटनाओं को बढ़ावा

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिले के प्रमुख चौराहों जैसे परतावल,शिकारपुर, घुघली टैक्सी स्टैंड की अवैध वसूली खुलेआम चल रही है। नियत स्थल छोड़कर सड़क के बीचों-बीच खड़ी की जा रही टैक्सियों ने न सिर्फ यातायात व्यवस्था चौपट कर दी है, बल्कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा भी कई गुना बढ़ा दिया है। प्रशासन की चुप्पी और स्थानीय स्तर पर संरक्षण की चर्चा ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यातायात पुलिस केवल स्कूलों में अपने नियमों का पालन बताते हैं, लेकिन अपने ही पालन करने में सिफर हो जाते हैं। यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चौराहों पर टैक्सियों का मनमाना खड़ा होना, वसूलीकर्ताओं की दबंगई और नियमों का खुलेआम उल्लंघन आम बात हो गई है।
बताया जा रहा है कि प्रति टैक्सी 20 से 50 रुपये तक की वसूली की जा रही है, जो किसी भी सरकारी रसीद पर आधारित नहीं है।ड्राइवरों का कहना है कि वसूली देने के बिना उन्हें चौराहों पर खड़े होने तक नहीं दिया जाता। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि टैक्सी स्टैंड की यह अव्यवस्था परतावल, शिकारपुर घुघली चौराहों को दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बना रही है। कई बार स्कूली बच्चों और बाइक सवारों को इन टैक्सियों के कारण अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है,जिससे हादसे के हालात बनते हैं। दुकानदारों ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई का नतीजा शून्य है।
एक टैक्सी चालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया —भाई साहब, मनमानी वसूली हर दिन देनी पड़ती है। नहीं देंगे तो गाड़ी हटवा देंगे या डराएंगे। मजबूरी है, रोज़गार का सवाल है।
प्रशासन की ढिलाई पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? नियत टैक्सी स्टैंड खाली पड़े हैं, लेकिन चौराहे जाम और जोखिम से भर चुके हैं। इस व्यवस्था में आम जनता परेशान है और दुर्घटनाओं में वृद्धि होना अब आम बात हो चुकी है।सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए,नियत टैक्सी स्टैंड पर ही वाहनों की पार्किंग अनिवार्य कराई जाए,और चौराहों पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए,ताकि कानून का पालन हो और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
जनता का सवाल सीधा है–जेब भरने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, तो सड़क सुरक्षा कैसे सुधरेगी?

कोपागंज में सघन चेकिंग अभियान , आधा दर्जन स्थानों पर वाहन व संदिग्धों की जांच

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा ) पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित मिशन चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र में चलाया गया। कोपागंज थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की।

चेकिंग अभियान कोपागंज के कसारा, काछीकला, शहरोज डाडी मोड़ सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों, राहगीरों तथा संभावित संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया गया।

अभियान में उप निरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल अवधेश यादव सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे और पूरे तत्परता के साथ चेकिंग में सहयोग करते रहे।

थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि मिशन अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना तथा किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाना है। इसी के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जबकि असामाजिक तत्वों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर इंदारा स्टेशन से कसारा तक भव्य पदयात्रा, बच्चों–शिक्षकों ने दिया एकता का संदेश

कोपागंज थाना प्रभारी रवींद्रनाथ राय दलबल के साथ रहे मुस्तैद

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा )

भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को इंदारा स्टेशन से कसारा तक शानदार और अनुशासित भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों व स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति नारों, तिरंगे और सरदार पटेल के विचारों से जुड़े संदेशों वाली तख्तियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और जागरूकता का संदेश पूरे मार्ग में दिया।

