वाराणसी/लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। आज सोमवार, 9 मार्च 2026 को हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र कृष्ण पक्ष षष्ठी तिथि है, जो रात 11:27 बजे तक रहेगी। इसके बाद सप्तमी तिथि प्रारंभ होगी। आज विशाखा नक्षत्र शाम 04:11 बजे तक रहेगा, इसके बाद अनुराधा नक्षत्र का आरंभ होगा।
आज सुबह 07:35 बजे तक व्याघात योग रहेगा, इसके बाद हर्षण योग शुरू होगा। वहीं गर करण सुबह 10:17 बजे तक, इसके बाद वणिज करण रात 11:27 बजे तक रहेगा और फिर विष्टि करण प्रारंभ होगा।
सूर्योदय और सूर्यास्त
सूर्योदय: 06:14 AM सूर्यास्त: 05:56 PM चंद्रोदय: 11:31 PM चंद्रास्त: 09:59 AM
बरहज/देवरिया(राष्ट्र क़ी परम्परा) रविवार को टेकुआ चौराहे के पास ईंट भट्टे पर काम करने वाले असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के साथ अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस, मजदूर अधिकार मंच के बैनर तले मनाया गया। मंच के संयोजक रामकिशोर चौहान ने कहा कि 8मार्च का दिन दुनियां भर के मेहनतकस महिलाओं के संघर्ष, बलिदान, और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। 1857में अमेरिका के न्यूयार्क शहर में कपड़ा मिलों में काम करने वाली महिलाओं से उस दौर में उनसे 16- 16घंटे काम कराया जाता था, वेतन बहुत कम था और काम की परिस्थितियां अमानवीय थीं, जिसके खिलाफ महिलाओ ने ऐतिहासिक विद्रोह किया। न्यूयार्क शहर में लगभग 15हजार महिला मजदूरों ने समाजवादी आंदोलन के बैनर तले संघर्ष करते हुए अपने मांगों को मनवाने का कार्य किया, तब जाकर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1975 में 8मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप मे मनाने का विश्व के सभी देशो से आह्वान किया। शिवचन्द चौहान ने बताया कि आज का दिन मानव इतिहास में स्त्रियों की क्रांतिकारी भूमिका को रेखांकित करने वाला दिन है। वही दयालू चौहान ने कहा कि 1910में अंतराष्ट्रीय मजदूर नेता क्लारा जेटकिन के नेतृत्व में हर साल महिला दिवस मनाने का निर्णय हुआ था। कार्यक्रम के उपरांत मजदूर अधिकार मंच के संयोजक रामकिशोर चौहान ने महिला दिवस पर सभी असंगठित मजदूरों को फल वितरण किया ।इस अवसर पर विमलेश चौहान, प्रतिभा सिंह,शिवानंद चौहान, रामकिशुन दयालू चौहान, शिवचन्द, बंदना, सीमा, रीमा आदि लोग मौजूद रहे।
प्रदेश संयोजक सरदार रणवीर सिंह ने किया मनोनयन बलिया(राष्ट्र की परम्परा) बागी बलिया की माटी के यशस्वी सपूत एवं ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सौरभ कुमार को सामाजिक संस्था प्रयास सामाजिक सेवा समिति के प्रदेश मार्गदर्शन मंडल का सदस्य मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन संस्था के प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार सरदार रणवीर सिंह द्वारा किया गया है। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है तथा लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।जानकारी के अनुसार प्रयास सामाजिक सेवा समिति के प्रदेश मार्गदर्शन मंडल के सदस्य रहे सोनभद्र के वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार पंडित मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी के निधन के बाद यह पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। संस्था के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए डॉ. सौरभ कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर प्रदेश संयोजक सरदार रणवीर सिंह ने सहमति जताते हुए उन्हें प्रदेश मार्गदर्शन मंडल का सदस्य मनोनीत कर दिया।गौरतलब है कि बलिया जनपद के गड़वार कस्बा निवासी डॉ. सौरभ कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित और सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को बुलंद किया है। वे प्रदेश के बड़े पत्रकार संगठनों में शुमार ग्रामीण पत्रकार एशोसिएशन उत्तर प्रदेश से लंबे समय तक जुड़े रहे और करीब चार दशक तक निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व किया।डॉ. सौरभ कुमार ने गड़वार से स्थापित ग्रामीण पत्रकार एशोसिएशन के छोटे से पौधे को अपने नेतृत्व और मेहनत से पूरे प्रदेश में वटवृक्ष के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में संगठन ने पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। यही कारण है कि पत्रकारिता जगत में उन्हें एक सशक्त और ईमानदार व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता है। प्रयास सामाजिक सेवा समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि डॉ. सौरभ कुमार के अनुभव और मार्गदर्शन से संस्था की सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उनके जुड़ने से संस्था के कार्यों का विस्तार होगा और समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहल को बढ़ावा मिलेगा।