Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 449

‘अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग’ — चीन के भड़काऊ बयान पर भारत का करारा जवाब, MEA ने कहा- महिला के पास वैध पासपोर्ट था

चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश पर एक बार फिर विवादित बयान देने के बाद भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने साफ कर दिया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है, और चीन की ओर से दिया गया कोई भी बयान इस सच्चाई को बदल नहीं सकता।

भारत की कड़ी आपत्ति—’अरुणाचल हमारा था, हमारा है और हमारा ही रहेगा’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन द्वारा एक भारतीय महिला को मनमाने ढंग से हिरासत में लेना पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि महिला के पास वैध भारतीय पासपोर्ट था और वह शंघाई एयरपोर्ट से जापान के लिए ट्रांजिट में थीं।

जायसवाल ने कहा:

“चीनी अधिकारी अपनी कार्रवाई को लेकर कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दे पाए हैं। यह अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के कई नियमों का उल्लंघन है।”

चीन ने अपने ही वीजा-फ्री ट्रांजिट नियम तोड़े: MEA

विदेश मंत्रालय ने बताया कि चीन की कार्रवाई उनके 24 घंटे वीजा फ्री ट्रांजिट नियमों का भी उल्लंघन है।
यह नियम दुनिया के सभी यात्रियों पर लागू होता है, लेकिन पेमा वांगजोम थोंगडोक को सिर्फ इसलिए रोका गया क्योंकि उनके पासपोर्ट पर जन्मस्थान अरुणाचल प्रदेश लिखा था।

थोंगडोक, जो ब्रिटेन में रहती हैं, 21 नवंबर को लंदन से जापान जा रही थीं।
उन्होंने कहा कि तीन घंटे का ट्रांजिट उनके लिए बुरा सपना बन गया, क्योंकि चीनी इमिग्रेशन ने उनका पासपोर्ट ‘अवैध’ करार दिया।

चीन का दावा—’न हिरासत, न उत्पीड़न’, पर दोहराया वही पुराना विवाद

घटना पर पूछे जाने पर चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने दावा किया कि महिला के साथ कोई जोर-जबर्दस्ती नहीं हुई।
लेकिन इसके साथ ही उन्होंने अरुणाचल पर अपना विवादित बयान दोहराते हुए कहा:

“जंगनान (अरुणाचल प्रदेश) चीन का हिस्सा है। भारत द्वारा स्थापित तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को चीन कभी स्वीकार नहीं करता।”

इस बयान ने दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा दिया है।

भारत ने दिया डिमार्शे, चीन ने फिर दी विवादित प्रतिक्रिया

भारत द्वारा चीनी दूतावास में औपचारिक विरोध (Demarche) दर्ज कराने पर चीन ने फिर वही पुराना राग अलापा कि अरुणाचल प्रदेश उसका हिस्सा है।
भारत ने इसे पूरी तरह खारिज करते हुए कहा:

• अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य हिस्सा था और हमेशा रहेगा।

• चीन की बयानबाजी वास्तविकता को नहीं बदल सकती।

• भारतीय नागरिक के साथ की गई कार्रवाई अस्वीकार्य है।

क्यों यह घटना बड़ी है?

• चीन लगातार अरुणाचल पर अपने दावे दोहरा रहा है

• भारतीय नागरिकों के दस्तावेजों को लेकर चीन का भेदभाव बढ़ रहा है

• एयरपोर्ट पर रोकना अंतरराष्ट्रीय यात्रा नियमों का उल्लंघन

• भारत-चीन रिश्तों में पहले से तनाव मौजूद

यह घटना दो देशों के बीच कूटनीतिक तनाव को और गहरा कर सकती है।

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर की एयरस्ट्राइक, 9 बच्चों समेत 10 की मौत; पेशावर हमले के बाद क्यों बढ़ रहा तनाव?

