Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 346

यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, 128 वाहनों का ई-चालान, एक वाहन सीज

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस देवरिया द्वारा मंगलवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र के गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड एवं बस स्टैंड पर चेकिंग की गई। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा, अनुबंधित बसें, बिना हेलमेट चलने वाले, तीन सवारी बैठाने वाले तथा वाहन पर स्टंट करने वालों के विरुद्ध चालान व सीज की कार्रवाई की गई।इसके अतिरिक्त सोनूघाट एवं सलेमपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रकों का भी चालान किया गया। वहीं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाया गया, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।
अभियान के दौरान कुल 128 वाहनों का ई-चालान किया गया तथा 01 वाहन को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

सांसद खेल स्पर्धा 2025 का उद्घाटन

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार निषाद ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा-2025 का उद्घाटन 25 दिसंबर को कुशीनगर। लोकसभा क्षेत्र संख्या-65 कुशीनगर के अंतर्गत आयोजित सांसद खेल स्पर्धा-2025 का आयोजन जिला खेल कार्यालय द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में किया जा रहा है। उक्त खेल स्पर्धा का उद्घाटन 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 10ः00 बजे मुख्य अतिथि विजय कुमार दूबे, माननीय सांसद, कुशीनगर द्वारा किया जाएगा।उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा युवा शक्ति का उत्सव सांसद खेल महोत्सव का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के माननीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, सांसद खेल स्पर्धा-2025 के अंतर्गत सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की बॉक्सिंग, फुटबॉल, प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।

चोरी के वाहन से शराब तस्करी करते तीन गिरफ्तार

206 लीटर अवैध शराब व फर्जी नंबर प्लेट बरामद

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के वाहन से बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में 23 दिसंबर की रात्रि थाना खामपार पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नवादा मोड़ के पास एक चार पहिया मारुति सुजुकी वाहन को रोका गया, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।तलाशी के दौरान वाहन से 23 पेटी अवैध देशी व अंग्रेजी शराब (कुल 206 लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 66 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई। मौके से तीन अभियुक्त—शिबू मिश्रा, भोला भगत एवं आकाश सिंह (तीनों निवासी जनपद सिवान, बिहार) को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने शराब, फर्जी नंबर प्लेट तथा चोरी के वाहन को कब्जे में लेते हुए थाना खामपार पर मु0अ0सं0 295/2025 अंतर्गत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अटल जन्म शताब्दी की पूर्व संध्या पर बस्ती में दीपोत्सव, स्वच्छता अभियान व श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

बस्ती (राष्ट्र की परम्परा) देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष की पूर्व संध्या के अवसर पर जनपद बस्ती में अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह एवं भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की, जबकि पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी दोनों स्थानों पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत भाजपा कार्यालय पर दीप जलाकर “एक शताब्दी अटल भारत की” स्मरणोत्सव के अंतर्गत दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अटल जी के राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण जीवन को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्रसेवा में समर्पित कर भारत को वैश्विक मंच पर गौरवान्वित किया। वे भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे, जिनका व्यक्तित्व, विचार और कृतित्व सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। अटल जी की शताब्दी जन्म जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन है।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सुशासन के लिए समर्पित रहा। पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और पवित्रता के साथ उन्होंने जिस राजनीति की परंपरा स्थापित की, वह अमृतकाल में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, प्रमोद पाण्डेय, चन्द्र शेखर ‘मुन्ना’, अनिल दुबे, भानु प्रकाश मिश्र, अरविन्द श्रीवास्तव, गिल्लम चौधरी, सतेन्द्र सिंह, अंकुर वर्मा, परमेश्वर शुक्ल ‘पप्पू’, प्रत्युष सिंह, विनय यादव, वैभव पाण्डेय, जगदीश शुक्ल, अमृत कुमार वर्मा, ममता सिंह, शालिनी मिश्र, शिवानी सिंह, विनोद चौधरी, मनोज ठाकुर, गजेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, बाल कृष्ण त्रिपाठी, काजू श्रीवास्तव, दिलीप पाण्डेय, रमेश चक्रवर्ती, प्रदीप निषाद, वरुण सिंह, केडी पाण्डेय, रवि तिवारी, गौरव अग्रवाल, सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सिकंदरपुर विधायक ने सीएम योगी से की दो बड़ी विकास परियोजनाओं के लिए धन स्वीकृति की मांग