डॉ. सौरभ कुमार के इस महत्वपूर्ण दायित्व पर मनोनयन को लेकर प्रयास सामाजिक सेवा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा पत्रकार जगत के लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है और उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक: कनस्तर-बोतल में तेल बिक्री पर रोक, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सोशल मीडिया पर डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के मद्देनज़र जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में ईंधन और गैस की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों से डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी सिलिंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति की जानकारी ली। इस पर सभी संचालकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से डीजल-पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति मिल रही है और जनपद में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी डीजल-पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जान-बूझकर अफवाह फैलाकर लोगों में अनावश्यक घबराहट पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में वाहनों के अतिरिक्त किसी कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तन में डीजल- पेट्रोल की बिक्री न की जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध तरीके से बार-बार ईंधन खरीदने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी जाए। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को भी निर्देशित किया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑन-लाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए और उपभोक्ताओं के घर तक ही वितरण सुनिश्चित किया जाए। बिना ऑन-लाइन बुकिंग के एलपीजी सिलिंडर का वितरण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि गैस एजेंसी के गोदाम से सीधे सिलिंडर का वितरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई को तेज किया जाए तथा औचक निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह सहित पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहें।
सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र क़ी परम्परा) आज जरूरत है कि लोकतंत्र को और मजबूत किया जाए, ग्रामीण क्षेत्र का पत्रकार वास्तव में लोकतांत्रिक मूल्यों का सजग प्रहरी होता है, उक्त बातें नगर के हरैया वार्ड में स्थित पत्रकार भवन पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी व परिचय पत्र वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रधानाचार्य विजयेंद्र कुमार शुक्ल ने कहा।उन्होंने कहा कि जरूरत है कि हर मजबूर व लाचार की आवाज बनकर उनकी बात सामाजिक पटल पर रखा जाए। नगर पंचायत के अध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि बहुत ही बड़ी चुनौती है आज के हालात में पत्रकारिता करना,लेकिन इन्ही कलमकार साथियों के दम पर समाज मजबूती के साथ खड़ा है। आरएल एकेडमी के प्रबंधक संदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि देश को आजादी दिलाने से लेकर सरकार के जनविरोधी नीतियों को उजागर कर जनता की सशक्त आवाज उठाने का काम पत्रकार करते रहे हैं। तहसील अध्यक्ष एस एन मिश्र ने कहा कि ग्रापए महापुरुषों को उनके जयंती व पूर्ण तिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर याद करेगा। गोष्ठी की अध्यक्षता एस एन मिश्र व संचालन डॉ धर्मेन्द्र पांडेय ने किया। कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष रामनवल सिंह, केपी गुप्त, आनन्द प्रकाश उपाध्याय, रत्नेश यादव, जितेन्द्र पांडेय,राकेश यादव, डॉ धर्मेन्द्र पांडेय, रामू यादव, बृजेश कुमार द्विवेदी, दिनेश कसेरा, विपिन जायसवाल, राजेन्द्र बहादुर सिंह, चंद्रकांत तिवारी, विवेक धर द्विवेदी,अजय दूबे, डॉ आर के यादव,रामविलास तिवारी, अभिनीत उपाध्याय, सोनू पांडेय आदि ने सम्बोधित किया।
शाहजहांपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा) कस्बा गढ़िया रंगीन में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्राम विलगारी निवासी रंजीत पुत्र रामभजन अपनी रिश्तेदारी में मौगटिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरी बाइक सवार राहुल पुत्र अवधेश, निवासी खिरिया रतन से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल एक बाइक का नंबर UP 27 BP 7498 और दूसरी बाइक का नंबर UP 27 BQ 7135 है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नसीरपुर कलां गांव निवासी चंदन सिंह पुत्र ब्रजराज सिंह का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन होने के बाद प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। गांव आगमन पर ग्राम प्रधान अनिता सिंह की ओर से मटिही चट्टी पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए गर्व व्यक्त किया। पूर्व प्रधान दीपक कुमार सिंह ने कहा कि चंदन सिंह ने अपने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।