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने खोस्त प्रांत में एक आवासीय क्षेत्र पर एयरस्ट्राइक की, जिसमें 9 बच्चों और एक महिला की मौत हो गई है। यह हमला पेशावर में हुए आत्मघाती हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आए नए तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

अफगानिस्तान का आरोप—’नागरिकों के घर पर बमबारी’

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी हमलावर बलों ने एक आम नागरिक के घर को निशाना बनाया, जिससे पांच लड़के, चार लड़कियां और एक महिला की मौत हो गई।

मुजाहिद ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफगानिस्तान अपने एयरस्पेस और नागरिकों की सुरक्षा का अधिकार रखता है और सही समय पर इसका जवाब देगा।

खोस्त के अलावा कुनार और पक्तिका बॉर्डर इलाके में भी ड्रोन और लड़ाकू विमानों से हमले किए जाने की खबर है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कई लोग घायल हुए हैं और प्रभावित इलाकों में घरों का मलबा हटाने का काम जारी है।

पेशावर आत्मघाती हमले के बाद बढ़ा तनाव

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान की तरफ से यह कार्रवाई पेशावर में फेडरल कांस्टेबुलरी मुख्यालय पर हुए आत्मघाती धमाके के बाद की गई है, जिसमें 3 अधिकारी मारे गए और 11 घायल हुए थे।

पाकिस्तान के सरकारी चैनल PTV का दावा है कि हमलावर अफगान नागरिक था।
राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने इस हमले के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को जिम्मेदार ठहराया है।

इससे पहले इस्लामाबाद में कोर्ट परिसर के बाहर हुए आत्मघाती हमले में भी 12 लोग मारे गए थे, जिसने दोनों देशों के बीच रिश्तों को और खराब किया।

सीमा विवाद बना तनाव की मुख्य वजह

दोनों देशों के बीच तनाव का केंद्र ड्यूरंड लाइन है, जिसे सीमा रेखा के रूप में पाकिस्तान मानता है, लेकिन अफगानिस्तान इसे स्वीकार नहीं करता।

2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद से ही सीमा पर झड़पें, गोलीबारी और ड्रोन हमले बढ़ गए हैं।
अक्टूबर 2024 में हुई भीषण झड़पों में 70 लोगों की मौत हुई थी, जिसने रिश्तों में गहरी खाई पैदा कर दी।

क्यों खतरा और बढ़ रहा है?

• TTP के अफगानिस्तान में सक्रिय होने के पाकिस्तान के आरोप

• पाकिस्तान द्वारा सीमा पर बाड़ लगाने की कोशिशों का अफगानिस्तान द्वारा विरोध

• ड्रोन और एयरस्ट्राइक की बढ़ती घटनाएं

• आत्मघाती हमलों का अफगानिस्तान से लिंक होने का दावा

विशेषज्ञों का मानना है कि हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और यदि तनाव नहीं घटा, तो सीमा पर बड़े सैन्य टकराव की आशंका नकारा नहीं जा सकती।

टी20 विश्व कप 2026: भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को, जानें पूरा शेड्यूल

0

खेल (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर! आईसीसी ने मंगलवार को टी20 विश्व कप 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके अनुसार चिर-प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत-पाक मैच तटस्थ स्थान पर

अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल गतिविधियों पर रोक जारी रखी हुई है। हालांकि, बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की अनुमति है।
बीसीसीआई और पीसीबी की सहमति के अनुसार दोनों टीमें 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर ही आमने-सामने होंगी, इसलिए पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा।

टी20 विश्व कप 2026: भारत और पाकिस्तान किस ग्रुप में?

आईसीसी ने भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा है। इस ग्रुप में कुल 5 टीमें शामिल होंगी।

टूर्नामेंट का फॉर्मेट

टूर्नामेंट अवधि: 7 फरवरी – 8 मार्च

कुल मैच: 55

कुल टीमें: 20

पहली बार खेलने वाली टीम: इटली

आठ स्थान: पाँच भारत में, तीन श्रीलंका में

टीमें 4 ग्रुप में बांटी जाएंगी। हर ग्रुप से दो टीमें सुपर-8 में जाएंगी, फिर आगे सेमीफाइनल और फाइनल होगा।
सेमीफाइनल कोलकाता, कोलंबो और मुंबई में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल अहमदाबाद या कोलंबो में आयोजित होगा—यह पाकिस्तान की राजनीतिक स्थिति पर निर्भर करेगा।

भारत का लीग शेड्यूल

7 फरवरी: vs अमेरिका (मुंबई)

12 फरवरी: vs नामीबिया (दिल्ली)

15 फरवरी: vs पाकिस्तान (कोलंबो)

18 फरवरी: vs नीदरलैंड (अहमदाबाद)

सूर्यकुमार यादव ने कहा—“भारत-पाक मैच हमेशा खास होता है”

