संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की खलीलाबाद तहसील में कार्यरत कानूनगो रमेश कुमार यादव का शनिवार को अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही तहसील परिसर सहित जिले में शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों और परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आलोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक से जुड़ी जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति व मृत्यु के कारणों के संबंध में विस्तृत विवरण प्राप्त किया।
कानूनगो रमेश कुमार यादव अपने कार्य के प्रति सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुख है। सभी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
हार्ट अटैक से तैनात कानूनगो रमेश यादव का निधन
सशस्त्र सीमा बल ने 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया, जवानों के शौर्य और समर्पण को किया नमन
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 59वीं वाहिनी, मुख्यालय अगैईया में 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी के सभी अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे और राष्ट्र सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान कमान्डेंट कैलाश चन्द रमोला ने महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल का संदेश पढ़कर समस्त बल कार्मिकों को सुनाया। उन्होंने अपने संबोधन में सशस्त्र सीमा बल के गौरवशाली इतिहास, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्र सुरक्षा में बल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कमान्डेंट ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल भारत–नेपाल एवं भारत–भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में निरंतर तैनात रहकर राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करता है। वर्ष 1963 में स्थापित यह बल तब से लेकर आज तक सीमाई सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है।
ये भी पढ़ें – भारत–नेपाल क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म कॉनक्लेव 2025 का भव्य आयोजन, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों को 62वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और साहस के साथ राष्ट्र सेवा करते रहने के लिए प्रेरित किया।
स्थापना दिवस कार्यक्रम बल के जवानों के मनोबल को सुदृढ़ करने एवं संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत करने का प्रतीक रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और अनुशासन की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
ये भी पढ़ें – डीडीयू के शोधार्थी विष्णु मिश्रा को आईसीएसआर फुल-टर्म डॉक्टोरल फेलोशिप
भारत–नेपाल क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म कॉनक्लेव 2025 का भव्य आयोजन, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। भारत–नेपाल के बीच पर्यटन सहयोग को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म कॉनक्लेव 2025 का भव्य आयोजन नेपाल के नेपालगंज स्थित लुंबिनी सभागार में किया गया। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन नेपाल टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें भारत और नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, पर्यावरणविदों, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेपाल राष्ट्र गुरु चन्द्रनाथ योगी महाराज द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कॉनक्लेव का मुख्य उद्देश्य भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना, क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म को सरल बनाना और दोनों देशों के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन गलियारों (कॉरिडोर) को सशक्त करना रहा।
इस अवसर पर काशी विश्वनाथ–पशुपतिनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ–बद्रीनाथ–पशुपतिनाथ कॉरिडोर, लुंबिनी–श्रावस्ती–सारनाथ–बोधगया कॉरिडोर तथा मिथिला–जनकपुर कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से जोड़ने और विकसित करने पर विशेष चर्चा की गई।
नेपालगंज बांके से सांसद धवल समशेर जंग बागदूर राणा ने कहा कि भारत–नेपाल के संबंध सनातन काल से रोटी–बेटी के हैं। हमारी संस्कृतियां और परंपराएं समान हैं तथा सनातन परंपरा दोनों देशों की सांस्कृतिक आत्मा है। उन्होंने धार्मिक पर्यटन को दोनों देशों के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास का मजबूत आधार बताया।
पर्यटन संवाद को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बांके ने कहा कि भारत–नेपाल सीमा पर पर्यटकों को होने वाली असुविधाओं को तात्कालिक प्रभाव से दूर करने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बन सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि नेपाल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सहयोग के लिए प्रशासन निरंतर कार्य करता रहेगा।
ये भी पढ़ें – त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण-2025 का कार्यक्रम जारी
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार झलक गैरे ने किया, जबकि अध्यक्षता नेपाल पर्यटन बोर्ड के स्थानीय संयोजक श्री राम सिगडेल ने की। धन्यवाद ज्ञापन टूरिज्म बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी दिली राज ने किया। कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी अल्पना गुप्ता ने निभाई।
कॉनक्लेव में प्रमुख रूप से रूल ऑफ लॉ सोसाइटी के महामंत्री एवं कानूनविद सोमेश वर्धन सिंह, नेपाल बार काउंसिल के सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार दिवाकर सिंह, राजीव शर्मा, अजय शर्मा, ईश्वर प्रसाद गेंवाली, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिन बहादुर मल्ल, समाजसेवी रवेन्द्र नाथ शर्मा, समन्वयक रेशम खत्री, रिभु वर्धन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर भारत और नेपाल के प्रतिनिधियों ने पर्यटन उद्योग को बहुआयामी, समावेशी और टिकाऊ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सम्मेलन को भारत–नेपाल पर्यटन सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें – डीडीयू के शोधार्थी विष्णु मिश्रा को आईसीएसआर फुल-टर्म डॉक्टोरल फेलोशिप