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहम्मद जयाउद्दीन रिज़वी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर क्षेत्र की दो अत्यंत महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए शीघ्र धन स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। विधायक ने अपने पत्र में तहसील सिकंदरपुर के ग्राम सिवान कला में स्वीकृत उप कृषि मंडी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कृषि मंडी विभाग आजमगढ़ द्वारा मंडी की चारदीवारी का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, लेकिन धन के अभाव में अब तक आवासीय भवन, दुकानों और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। यदि मंडी का निर्माण पूरा होकर संचालन में आ जाता है तो मनियर, खेजुरी, रसड़ा, चंदपुर, पकड़ी और सिकंदरपुर क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर की मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही विधायक ने घाघरा नदी पर खरिद–दरेली घाट पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में इस पुल के लिए 17.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिससे पिलरों का आंशिक निर्माण हुआ। बाद में नदी में कटान के कारण पिलरों की लंबाई बढ़ाने की आवश्यकता पड़ी और अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इससे पुल निर्माण कार्य ठप पड़ा है। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित से जुड़ी इन दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए इसी वित्तीय वर्ष में धन स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।

रेलवे स्टेशन मार्ग की मांग को लेकर भाकपा एवं समानता दल ने सौपा ज्ञापन

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) देवरिया एवं राष्ट्रीय समानता दल के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद गौरा बरहज, जनपद देवरिया से भेंट कर भगत सिंह चौराहा से रेलवे स्टेशन तक जर्जर मार्ग के निर्माण एवं रेलवे स्टेशन परिसर में शौचालय निर्माण की मांग को लेकर वार्ता कर सौपा ज्ञापन।
प्रतिनिधियों ने बताया कि भगत सिंह चौराहा से रेलवे स्टेशन तक का मार्ग अत्यंत ही जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में है आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोग घायल होते आ रहे हैं। मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि जनहित को देखते हुए इस मार्ग का अतिशीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि बरहज क्षेत्र से बड़ी संख्या में छात्राएं प्रतिदिन शिक्षा ग्रहण करने हेतु स्कूल एवं कॉलेज आती-जाती हैं, लेकिन रेलवे स्टेशन परिसर में शौचालय की सुविधा न होने के कारण उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति विशेषकर छात्राओं एवं महिला यात्रियों के लिए अत्यंत असुविधाजनक एवं असुरक्षित है।
प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता ने अधिशासी अधिकारी से आग्रह किया कि नगर पालिका परिषद द्वारा रेलवे विभाग को संतुति पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन परिसर में अतिशीघ्र शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराया जाए।
इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों में भाकपा जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा,विनोद सिंह राज्य सचिव खेमका,
संजय दीप कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय समानता दल (उ.प्र.)
विमलेश कुमार (आरएसडी),
राजेंद्र पाल, राजकिशोर साहनी, रामध्यान सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अरविन्द कुशवाहा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया, तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होना पड़ेगा।

“सुई-धागे से आत्मनिर्भरता तक: आरसेटी देवरिया में महिला सिलाई बैच बना ग्रामीण सशक्तिकरण की नई मिसाल”

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट-आरसेटी), देवरिया में महिला सिलाई प्रशिक्षण बैच का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं संस्थान निदेशक विशाल गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। यह पहल न केवल महिलाओं को रोजगार योग्य बनाने का माध्यम है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को सशक्त करने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो रही है।