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ग्रुप को संतुलित बताया और कहा कि टी20 प्रारूप में किसी भी दिन कोई भी टीम मैच पलट सकती है।
उन्होंने कहा कि टीम भारत-पाक मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित है और हाल ही में हुए एशिया कप की तरह यह मैच भी रोमांचक होगा।

रोहित शर्मा बने टी20 विश्व कप के टूर्नामेंट एंबेसडर

दिग्गज भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को आईसीसी ने 2026 टी20 विश्व कप का दूत नियुक्त किया है।
रोहित ने 2024 में भारत को टी20 विश्व चैंपियन बनाने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था।
उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ियों के साथ लगातार संवाद करते रहते हैं और जरूरत पड़ने पर मार्गदर्शन भी देते हैं।

संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता एवं मूट कोर्ट का भव्य आयोजन

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता एवं मूट कोर्ट का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया, जिसका अवलोकन अतिथियों ने किया और छात्रों की रचनात्मकता की विशेष सराहना की।
बीए एलएलबी के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित मूट कोर्ट कार्यक्रम इस आयोजन का केंद्र बिंदु रहा। इसमें आरुषि हत्याकांड से जुड़े कानूनी पक्षों, घटनाओं, साक्ष्यों, फॉरेंसिक पहलुओं और न्यायिक प्रक्रिया को बेहद सजीव और सटीक रूप में प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने चार्ज फ्रेमिंग, साक्ष्य परीक्षण, गवाहों से जिरह और अभियोजन-बचाव पक्ष की दलीलों को वास्तविक न्यायालय जैसी गंभीरता व पेशेवर शैली में प्रस्तुत किया।
सीआरपीसी, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धाराओं का विस्तृत उपयोग करते हुए छात्रों ने जो कानूनी समझ, आत्मविश्वास और तर्कशक्ति दिखाई, वह उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों व अतिथियों को गहराई से प्रभावित कर गई।
साक्ष्य परीक्षण के दौरान घटनास्थल के तथ्यों, फॉरेंसिक रिपोर्टों और परोक्ष साक्ष्यों का परिपक्व विश्लेषण विद्यार्थियों की उच्च विधिक समझ को दर्शाता रहा। न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे छात्र ने प्रश्नोत्तर, आपत्तियों पर निर्णय और आदेश लेखन को अत्यंत पेशेवर ढंग से संपन्न किया।
विशेष बात यह रही कि विद्यार्थियों ने न केवल केस के तकनीकी पहलुओं को समझा, बल्कि न्याय प्रक्रिया की संवेदनशीलता, नैतिकता और दायित्व को भी गंभीरता से अभिव्यक्त किया। उनकी वाद-विवाद शैली, प्रस्तुति और तथ्यों की पकड़ ने यह साबित किया कि विधि विभाग के छात्र भविष्य में उत्कृष्ट विधिक पेशेवर बनने की क्षमता रखते हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विधि शिक्षा को व्यवहारिक स्वरूप देते हैं और विद्यार्थियों में संविधान व न्यायिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण पुस्तकों “फ्रॉम सॉइल टू सोसाइटी”(लेखक: डॉ. संदीप कुमार सिंह एवं आशीष नाथ त्रिपाठी) व “फ़ाउंडेशन्स ऑफ़ इंग्लिश” बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर हेतु पाठ्यपुस्तक (लेखक: डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह) का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधि विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. डॉ. जितेंद्र मिश्रा, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. चंद्रशेखर, बीए एलएलबी संयोजक एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अहमद नसीम, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दूबे सहित विभाग के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

अलसीफा ज्वेलरी शॉप में लाखों की चोरी, महिला सीसीटीवी में कैद

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा )जनपद के कोपागंज कस्बे के भरत मिलाप पर स्थित अलसीफा ज्वेलरी दुकान में लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी का मामला सामने आया है। दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची एक महिला ने मौका पाकर कीमती गहनों को अपने बैग में रखा और थोड़ी देर बाद वहां से निकल गई।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें महिला ज्वैलरी को अपने बैग में रखते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। चोरी गई ज्वैलरी की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
सूचना के बाद मामले को लेकर चर्चा बढ़ी, हालांकि इस संबंध में कोपागंज थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि इस घटना की जानकारी अभी तक पुलिस को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे ही तहरीर या सूचना प्राप्त होगी, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दुकान के मालिक अकील ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति महिला की पहचान, पता या उसके बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी देगा, उसे उनकी ओर से ₹10,000 का इनाम दिया जाएगा।
घटना के बाद व्यापारियों में सतर्कता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है। मामले की आगे जांच अपेक्षित है।