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण-2025 का कार्यक्रम जारी
23 दिसंबर को पंचायत निर्वाचक नामावली की अनन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त/राजस्व) जय प्रकाश ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की संशोधित अधिसूचना के क्रम में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत अनन्तिम मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रकाशित अनन्तिम मतदाता सूची का निरीक्षण 24 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक किया जा सकेगा। इसी अवधि में दावे एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी अर्ह निर्वाचकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 07 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा की जाएंगी। 13 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण कर उन्हें मूल सूची में समाहित किया जाएगा।
मतदान केंद्रों का कमांकन, मतदाता कमांकन, वार्ड मैपिंग तथा मतदाता सूची डाउनलोडिंग की प्रक्रिया 30 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके उपरांत पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 06 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि अनन्तिम मतदाता सूची-2025 के साथ-साथ वृहद पुनरीक्षण के दौरान विलोपित मतदाताओं की फ्रीज्ड एसवीएन सहित विलोपन सूची-2025 का भी प्रकाशन किया जाएगा। बीएलओ संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर 24 से 30 दिसंबर 2025 तक आमजन को मतदाता सूची का निरीक्षण कराएंगे।
इसी अवधि में नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-2, संशोधन हेतु प्रपत्र-3 तथा अपात्र नामों के विलोपन हेतु प्रपत्र-4 के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे। सभी दावे एवं आपत्तियों का विवरण प्रपत्र-5 में संधारित किया जाएगा तथा प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्यवाहियां सुनिश्चित कराई जाएं तथा अनन्तिम मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन की सूचना प्रपत्र-1 पर तैयार कर उसी दिन जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
डीडीयू के शोधार्थी विष्णु मिश्रा को आईसीएसआर फुल-टर्म डॉक्टोरल फेलोशिप
अंग्रेज़ी विभाग के आचार्य प्रो. अजय कुमार शुक्ला के निर्देशन में रामचरितमानस पर कर रहे हैं सामाजिक-साहित्यिक शोध
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग में शोधरत शोधार्थी विष्णु मिश्रा का चयन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसआर), नई दिल्ली की प्रतिष्ठित फुल-टर्म डॉक्टोरल फेलोशिप (2025–26) के लिए किया गया है। यह फेलोशिप मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है।
विष्णु मिश्रा अंग्रेज़ी विभाग के आचार्य अजय कुमार शुक्ला के निर्देशन में रामचरितमानस के अध्ययन में वर्ग की अवधारणा को धुंधला करने वाले सामाजिक-साहित्यिक प्रश्नों पर गहन शोध कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही उनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए लघुकथाओं पर आधारित एक पुस्तक भी अपने शोध-निर्देशक के साथ प्रकाशित की है।
उनके शोध-कार्य और अकादमिक उपलब्धियों ने अंग्रेज़ी विभाग एवं विश्वविद्यालय को शोध क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई है। फेलोशिप के लिए चयन प्रक्रिया पूर्णतः शोध-प्रस्ताव, शैक्षणिक उपलब्धियों तथा आईसीएसआर द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर की गई।
इस अवसर पर कुलपति पूनम टंडन ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शोध भविष्य के साहित्यिक और सामाजिक विमर्श को नई दिशा प्रदान करेगा।
शोध-निर्देशक अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि विष्णु मिश्रा अत्यंत परिश्रमी, अनुशासित और समर्पित शोधार्थी हैं। उनकी अकादमिक प्रतिबद्धता और शोध-दृष्टि उन्हें एक सशक्त शोधकर्ता के रूप में स्थापित करती है।
वहीं शोधार्थी विष्णु मिश्रा ने इस उपलब्धि को अपने लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय बताते हुए अपने शोध-निर्देशक के मार्गदर्शन तथा अंग्रेज़ी विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फेलोशिप उनके शोध-कार्य की गुणवत्ता और विस्तार को नई दिशा देगी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं अंग्रेज़ी विभाग की ओर से शोधार्थी को शुभकामनाएँ दी गईं।
खलीलाबाद विधायक खेल स्पर्धा-2025 का भव्य समापन
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। विधानसभा क्षेत्र खलीलाबाद में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा-2025 का समापन कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम, खलीलाबाद में भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं बैडमिंटन की शेष स्पर्धाएं सफलतापूर्वक कराई गईं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता उदय राज तिवारी रहे। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी राम प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि को बुके एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि उदय राज तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि खलीलाबाद क्षेत्र सदैव से प्रतिभा, संस्कार और संघर्ष की भूमि रहा है। यहां के युवाओं में ऊर्जा, जोश और समर्पण है, जो क्षेत्र और प्रदेश के भविष्य को दिशा देगा। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि चरित्र निर्माण का भी माध्यम हैं। विधायक खेल स्पर्धा का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना और छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।