चंदन सिंह के पिता ब्रजराज सिंह ने बताया कि चंदन की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली से हुई। इसके बाद उन्होंने बीटेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी पृष्ठभूमि होने के बावजूद चंदन ने बचपन से ही देश सेवा का सपना देखा और उसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए निरंतर तैयारी करते रहे। उन्होंने बताया कि बचपन से ही चंदन पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और अपनी कक्षा के होनहार विद्यार्थियों में शामिल रहते थे।एनडीए की तैयारी के साथ-साथ उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी लगातार मेहनत की। ईश्वर और पूर्वजों के आशीर्वाद से उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने का गौरव प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।चंदन सिंह के बाबा बेनीमाधव सिंह ने कहा कि अगर छात्र कड़ी मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करें तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। चंदन की सफलता से पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और युवाओं में भी देश सेवा के प्रति नई प्रेरणा जागी है। इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह, जयशंकर सिंह, धीरज सिंह, चंद्रभूषण सिंह, ध्रुव तिवारी, प्रहलाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और चंदन सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बलिया(राष्ट्र की परम्परा) क्षेत्र पंचायत बेलहरी अंतर्गत ग्राम सभा कठही (बबुआपुर) में बिजली के तार काफी नीचे लटक जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लटकते तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर पीड़ित लोगों द्वारा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ताओं को विभाग की ओर से सूचना दी गई कि उनकी शिकायत संबंधित अधिकारी बेलहरी को भेज दी गई है। इसके बावजूद अब तक लटके हुए तारों को ठीक नहीं कराया गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रामजी यादव ने बताया कि गांव में बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा है, जो लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसे ठीक नहीं कराया गया तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले को लेकर क्षेत्रीय जेई प्रद्युम्न सिंह यादव से भी संपर्क करने की कोशिश की गई। उनके मोबाइल नंबर 8799082151 पर कई बार फोन किया गया, लेकिन लगातार घंटी बजने के बावजूद फोन नहीं उठाया गया।इस समस्या को लेकर पीड़ित ग्रामीण पप्पू गुप्ता, अजीत उपाध्याय, सोनू गुप्ता समेत अन्य लोगों जिलाधिकारी बलिया का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द से जल्द लटकते हुए बिजली के तारों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि संभावित हादसे को टाला जा सके और लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
बलिया(राष्ट्र की परम्परा) । बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां बेटी की शादी से ठीक दो दिन पहले पिता का अचानक निधन हो जाने से खुशियों भरा घर मातम में बदल गया। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर तीन निवासी राजेंद्र जायसवाल शनिवार की शाम अपने घर के बाथरूम में अचानक गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दुसरे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि राजेंद्र जायसवाल की बेटी की शादी 9 मार्च को तय थी। घर में कई दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर मे हल्दी की रस्म होनी थी, जिसके लिए घर में खुशी और उत्साह का माहौल था। आंगन में मंडप सज चुका था और रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया था। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे और राजेंद्र जायसवाल भी अपनी बेटी की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे। वे खुद हर छोटी-बड़ी तैयारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। लेकिन शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने और गिरने के बाद जब उनके निधन की दूसरे दीन खबर फैली, तो खुशियों से गूंज रहा घर पल भर में सिसकियों से भर गया।जिस आंगन में कुछ देर पहले हल्दी की रस्म की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब शोक का माहौल छा गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने लगे। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। बेटी की शादी के ठीक पहले पिता के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