डीएम का औचक निरीक्षण: मतदाता पुनरीक्षण और फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के कड़े निर्देश

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को मिठौरा ब्लाक में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी। निरीक्षण का मुख्य फोकस था—मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण और किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कार्य की वास्तविक प्रगति का आकलन।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले ग्रामसभा भागाटार पहुंचे, जहां मतदेय स्थल 202, 203 और 204 पर एसआईआर प्रक्रिया चल रही थी। उन्होंने बूथवार जानकारी लेते हुए बीएलओ से फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की विस्तृत स्थिति जानी।
बूथ 202 पर 1126 मतदाताओं में सभी फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, वहीं लगभग 200 फॉर्म ऑनलाइन अपलोड भी हो चुके हैं। बूथ 203 (1141 मतदाता) और बूथ 204 (864 मतदाता) पर करीब 400–400 फॉर्म डिजिटाइज किए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अत्यंत प्राथमिकता वाला कार्य है, इसलिए किसी भी स्तर की ढिलाई को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना प्रगति बढ़ाने और समयसीमा के भीतर सूची प्रकाशन से लेकर आपत्तियों के निस्तारण तक सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद डीएम पंचायत सचिवालय पहुंचे, जहां किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की धीमी रफ्तार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और एडीओ पंचायत कौशल किशोर सिंह को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसानों को तेज, सरल और सुगम सेवाएं मिलें, इसलिए किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और फार्मर रजिस्ट्री दोनों शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्य हैं और इन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण करना अनिवार्य है।

कोपागंज ब्लाक के लाड़नपुर में अधूरी जल टंकी बनी परेशानी का सबब

दो वर्षों से ठप पड़ा हर घर नल-हर घर जल योजना का कार्य

मऊ( राष्ट्र की परम्परा ) जनपद के कोपागंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम सभा लाड़नपुर में पेयजल संकट आज भी लोगों की बड़ी समस्या बनी हुई है। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल, हर घर जल के तहत यहां लगभग 45 लाख रुपये की लागत से एक विशाल पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके। लेकिन अफसरों की लापरवाही और ठेकेदार की उदासीनता के कारण यह परियोजना दो वर्षों से अधूरी पड़ी है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया, जिसके बाद अब तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली। गर्मी के मौसम में गांव के कई हिस्सों में हैंडपंप सूख जाते हैं और महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस योजना में भ्रष्टाचार की बू साफ झलकती है, क्योंकि भारी-भरकम धनराशि खर्च होने के बावजूद टंकी आज तक तैयार नहीं हो सकी।
इस मामले में ग्राम सभा के लोगों में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण पूर्व प्रधान प्रतिनिधि समीर तिवारी, प्रह्लाद तिवारी, पप्पू तिवारी, छोटेलाल राजभर, अशोक, हरिंदर, महेंद्र और चुन्नू तिवारी आदि ने कहा कि अगर जल्द ही कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पड़ी जलटंकी को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि हर घर को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके और सरकार की महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर उतर सके।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने पूर्व प्रधान के असामयिक मृत्यु पर जताया गहरा शोक

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भिटौली क्षेत्र के पूर्व प्रधान एवं पूर्व कनिष्ठ प्रमुख घुघली आशीष गौतम की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अत्यंत मिलनसार स्वभाव, सक्रिय राजनीतिक भागीदारी और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण क्षेत्रवासी उन्हें काफी सम्मान की दृष्टि से देखते थे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी स्वयं भिटौली स्थित उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
शोक संवेदना प्रकट करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि आशीष गौतम राजनीति में सदैव सक्रिय और समर्पित रहे। उनके भीतर अद्भुत नेतृत्व क्षमता और जनहित के प्रति सच्ची निष्ठा थी। हमने एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और संघर्षशील साथी को खो दिया है,जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। मंत्री के पहुंचने से गांव का माहौल और भी भावुक हो उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और क्षेत्रीय कार्यकर्ता दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
इस मौके पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, सपा नेता बिंद्रेश कन्नौजिया, प्रधान संघ के नेता एजाज खान, प्रदीप उपाध्याय, ठाकुर प्रसाद रौनियार, स्वामीनाथ गुप्ता, नंदू दुबे सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने भी पूर्व प्रधान की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने कहा कि आशीष गौतम एक मिलनसार, व्यवहार कुशल और जनहित में सदैव अग्रणी रहने वाले नेता थे। उनकी मृत्यु से क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक संरचना को भारी क्षति पहुंची है।
ग्रामीणों ने बताया कि आशीष गौतम हमेशा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देते थे और विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन से जहां परिवार टूट गया है, वहीं पूरे क्षेत्र ने एक सक्षम और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है। दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की जा रही है।