धन्यवाद ज्ञापन में जिला युवा कल्याण अधिकारी राम प्रताप सिंह ने बताया कि विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ी आगामी चरण में जनपद, जोन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह, कन्हैया वर्मा, मुरली जायसवाल, कमलेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आराधना द्विवेदी (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, खलीलाबाद) ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रितेश कुमार वर्मा (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, बघौली), राघवेंद्र बहादुर पाल (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, नाथनगर) तथा मुकेश गुप्ता (क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, सेमरियावा) का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका में रमेश प्रसाद, इंद्रमणि पटेल, राम शंकर चौधरी, संजय मौर्य, लाल बिहारी यादव, ओम नारायण शुक्ला, गणेश कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार चौरसिया, सुनील कुमार, शशिकांत त्रिपाठी, शैलेंद्र त्रिपाठी, संजय यादव सहित अन्य निर्णायक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रांतीय रक्षक दल के जवान गोरख प्रसाद, प्रदीप यादव, रमाकांत यादव, भालचंद यादव, शिव शंकर तिवारी सहित अन्य जवान तैनात रहे।
अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी पर आगरा प्रशासन अलर्ट, नोडल अधिकारी तैनात
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)l भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी के समापन अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को बटेश्वर मंदिर प्रांगण, बाह में भव्य राजकीय समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन शामिल होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उपनिदेशक कृषि को कार्यक्रम का ओवरऑल इंचार्ज तथा जिला विद्यालय निरीक्षक एवं प्रोफेसर मनीषा, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय आगरा कैंट को सहायक नोडल इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, लाइव प्रसारण, इंटरनेट सुविधा, अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, मीडिया समन्वय, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। छात्र-छात्राओं की सहभागिता, प्रतियोगिताएं तथा पुरस्कार वितरण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई है।
इसके अतिरिक्त नगर निगम, नगर निकाय और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासनादेश के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
धान खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनाने को तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क निरीक्षण
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)सुशासन सप्ताह के अंतर्गत सम्पूर्ण समाधान दिवस रुद्रपुर तहसील परिसर में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका समयबद्ध, पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना रहा। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान तहसील रुद्रपुर में चार पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड भी वितरित किए गए। लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस रुद्रपुर के दौरान कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक 32 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने धान खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तहसील स्तर पर स्थापित हेल्प डेस्क का निरीक्षण भी किया और किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
गोवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर
आगरा। (राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशु रोग नियंत्रण और ठंड से बचाव पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने किसानों को उच्च नस्ल के पशुओं के व्यवसायिक पालन, कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के निर्देश दिए। गोशालाओं को पर्यटन से जोड़ने, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, मिलावटी दूध पर कार्रवाई और राष्ट्रीय राजमार्गों पर पशुओं को रेडियम बेल्ट पहनाने के निर्देश भी दिए गए।
यूपीएस मझवालिया नं. 4 में पीटीएम बैठक सम्पन्न, अभिभावकों ने जताई संतुष्टि, बच्चों को स्वेटर-टोपी व मेडल देकर किया गया सम्मान
सलेमपुर/देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)
उच्च प्राथमिक विद्यालय (यूपीएस) मझवालिया नं. 4 में अध्यापक–अभिभावक (पीटीएम) बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक में सभी बच्चों के अभिभावक समय से विद्यालय पहुंचे और अपने-अपने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति एवं शैक्षिक प्रगति को लेकर शिक्षकों से विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान शिवानी, चांदनी, अन्तेश्वर, सत्यम, शिवांगी, दिव्या पटेल सहित अन्य बच्चों के अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, अनुशासन और शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। अभिभावक विद्यालय के कार्य से संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए।
इस अवसर पर कनक स्वीट के प्रोपराइटर एवं समाजसेवी विक्रम गुप्ता द्वारा बच्चों को अपने हाथों से स्वेटर और टोपी वितरित की गई। इस पहल से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ अभिभावक राम गुप्ता, परमेश्वर पटेल, संतोष शर्मा, लल्लन पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे, जो इस आयोजन से काफी खुश दिखे।

इसी क्रम में प्रधानाध्यापक अभिषेक सिंह द्वारा विज्ञान ओलंपियाड में सलेमपुर में टॉप करने वाले छात्र विवेक पटेल को सम्मानित किया गया। साथ ही अभिभावक लल्लन पटेल को डाइट रामपुर कारखाना में प्रतिभाग करने हेतु समय निकालकर अपने बच्चे को ले जाने के लिए भगवान बुद्ध का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नियमित रूप से समय पर विद्यालय आने वाले बच्चों को भी मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। चांदनी, दिव्य प्रजापति, अन्तेश्वर सहित अन्य बच्चों को नंदकिशोर पटेल और विक्रम गुप्ता द्वारा मेडल प्रदान किए गए।
अंत में पीटीएम बैठक को सफल बनाने के लिए सहायक अध्यापक किशन सिंह, नंदकिशोर पटेल, विक्रम गुप्ता, राम गुप्ता, परमेश्वर गुप्ता, शर्मा तथा सभी अभिभावकों के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया गया। स्वेटर, टोपी और मेडल पाकर बच्चे और अभिभावक अत्यंत खुश और प्रसन्न नजर आए।