इस अवसर पर विशाल गुप्ता ने बताया कि महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, आय वृद्धि और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने हेतु यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम में देवरिया जिले के 16 विकास खंडों से चयनित कुल 35 महिला प्रशिक्षुओं को आधुनिक सिलाई तकनीक, डिजाइनिंग, कपड़ों की कटिंग, फिनिशिंग, लागत प्रबंधन एवं बाजार से जुड़ी बुनियादी जानकारियाँ दी जाएँगी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में प्रशिक्षण के साथ-साथ बाजार की मांग के अनुरूप कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण उपरांत महिलाएँ उच्च गुणवत्ता वाले परिधान तैयार कर स्थानीय बाजार, स्वयं सहायता समूहों (SHG), मेलों एवं शहरी बाजारों तक अपनी पहुँच बना सकेंगी। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि वे दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगी।

यह प्रशिक्षण ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार योजनाएँ, कौशल विकास कार्यक्रम, बैंकिंग जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को समझने में सहायक है।

कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ संकाय सोमनाथ मिश्रा, संकाय विनय शंकर मणि त्रिपाठी, कार्यालय सहायक अभिषेक तिवारी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कुल मिलाकर, आरसेटी देवरिया का यह महिला सिलाई बैच ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो “सशक्त महिला—समृद्ध समाज” के लक्ष्य को साकार करता है।

सांसद खेल महोत्सव बना ऐतिहासिक, 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी

आगरा(राष्ट्र की परम्परा)l तृतीय सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य आयोजन आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा. उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन जी ने शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं।
आगरा एयरफोर्स हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत उ.प्र. सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इसके पश्चात वे सांसद खेल महोत्सव स्थल पहुंचे, जहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने स्मृतिचिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एकलव्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और राष्ट्रगान के साथ हुई। मलखंभ, तलवारबाजी और सांस्कृतिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव में 34 खेलों को शामिल किया गया है, जिसमें 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। महिला और पुरुष दोनों वर्गों की भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशा मुक्त युवा ही मजबूत और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। खेल इस बुराई से बचाव का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और सांसद खेल प्रतिस्पर्धा को देश में खेल संस्कृति के विस्तार का आधार बताया। साथ ही युवाओं से खेल को जीवनशैली के रूप में अपनाने और अनुशासन को शक्ति बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपराष्ट्रपति ने विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्रद्धेय अटल जी की जन्मजयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा का दीपोत्सव, वीर बाल दिवस कार्यक्रमों का आयोजन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला मुख्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मजयंती की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीर बाल दिवस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया तथा वीर बाल दिवस प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बलराम यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन गणेश पांडेय ने किया, जबकि सह संयोजक की जिम्मेदारी गौरव निषाद ने निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बलराम यादव जिला पंचायत अध्यक्ष ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को राष्ट्रनिर्माण का महान नायक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राजनीति में शुचिता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल रहा है। उनके विचार आज भी युवाओं और समाज को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साहस, त्याग और बलिदान की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि नित्यानंद ने अपने संबोधन में कहा कि वीर बाल दिवस देश के इतिहास में अद्वितीय साहस और बलिदान की प्रेरक गाथा है, जो आने वाली पीढ़ियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग बनाती है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मजबूत करते हैं और समाज के हर वर्ग को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वीर बाल दिवस प्रदर्शनी के माध्यम से शौर्य और बलिदान की कहानियों को प्रस्तुत किया गया, वहीं प्रभात फेरी के जरिए जनमानस को देशभक्ति और संस्कारों का संदेश दिया गया। इस अवसर पर डॉ. सत्यपाल पाल, अत्रेश श्रीवास्तव, हैप्पी राय सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

ब्रीफकेस से महिला का शव बरामद, पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना परसामलिक क्षेत्र अंतर्गत बघेला पुल के नीचे एक संदिग्ध ब्रीफकेस पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। यह सूचना डायल 112 के माध्यम से 24 दिसंबर को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना परसामलिक पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस की मौजूदगी में जब ब्रीफकेस को खुलवाया गया, तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला। प्रथम दृष्टया शव काफी दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आंशिक रूप से पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल चुका था, जिससे पहचान करना कठिन हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने इस संबंध में बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आस-पास के क्षेत्रों में लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछ-ताछ और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह- तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

