Wednesday, June 24, 2026
Home Blog Page 314

एचएफ डीलक्स बाइक जैतीपुर की हीरो एजेंसी पर हुआ लकी ड्रा कार्यक्रम csy

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
जैतीपुर कस्बा स्थित हीरो बाइक एजेंसी पर गुरुवार दोपहर लकी ड्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें खुडरा गांव के रामरतन ने प्रथम पुरस्कार के रूप में एचएफ डीलक्स बाइक जीती।
एजेंसी के मालिक सुमित गुप्ता ने एक कार्यक्रम आयोजित कर रामरतन को बाइक की चाबी सौंपी। उपहार में दी गई इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 57,006 रुपये है।
इस कार्यक्रम में परसोना गांव के श्रीपाल वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कटरा कस्बे की मोहम्मद सईद की बेटी हिना को तृतीय स्थान मिलने पर मिक्सर जूसर प्रदान किया गया।
यह लकी ड्रा कार्यक्रम कस्बे की सचिन ऑटोमोबाइल पर आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में धर्मेंद्र गुप्ता, दिनेश गुप्ता, सुमित गुप्ता, डॉ. सौरभ गुप्ता, सादिक खान, कुलदीप सिंह, तैमूर खान, आमिर खान, सचिन गुप्ता, सुभाष सिंह, सुरेश पाल और हेतपाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति, 7 जनवरी से नोटिस निस्तारण शुरू

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति को अनुमोदन प्रदान किया गया है।

नियुक्त अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से आवंटित बूथों पर प्राप्त नोटिस का निस्तारण 7 जनवरी 2026 से किया जाएगा। यह कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देना सुनिश्चित करें। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी अधिकारी जिलाधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा।

शीत लहर के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों पर शीतकालीन अवकाश घोषित

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। अत्यधिक ठंड और शीत लहर को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट आलोक कुमार के निर्देशानुसार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 03 से 06 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश 02 जनवरी 2026 से 14 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अवकाश अवधि में बच्चों का शैक्षणिक संचालन स्थगित रहेगा, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका नियमित रूप से केंद्रों पर उपस्थित रहेंगी। इस दौरान पोषाहार वितरण, गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधियां, वीएचएसएनडी, पोषण ट्रैकर से संबंधित कार्यों के साथ-साथ अन्य शासकीय एवं विभागीय कार्यों का नियमित रूप से संपादन किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि ठंड के प्रकोप से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में हाई-टेक नर्सरी का कुलपति ने किया शिलान्यास

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान के अंतर्गत स्थापित हाई-टेक नर्सरी का शिलान्यास नए साल के पहले दिन कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। इस परियोजना के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग से ₹99.65 लाख की स्वीकृति प्राप्त हुई है। नर्सरी का नाम “एग्रीकल्चर इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सेंटर (कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र)” रखा गया है, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालय, छात्रों और किसानों को एक साझा मंच पर लाकर कृषि शिक्षा, आधुनिक तकनीक और विस्तार सेवाओं को सशक्त बनाना है।
यह हाई-टेक नर्सरी 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित अत्याधुनिक पॉलीहाउस से सुसज्जित है। इसमें स्टील संरचना, गटर सिस्टम, यूवी-स्टेबलाइज्ड पॉलीकार्बोनेट मल्टी-वॉल शीट, पैड एवं फैन कूलिंग सिस्टम, माइक्रोप्रोसेसर नियंत्रित बेंचिंग प्रणाली, पीएआर लैंप आधारित प्रकाश संश्लेषण प्रणाली, फॉगर सिस्टम और टैंक फ्लोर जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। साथ ही एक बिक्री आउटलेट भी स्थापित किया गया है, जहाँ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली, रोगमुक्त पौध रोपण सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों की बाहरी स्रोतों पर निर्भरता घटेगी और समय व धन की बचत होगी।
उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह केंद्र बागवानी फसलों की प्रमाणित किस्मों और हाइब्रिड पौधों की गुणवत्ता युक्त रोपण सामग्री उपलब्ध कराकर पूर्वांचल के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाएगा और क्षेत्रीय कृषि विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि यह केंद्र छात्रों के लिए पॉलीहाउस प्रबंधन, पौध प्रवर्धन और कृषि विपणन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।
कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. राम रतन सिंह ने बताया कि इस नर्सरी के माध्यम से फल और सब्जियों की व्यावसायिक खेती हेतु उन्नत तकनीकों का प्रभावी प्रसार किया जाएगा। संस्थान के समन्वयक डॉ. रामवंत गुप्ता ने इसे पूर्वांचल की कृषि के लिए दूरदर्शी और परिवर्तनकारी पहल बताया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर अनुभूति दुबे, नेशनल सीड कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. योगेंद्र कुमार यादव, संस्थान के शिक्षक डॉ. नुपूर सिंह, डॉ. तल्हा अंसारी, माधवेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. ऐमन तनवीर, डॉ. रुद्राजय मिश्र, प्रक्षेत्र प्रबंधक आशुतोष सिंह सहित संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।