पारिवारिक विवादों का कराए लोक अदालत में निस्तारण-प्रधान न्यायाधीश

0

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर समीक्षा बैठक सम्पन्न

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)l जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (13 दिसंबर 2025) की तैयारियों को लेकर जिला प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र नाथ गोस्वामी एवं प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय नासिर अहमद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रधान न्यायाधीश ने लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु प्रभावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने बताया कि सभी न्यायालयों से नोटिसों की तामीला कराई जा रही है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी आवश्यक तैयारियाँ तेज गति से जारी हैं।
प्रधान न्यायाधीश नासिर अहमद ने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि आम लोग राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग कर अपने लंबित विवादों का त्वरित निस्तारण कर लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे पारिवारिक मामले, जो किसी न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उन्हें प्री-लिटिगेशन स्तर पर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराया जा सकता है। इसके लिए पक्षकारों को मात्र एक प्रार्थना पत्र में अपने आपसी विवाद का विवरण प्रस्तुत करना होता है। लोक अदालत में निस्तारित मामलों का आदेश न्यायालय की डिक्री के समान प्रभावी होगा।

छात्रवृत्ति डाटा अग्रसारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी की कड़ी चेतावनी

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद के सभी महाविद्यालयों, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्राचार्यों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति योजनांतर्गत पोर्टल पर छात्रों के डाटा अग्रसारित/निरस्त किए जाने की संस्थानवार समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश संस्थाओं द्वारा डाटा अग्रसारित या निरस्त करने की प्रगति संतोषजनक नहीं है।
इस पर जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि 30 नवंबर 2025 तक पात्र छात्रों के डाटा को अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अग्रसारित किया जाए तथा अपात्र छात्रों का डाटा निरस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संस्थान के पोर्टल पर कोई भी डाटा लंबित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी संस्था की लापरवाही से कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित होता है, तो संबंधित संस्था पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही यह भी कहा गया कि जिन संस्थानों की प्रगति 30 नवंबर 2025 तक 80 प्रतिशत से कम पाई जाएगी, उनके प्राचार्यों की पुनः बैठक 2 दिसंबर 2025 को बुलाई जाएगी।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र सहित विभिन्न संस्थानों के प्रबंधक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।

एसआईआर में लापरवाही पर सहायक अध्यापक व अनुदेशक का वेतन बाधित

दोनों कार्मिकों से तलब किया गया स्पष्टीकरण

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। भारत निर्वाचन आयोग की शीर्ष प्राथमिकता पर प्रकियाधीन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के पर्यवेक्षण हेतु सहा.निर्वा.रजि.अधि. द्वारा किये गये क्षेत्र भ्रमण के दौरान चित्तौरा अन्तर्गत 325- प्रा.वि. मोहम्मद नगर काज़ीजोत के (क.न.-2) के लिए तैनात बी.एल.ओ. सहायक अध्यापक रूमाना कुद्दूस तथा 330- प्रा.वि. झिंगहा अतिरिक्त के (क.न.-1) के लिए तैनात बी.एल.ओ. शिक्षा अनुदेशक संतोष कुमार क्षेत्र में अनुपस्थित पाये जाने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मटेरा द्वारा सम्बन्धित कार्मिकों के विरूद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गइ थी।निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मटेरा की संस्तुति पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह द्वारा सहायक अध्यापक रूमाना कुद्दूस का वेतन तथा अनुदेशक संतोष कुमार का मानदेय तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक बाधित करते हुए अनुपस्थिति के सम्बन्ध में बीईओ चित्तौरा के माध्यम से स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये है। बीएसए द्वारा सम्बन्धित को सचेत किया गया है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण हेतु सौपे गये दायित्वों का समय से निर्वहन करते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