विश्वविद्यालय वित्त समिति की बैठक में लिए गए अहम निर्णय, शैक्षणिक ढांचे को मिलेगी मजबूती

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की वित्त समिति की बैठक कुलपति पूनम टंडन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए। स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के लिए नए शैक्षणिक पदों के सृजन, विकास समिति के लगभग नौ करोड़ रुपये के प्रस्तावों के अनुमोदन, एम.फार्मा और एम.टेक पाठ्यक्रमों की फीस संरचना तय करने तथा स्ववित्तपोषित पीएचडी पाठ्यक्रमों की फीस को लेकर समिति ने अपनी सहमति प्रदान की।
बैठक में सहायक आचार्य (संविदा) के 28 नए पदों और सहयुक्त आचार्य (संविदा) के चार पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में सहायक आचार्य (संविदा) की कुल संख्या 175, सहयुक्त आचार्य (संविदा) की संख्या 21 और आचार्य अथवा पब्लिक निदेशक के तीन पद हो गए हैं। यह निर्णय स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में शिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वित्त समिति ने कृषि इंजीनियरिंग, फार्मेसी और होटल मैनेजमेंट विभागों में कार्यरत विषय विशेषज्ञों के मानदेय में वृद्धि को भी स्वीकृति दी। अब विषय विशेषज्ञों को प्रति व्याख्यान 600 रुपये के स्थान पर 750 रुपये का भुगतान किया जाएगा, जबकि मासिक अधिकतम मानदेय 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दिया गया है। इस कदम से अनुभवी और योग्य विशेषज्ञों को विश्वविद्यालय से जोड़ने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
बैठक में स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर (संविदा) के वेतन में भी वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी संविदा असिस्टेंट प्रोफेसरों को तीन प्रतिशत वेतन वृद्धि दी जाएगी, जो एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। वहीं, जिन शिक्षकों की सेवा अवधि तीन वर्ष से अधिक हो चुकी है, उन्हें छह प्रतिशत वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा वित्त समिति ने एम.फार्मा और एम.टेक जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों की फीस संरचना तथा स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में शुरू होने वाले पीएचडी प्रैक्टिकल और नॉन-प्रैक्टिकल विषयों की फीस को भी मंजूरी प्रदान कर दी। साथ ही विश्वविद्यालय की तकनीकी आवश्यकताओं को देखते हुए जूनियर इंजीनियर (सिविल एवं इलेक्ट्रिकल) के चार पदों और एक प्लेसमेंट ऑफिसर के पद को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक के समापन पर कुलपति पूनम टंडन ने कहा कि वित्त समिति द्वारा लिए गए निर्णय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे को सशक्त बनाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्र हितों को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

मिलेट्स को बढ़ावा देने की दिशा में आगरा में बड़ा कदम

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)जनपद के बाह तहसील स्थित बटेश्वर धाम मेला प्रांगण में दिनांक 24 दिसंबर 2025 को जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव/मेला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को अन्न (मिलेट्स) की खेती, पोषण महत्व और सरकार की कृषक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रशान्त पौनियां रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लाक प्रमुख बाह-आगरा श्री लाल सिंह चैहान उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रदेश सह संयोजक श्री नागेन्द्र प्रसाद गामा, जिलामंत्री श्री सहदेव शर्मा, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंकरवार सहित कृषि विभाग, उद्यान, सिंचाई, मत्स्य, वानिकी, स्वास्थ्य, सहकारिता विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के वैज्ञानिकों की सहभागिता रही।
महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न विभागों एवं निजी कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। उप कृषि निदेशक आगरा ने मंच से उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने मुर्गी पालन और दुग्ध उत्पादन की नवीन तकनीकों पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. राजेश पाराशर ने सर्दियों में पशुओं की देखभाल हेतु घरेलू उपचार बताए।
एनएफएसएम सलाहकार श्री सलीम अली ने ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, सांवा, चीना और कुट्टू जैसी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने तथा दैनिक आहार में अन्न को शामिल करने के लाभ बताए। प्रशान्त पौनियां ने किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण भी किया।
महोत्सव में जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसानों ने सहभागिता की, जिससे जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव मेला आगरा किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और लाभ का प्रभावी मंच साबित हुआ।