वीरता की मिसाल बना निषाद समाज का बालक

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)l उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने आगरा स्थित सर्किट हाउस में बाह तहसील के बासौनी क्षेत्र अंतर्गत गांव झरनापुरा निवासी वीर बालक अजय राज निषाद को सम्मानित किया। इस अवसर पर बालक के पिता वीरभान भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अजय राज को साफा, मेडल और माला पहनाकर सम्मान दिया तथा उसके अदम्य साहस की खुले शब्दों में प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि अजय राज निषाद ने अपने साहस और सूझबूझ से मगरमच्छ के हमले से अपने पिता की जान बचाई थी। इस असाधारण वीरता के लिए उसे महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (वीरता) से सम्मानित किया जा चुका है।
मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि अजय राज निषाद निषाद समाज ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आगरा की धरती सदैव से वीरता की साक्षी रही है और निषादराज के वंशज अजय राज ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित देश के शीर्ष नेतृत्व द्वारा बालक को सम्मानित किया जाना समाज के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के हर जाति, वर्ग और धर्म के लोगों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। निषाद समाज के बच्चे खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि अजय राज निषाद की शिक्षा सहित उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार एवं निषाद पार्टी की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत, नियमों के पालन पर जोर

कुशीनगर।(राष्ट्र की परम्परा)l सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा निर्धारित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का जनपद कुशीनगर में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मु० अज़ीम ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने आम नागरिकों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने की अपील की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद भर में निरंतर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी, पंपलेट वितरण किया जाएगा तथा वाहन चालकों को नियमों के प्रति सजग किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों और युवाओं में प्रारंभ से ही सुरक्षित यातायात की आदत विकसित हो सके। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित, जिम्मेदार तथा जागरूक नागरिकों का निर्माण करना है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान से जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुशीनगर में चयन प्रक्रिया शुरू

कुशीनगर।(राष्ट्र की परम्परा)l प्रदेश में बालिका खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर सब जूनियर बालिका हॉकी एवं जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिताओं के लिए चयन एवं ट्रायल प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस संबंध में जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार निषाद ने आवश्यक जानकारी साझा की है।
उन्होंने बताया कि आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए खिलाड़ियों का चयन जिला एवं मंडल स्तर पर किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 02 जनवरी 2026 को अपराह्न 02 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजित किया जाएगा। इसमें जनपद की पात्र बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगी।
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए मंडलीय चयन/ट्रायल 03 जनवरी 2026 को गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। सब जूनियर बालिका हॉकी का मंडलीय ट्रायल दोपहर 12 बजे बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में होगा, जबकि जूनियर बालिका कुश्ती का मंडलीय ट्रायल प्रातः 11 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में संपन्न कराया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में सफल खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद व मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी। सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता 07 से 12 जनवरी 2026 तक मेरठ में आयोजित होगी, वहीं जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता 09 से 11 जनवरी 2026 तक आजमगढ़ में संपन्न होगी।
क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के समस्त प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्याओं से अपील की है कि वे अपने विद्यालय व महाविद्यालय की पात्र बालिका खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर ट्रायल में अवश्य भेजें। चयन/ट्रायल में सम्मिलित होने के लिए आयु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड अथवा नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

गोवंश तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भटनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 6 गोवंश को तस्करी से बचाते हुए 4 शातिर पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहनों को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर जिले में अपराध एवं पशु तस्करी की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अशुंमान श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना भटनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
विगत रात्रि पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पिपरा विट्ठल के पास सुनसान स्थान पर तीन पिकअप वाहनों को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहनों को तिरपाल से ढककर उनमें गोवंश को अमानवीय तरीके से बांधा गया था, जिन्हें बिहार एवं बंगाल ले जाकर कटान के लिए ले जाया जा रहा था।
मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान परमहंस यादव, अविनाश यादव, संजय कुमार बरनवाल तथा बीरू कुमार के रूप में हुई है, जो जनपद देवरिया के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना भटनी पर मुकदमा संख्या 286/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों पिकअप वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बच्चों के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन की अहम पहल