बस्ती (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के हर्रैया क्षेत्र के ग्राम सकरदहा शुक्ल के 23 वर्षीय प्रखर शुक्ला ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में 787वीं रैंक प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। प्रखर शुक्ला की प्रारंभिक शिक्षा हर्रैया स्थित जी.एस.ए.एस. एकेडमी में कक्षा दो तक हुई। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज के एम.एल. कॉन्वेंट स्कूल से आगे की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2017 में उन्होंने हाईस्कूल में 10 सीजीपीए और 2019 में इंटरमीडिएट में 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2022 में बीएससी की डिग्री 92 प्रतिशत अंकों के साथ हासिल की। स्नातक के बाद प्रखर ने वर्ष 2023 से यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उन्होंने मुख्य रूप से ऑनलाइन कोचिंग और स्वअध्ययन के माध्यम से तैयारी की। पिछले वर्ष उन्होंने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन साक्षात्कार में कुछ अंकों से चयन से चूक गए थे। इस बार उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ दोबारा प्रयास किया और सफलता प्राप्त कर ली। प्रखर के परिवार में उनके पिता प्राचार्य डॉ. पंकजेश शुक्ल, माता ज्योत्सना शुक्ला, दादी गायत्री शुक्ला, दो बड़ी बहनें तथा चाचा-चाची शामिल हैं। उनके दादा स्वर्गीय जगदम्बा प्रसाद शुक्ल बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक थे। एक बातचीत में प्रखर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय दादा, पिता, चाचा, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया है। श्री शुक्ल की इस उपलब्धि पर भारत तिब्बत समन्वय संघ बस्ती के जिला अध्यक्ष शंभू कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर बधाई दी। इस अवसर पर शंभू कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रखर शुक्ला की सफलता पूरे जनपद और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दरौली टोला अजमतपुर में हुई मुनक्का देवी की हत्या का मामला चार दिन बाद भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर अपनी तत्परता जरूर दिखाई, लेकिन अब तक हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। इससे गांव सहित पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि मुनक्का देवी की हत्या की खबर सामने आते ही गांव में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती दौर में उम्मीद जताई जा रही थी कि आरोपी से पूछताछ के बाद जल्द ही हत्या के पीछे की वजह सामने आ जाएगी, लेकिन कई दौर की पूछताछ के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपी से लगातार सख्ती से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके बावजूद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। इससे ग्रामीणों और मृतका के परिजनों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर मुनक्का देवी की हत्या क्यों की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक किसी भी अपराध के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आती, तब तक वह समाज के लिए एक अनसुलझे रहस्य की तरह बना रहता है। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई साजिश या सुनियोजित योजना तो नहीं थी।
वहीं मृतका के परिजनों और ग्राम सभा के लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही हत्या के कारण का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि घटना के बाद से गांव में अब भी भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस रहस्यमयी हत्याकांड की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘अस्मिता लीग’ महिला दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और माय भारत के तत्वावधान में यह कार्यक्रम एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले भर से करीब 1000 महिला प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। स्टेडियम में युवतियों और महिलाओं का उत्साह देखने लायक था और पूरा वातावरण ऊर्जा व जोश से भरा हुआ नजर आया।
प्रतियोगिता के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन स्पर्धाओं को अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिला प्रतिभागियों के लिए आयोजित किया गया। इस प्रकार कुल नौ दौड़ प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। वे केवल घर और परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है और स्वस्थ मस्तिष्क से ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को घर से बाहर निकलकर अपनी प्रतिभा दिखाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच देना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस मौके पर जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी सविता श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी बिजेंद्र कुमार सहित कई खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के नौतनवां क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक महिला कर्मी के पति ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को फांसी पर लटका दिया और उसके बाद खुद भी फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार नौतनवां के गांधी नगर मोहल्ले में किराए के मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले अमरेश कुमार (40 वर्ष) ने अपने चार वर्षीय बेटे अमरेंद्र और तीन वर्षीय बेटी कंचन को खिड़की से रस्सी के सहारे लटका दिया। इसके बाद उसने कमरे की छत के कुंडे से फंदा लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार सुबह करीब सात बजे की है। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर नीचे रहने वाले किराएदारों को शक हुआ। उन्होंने ऊपर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घर की महिला सदस्य वंदना भारती को फोन कर घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही वंदना भारती ड्यूटी छोड़कर घर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही अंदर का मंजर देखकर सभी लोग सन्न रह गए। कमरे की खिड़की से दोनों बच्चे रस्सी के सहारे लटके हुए मिले, जबकि अमरेश कुमार का शव कमरे में फंदे से झूल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि वंदना भारती 66वीं वाहिनी एसएसबी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। उनकी ड्यूटी नेपाल बॉर्डर के नौतनवां क्षेत्र में लगती थी। करीब एक वर्ष पहले उनकी यहां तैनाती हुई थी, इससे पहले वह झारखंड में तैनात थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार अमरेश कुमार कोई काम नहीं करते थे और अधिकतर समय घर पर ही रहते थे। परिवार मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद जब वंदना भारती ने अपने पति और दोनों बच्चों के शव देखे तो वह बेहोश हो गईं। होश आने पर वह फर्श पर गिरकर जोर-जोर से रोने लगीं और अपने मासूम बच्चों के शव से लिपटकर विलाप करने लगीं। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि अमरेश कुमार ने मरने से पहले दीवार पर सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी पत्नी और एक युवक सोनू गौतम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा कि पत्नी के व्यवहार और पारिवारिक दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस के अनुसार अमरेश कुमार ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी बनाया, जिसे उसने अपने साले को भेजा था। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट और बाइक लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूट का नगद पैसा, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव की निगरानी में थाना रुद्रपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 7 मार्च की शाम रुद्रपुर-डाला मार्ग स्थित लखनाघाट मोड़ के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव के रूप में हुई है। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, चार अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, लूट के 4,900 रुपये और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 28 फरवरी 2026 को डहरौली बुजुर्ग स्थित ओमकार नाथ साहनी पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से 8,440 रुपये लूटे थे। इसके अलावा 3 दिसंबर 2025 को एकौना थाना क्षेत्र में करहकोल के पास एक बाइक सवार को रोककर उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी लूट लिया था। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज थे और घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने रानीपुर विकास खंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अभिलेख अपूर्ण मिलने और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्यों में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विकास खंड कार्यालय में योजनाओं से संबंधित अभिलेख सही तरीके से संधारित नहीं किए गए थे। सेवा पुस्तिका और जीपीएफ पासबुक भी अधूरी पाई गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के कई आवास अभी तक पूर्ण नहीं हो सके हैं। शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता का अभाव और फीडबैक न लेने की लापरवाही भी सामने आई। इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी, लेखाकार और कार्यालय कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी रिकॉर्ड जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने रानीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोकुलपुरा में आयोजित जन चौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली के बढ़ते बिलों की शिकायत रखी। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि गांव के सभी उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की जांच कर तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही बीडीओ रानीपुर को भी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जन चौपाल के बाद सीडीओ ने गांव में मनरेगा और राज्य वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और कमियों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत काझा में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और कम मजदूर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था आरईडी के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय में निर्माण कार्य पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।