अटल जी की कविताओं में भारतीय दर्शन की झांकी दिखती है: डॉ कलीम कैसर

अटल जी का व्यक्तित्व स्वयं इतना विराट है कि उनके जीवन से हमें हर भावी पीढ़ी में कुछ न कुछ सीखने के लिए पर्याप्त सामग्री मिल जाती है: प्रो पूनम टण्डन

अटल युवा कवि सम्मेलन में गूंजी भारतीय दर्शन की चेतना

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन की पूर्व संध्या पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ तरंग द्वारा अटल युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अटल जी के साहित्य, दर्शन और राष्ट्रबोध को केंद्र में रखकर युवा कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो पूनम टंडन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विश्वप्रसिद्ध शायर डॉ कलीम कैसर उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ कलीम कैसर ने कहा कि अटल जी की कविताओं में भारतीय दर्शन की स्पष्ट झांकी दिखाई देती है, जो युवाओं को राष्ट्र और समाज से जोड़ती है।
कुलपति प्रो पूनम टंडन ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व इतना विराट है कि उनके जीवन से हर पीढ़ी के लिए सीखने योग्य अनेक प्रसंग मिलते हैं। ऐसे सांस्कृतिक प्रयास विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के प्रभारी डॉ आमोद कुमार राय ने बताया कि वर्ष भर विश्वविद्यालय में अटल जी के राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक योगदान पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 25 पंजीकृत प्रतिभागियों में से स्क्रीनिंग के बाद 8 श्रेष्ठ युवा कवियों का चयन किया गया।
बाबाप्रतियोगिता में प्रथम स्थान उदय प्रताप सिंह, द्वितीय स्थान प्रशांत कुमार राय और अंजलि पटेल, जबकि तृतीय स्थान वंशिका बरनवाल ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संयोजन तरंग प्रकोष्ठ की निदेशक प्रो ऊषा सिंह के निर्देशन में हुआ। निर्णायक मंडल में प्रो राम दरस राय और प्रो अजय कुमार शुक्ल शामिल रहे। संचालन डॉ कुलदीपक शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर कला संकाय की अधिष्ठाता कीर्ति पांडे, छात्र कल्याण अधिष्ठाता अनुभूति दुबे सहित अनेक शिक्षक और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