पदयात्रा सुबह इंदारा स्टेशन से आरंभ हुई। स्कूलों के संगठित दल, शिक्षकों का मार्गदर्शन और बच्चों की ऊर्जा ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा आगे बढ़ते हुए कसारा की ओर पहुँचती रही, जहां स्थानीय लोगों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस भव्य आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए कोपागंज थाना प्रभारी रवींद्रनाथ राय ,एसआई नीतीश चौधरी अपने दलबल के साथ पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की गहन निगरानी करते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनकी तत्परता और पुलिस बल की सक्रियता के कारण पदयात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल रही। पूरे रास्ते पुलिसकर्मी ट्रैफिक नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और बच्चों की सुरक्षा में लगे रहे।

कसारा पहुँचने पर पदयात्रा का समापन सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण, राष्ट्रगान और एकता-संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पटेल के योगदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पदयात्राएँ युवाओं में देश के प्रति समर्पण और जागरूकता का भाव मजबूत करती हैं।

तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर में टकरा गई। दुर्घटना में कार में सवार एक युवक की मौत

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

रसड़ा कोतवाली अंतर्गत रसड़ा-मऊ मार्ग पर गढ़िया रेलवे क्रासिंग के समीप गुरुवार की रात में करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर में टकरा गई। दुर्घटना में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ ले गए। दुर्घटना में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जा रहा है कि गाजीपुर जनपद के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पिहुली गांव के रहने वाले मतीउर्रहमान उर्फ सोनू (25), मुजाहिद खां (24) व कार चालक 26 वर्षीय इश्तियाक अहमद उर्फ बिट्टू (26) किसी काम से मऊ गये हुए थे। कार सवार वहां से रसड़ा होकर गांव के लिए रात में लौट रहे थे।इस दौरान रसड़ा से करीब एक किलोमीटर पहले गढ़िया रेलवे क्रासिंग का फाटक किसी ट्रेन के गुजरने को लेकर बंद था। इससे क्रासिंग के पास वाहनें खड़ी थीं।इस बीच मऊ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार खड़े ट्रेलर में टकरा गई। हादसे में कार सवार चालक समेत तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को वहां से स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां पर अस्पताल के डाक्टरों ने जांच के बाद मतीउर्रहमान उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक इश्तियाक व मुजाहिद की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने यहां से रेफर कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजन घायलों को इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए। मृतक के परिजन रोने-बिलखने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई।

टिलकनगर पुलिस ने लौटाए चोरी के मोबाइल

0

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा ) सिटीजन संस्था के अंतर्गत ऑनलाइन डिजिटल फ्रॉड अगेन्स्ट क्राइम स्टॉप टीम द्वारा टिलकनगर पुलिस थाने में एक प्रशंसनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस ने विभिन्न चोरों से बरामद किए गए चोरी के मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंपे।
चोरी की शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों ने बताया कि पुलिस और सिटीजन संस्था के संयुक्त प्रयासों से उन्हें उनके मोबाइल सुरक्षित रूप से वापस मिले। कार्यक्रम मे उपस्थित सभी के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी की गई थी, जिसके लिए संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मासूम अली ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसीपी बाबुराव सोनावणे, वरिष्ठ पीआई संतोष हेमरे, पीआई मनीषा कुलकर्णी, साइबर टीम के पीएसआई राहुल राठौड़, पुलिस सिपाही पुरुषोत्तम महूलाम तथा महिला सिपाही सविता पावसे उपस्थित रही। इन्हीं के हाथो से चोरी के मोबाइल फोन संबंधित नागरिकों को सौंपे गए।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सोनवणे के निर्देशानुसार और महाराष्ट्र सचिव संतोष भालेराव, मुंबई अध्यक्ष धीरज खैरनार, मुंबई सचिव संतोषी खोरवाल, महिला अधिकारी कांता देवी, तथा संस्था के डैशिंग ऑफिसर अजय शिंदे की उपस्थिति में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
सिटीजन संस्था मिशन स्टॉप क्राइम ने इस उपक्रम के माध्यम से टिलकनगर पुलिस विभाग के योगदान की सराहना करते हुए उनका हार्दिक स्वागत किया।