धर्म-ध्वजा स्थापना के उपलक्ष्य में प्रसाद वितरण किया गया

बहराइच(राष्ट्र की परम्परा)‌l पयागपुर में अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भगवान श्रीराम के पावन धाम में धर्म-ध्वजा स्थापना के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जहां मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र पयागपुर के मंगरेपुरवा मोड़ पर युवाओं ने यह आयोजन किया। जिसमें भगवा ध्वज फहराया गया और भंडारा में प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निशंक त्रिपाठी ने मंगरेपुरवा में ध्वज फहराकर तथा इसका शुभारंभ किया। उन्होंने अयोध्या में हुई धर्म-ध्वजा स्थापना को देश की सांस्कृतिक पुनर्जागरण यात्रा का महत्वपूर्ण क्षण बताया। निशंक त्रिपाठी ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा,अयोध्या से उठी आस्था की ज्योति अब गांव-गांव भगवान श्रीराम की मर्यादा और समाज की एकजुटता का संदेश दे रही है।ध्वजारोहण के बाद निशंक त्रिपाठी ने भंडारे में प्रसाद वितरण किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह बढ़ गया। इस अवसर पर निषाद पार्टी की जिला अध्यक्ष मनोज निषाद, भाजपा के मंडल महामंत्री अजय तिवारी, प्रदीप त्रिपाठी छोटू, रमेश मिश्रा, विनोद पांडे, घनश्याम तिवारी, शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी, देवेंद्र मोहन त्रिपाठी, राजेंद्र तिवारी, राजू तिवारी और चंद्रशेखर प्रजापति गौरी शंकर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति के तहत चितबड़ागांव में चला महिला जागरूकता अभियान, बच्चियों को सुरक्षा के बताए गए उपाय

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत थाना चितबड़ागांव क्षेत्र में बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बालिकाओं और महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकार और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चियों को बताया कि वे किसी भी कठिन परिस्थिति में धैर्य, विवेक और संयम से काम लें तथा डरने के बजाय तुरंत सहायता प्राप्त करें। उन्हें सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई और आत्मरक्षा को लेकर भी प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को डायल 112, 1090 (वुमेन पावर लाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 102 और 108 जैसे आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कॉल करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही साइबर अपराध को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाई गई। बच्चियों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई और बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अनचाही कॉल्स रिसीव न करें। यदि कोई संदिग्ध कॉल या साइबर फ्रॉड की आशंका हो तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि महिलाएं और बच्चियां खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

100% कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ दंपत्ति को उपजिलाधिकारी ने किया सम्मानित

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

विधानसभा क्षेत्र सिकंदरपुर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ दंपत्ति को आज 25 नवंबर को सम्मानित किया गया। भाग संख्या 191 एवं 193 के बूथ लेवल अधिकारी नागेंद्र यादव एवं सुशीला देवी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षामित्र पद पर कार्यरत इस बीएलओ दंपत्ति ने अपने-अपने क्षेत्र में 100 प्रतिशत मतदाताओं का फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में उनके इस सराहनीय योगदान को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने उन्हें मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। सम्मान समारोह के दौरान उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने अन्य सभी बीएलओ से अपील करते हुए कहा कि वे भी इसी प्रकार लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों को शीघ्र पूरा करें, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार हो सके। इस कार्य में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागेंद्र यादव एवं सुशीला देवी के कार्य की सराहना करते हुए इसे अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत बताया और सभी से घर-घर संपर्क अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में प्रशासन की बड़ी पहल, एसडीएम ने जनता से की सहयोग की अपील

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है। इस अभियान में कुल 329 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को लगाया गया है, जिनकी निगरानी के लिए 36 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इनके सहयोग के लिए ग्राम सभाओं में कार्यरत शिक्षा मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, कोटेदार, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य विभागों के कर्मचारी लगाए गए हैं। इस पूरे अभियान की निगरानी उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार द्वारा की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि मतदान सूची की शुद्धता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसमें आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य कर रहे हैं, ऐसे में सभी नागरिकों को चाहिए कि वे बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और सहयोग करें।
एसडीएम सुनील कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत नए मतदाताओं का नाम जोड़ना, मृत मतदाताओं का नाम हटाना, स्थानांतरण की स्थिति में संशोधन करना तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को सही करना प्राथमिकता पर किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनावों में कोई भी पात्र नागरिक मतदान से वंचित न रह जाए।प्रशासन द्वारा इस अभियान को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। संबंधित ग्राम पंचायतों में मुनादी, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अंत में उपजिलाधिकारी ने पुनः जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बीएलओ तथा अभियान से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।