बंगला देश मे हिन्दुओ पर हो रहे अत्याचार को लेकर आक्रोश प्रदर्शन

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)विश्व हिंदू परिषद, केंद्र के निर्देशानुसार बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में जिला देवरिया की इकाई बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति के समस्त कार्यकर्त्ता एवं समस्त विचार परिवार द्वारा आक्रोश प्रदर्शन 24/12/25 को कार्यालय विश्व हिंदू परिषद टाउन हॉल परिसर देवरिया पर एकत्र होकर सर्व समाज की मांग को लेकर देवरिया सुभाष चौक पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया | बांग्लादेश की जिहादियों द्वारा किया गया ऐसी बर्बर जिहादी हिंसा और प्रशासनिक निष्क्रियता की निन्दा करने, हिंदू विरोधी हिंसा पर रोक लगाने, इनके अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही कर उन्हें सजा देने और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के लिए भय और शोषणमुक्त वातावरण बनाने की मांग के साथ आक्रोश प्रदर्शन किया गया । इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष पुरुषोत्तम मरोदिया ने कहा कि बांग्लादेश में सता परिवर्तन के बाद इस्लामी जिहादी गतिविधियां निरंतर बढ़ती जा रहीं हैं और उनके निशाने पर हिंदूओं के मंदिर, व्यावसायिक केंद्र, महिलाएं, संपत्ति, शासकीय कर्मचारी, पत्रकार ही रहते हैं। हिंदू प्रताड़ना की वीभत्स घटनाएं प्रति सप्ताह होती रहती हैं। परंतु गत सप्ताह मेमनसिंह जिले के भालुका में ऐसी घटना हुई है जिसने पूरी मानवता को लज्जित किया है। प्रान्त उपाध्यक्ष उपेंद्र शाही ने कहा कि एक सामान्य हिंदू श्रमिक दीपू दास पर ईशनिंदा का झूंठा आरोप लगाया गया। एक अनौपचारिक बातचीत में दीपू दास ने ईश्वर के एक होने और उसके विभिन्न नाम होने की बात कही, जिसमें कुरान, इस्लाम या अल्लाह का कोई संदर्भ नहीं था। इसे मनमाने ढंग से ईशनिंदा का रूप देकर उसे प्रताड़ित किया गया । जिहादी तत्व यहीं नहीं रुके और एक बड़ी भीड़ ने पीट पीट कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। प्रांत संयोजक बजरंग दल दुर्गेश राव ने कहाँ की आतंक फैलाने के लक्ष्य से दीपू की मृत देह को पेड़ से लटका कर जलाया और इन सब हिंसक बर्बर घटनाओं के विडियो सोशल मीडिया में तत्काल प्रसारित किए गए। यह सारा घटनाक्रम पुलिस प्रशासन की आंखों के सामने हुआ और उन्होंने इसे रोकने की कोई चेष्टा नहीं की। जिला संयोजक सौरभ ने कहा कि बांग्लादेश का पूरा प्रशासन और समाज हिंसक और बर्बर इस्लामी जिहादी तत्वों के हिंदू विरोधी नंगे नाच पर मौन साधे हुए है और निष्क्रियता से उन्हें प्रोत्साहित ही कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष अनिल जायसवाल ने कहा कि अल्पसंख्यकों के मानवीय अधिकारों का ऐसा खुला हनन किसी भी सभ्य समाज में मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध है। इस विरोध प्रदर्शन में मातृशक्ति व दुर्गावाहिन्नी संयोजिका पूनम सिंह, पूनम मिश्रा, संध्या श्रीवास्तव, एवं वंशराज पांडे,भारत अग्रवाल,तारकेश्वर शाही, विभाग मंत्री अंकुर सिंह, विभाग संयोजक गौरव सुमन तिवारी,ने भी सम्बोधित किया | इस कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री राम सिंह ने किया |इस पर प्रदर्शन में नंदकिशोर सिंह,दीपू जायसवाल, हरिकेश्वर सिंह, गुड्ड सिंह,जय शिव मिश्रा, आदित्यआदित्य,अवध किशोर त्रिपाठी, सुरेन्द्र सिंह,डॉ धनेश प्रजापति,अभिमन्यु सिंह, बाबूराम सिंह, अभिषेक मौर्य, अजय कुमार गुप्ता,अजय चंद्र,निर्भय शाही, धर्मराज पांडे, अशोक कुशवाहा, डॉ एसके अग्रवाल, रत्नेश उपाध्याय, अमन राव, प्रभात कुशवाहा, चिरंजी लाल, सरिता श्रीवास्तव,मंजू उपाध्याय, विनोद सिंह, नीरज पांडे, दरोगा भारती, पवन जायसवाल राजेश अग्रवाल, रविंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र मिश्रा, शीतल, संजय पोद्दार, रामप्रवेश बरनवाल, अनीता श्रीवास्तव, विशाल पांडे, रवि कश्यप, अशोक कुशवाहा,अशोक सिंह, ओमप्रकाश मद्धेशिया, डॉ एमके मद्धेशिया,इत्यादि सैंकड़ो लोग ऊपर उपस्थित रहे |