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण के संचालन हेतु उपयुक्त भवन किराये पर लेने की प्रक्रिया शुरू की है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सूचना जारी की गई है।जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि 0 से 6 वर्ष तक की आयु के 10 बच्चों की क्षमता वाले राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण (Specialized Adoption Agency – SAA) के सुचारु संचालन के लिए किराये पर भवन की आवश्यकता है। इसके लिए इच्छुक भवन स्वामियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।बताया गया कि चयनित भवन का न्यूनतम क्षेत्रफल लगभग 1200 वर्ग फुट होना अनिवार्य है। भवन में कम से कम तीन कमरे अथवा दो हॉल, एक किचन, एक स्नानघर, एक शौचालय तथा पर्याप्त खुला स्थान होना चाहिए। बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भूतल स्थित भवन को प्राथमिकता दी जाएगी।प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला मुख्यालय के निकट स्थित भवनों को विशेष वरीयता प्रदान की जाएगी, जिससे दत्तक ग्रहण प्रक्रिया से जुड़ी प्रशासनिक गतिविधियों, निरीक्षण और संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह पहल बच्चों की बेहतर देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।इच्छुक भवन स्वामी अपने प्रस्ताव आवश्यक दस्तावेजों सहित तीन कार्यदिवस के भीतर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 45ए, कलेक्ट्रेट कैंपस मऊ में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7518024038 पर संपर्क किया जा सकता है। राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण भवन किराया से जुड़ी यह सूचना भवन स्वामियों के लिए एक बेहतर अवसर भी है।

मतदाता सूची से नाम विलोपित होने पर ब्लॉक प्रमुख ने जताई साजिश की आशंका

मतदाता सूची जारी होने पर सामने आया मामला

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा )जनपद के कोपागंज विकासखंड के ग्राम पंचायत फतहपुर ताल नरजा की अंतिम मतदाता सूची 2025 को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. जय प्रकाश साहनी ने प्रेस नोट जारी कर आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में उनके, उनकी पत्नी सुनीता साहनी समेत परिवार के कई सदस्यों के नाम बिना कारण विलोपित कर दिए गए हैं।
डॉ. साहनी ने बताया कि ग्राम पंचायत फतहपुर ताल नरजा की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। सूची का अवलोकन करने पर यह गंभीर तथ्य सामने आया कि वर्तमान ब्लॉक प्रमुख जैसे जिम्मेदार पद पर आसीन व्यक्ति का ही नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक बताया।
ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीएलओ की मिलीभगत से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं, जबकि बाहरी मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। इतना ही नहीं, एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग वार्डों व बूथों पर दर्ज कर दिया गया है, ताकि वह कई बार मतदान कर सके और चुनाव परिणामों को प्रभावित किया जा सके।
डॉ. साहनी ने कहा कि पूर्व में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान भी गांव को इस तरह की राजनीति का दंश झेलना पड़ा था, जिसकी पुनरावृत्ति एक बार फिर देखने को मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ब्लॉक के प्रथम व्यक्ति का ही नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है, तो आम मतदाताओं के साथ क्या स्थिति होगी।
ब्लॉक प्रमुख ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मीडिया से भी इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की है।

देवरिया में सरकारी भूमि पर प्रस्तावित इस्लामिक आयोजन पर विवाद, रोक की मांग

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय के ओवरब्रिज के पास स्थित सरकारी बंजर भूमि पर खड़ी एक अवैध मज़ार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तीन और चार जनवरी को इसी स्थल पर बड़े इस्लामिक आयोजन की तैयारी की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
देवरिया सदर से विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने इस मामले में 31 दिसंबर को प्रमुख सचिव गृह को पत्र भेजकर प्रस्तावित आयोजन पर तत्काल रोक लगाने और अवैध मज़ार को ध्वस्त कराने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि राजस्व जांच और अभिलेखीय प्रक्रिया में यह स्पष्ट हो चुका है कि उक्त भूमि सरकारी बंजर है, जिस पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मज़ार खड़ी की गई थी।
विधायक का कहना है कि जब यह भूमि सरकारी बंजर घोषित हो चुकी है, तब वहां किसी भी प्रकार के धार्मिक आयोजन की अनुमति की प्रक्रिया शुरू किया जाना नियमों के विपरीत है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे आयोजन से भीड़ एकत्र होने और सामाजिक शांति एवं कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्व. राम नगीना यादव ने इस अवैध मज़ार के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी, और उस संघर्ष को तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। विधायक ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी अवैध गतिविधि या आयोजन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मामले को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि गृह विभाग और जिला प्रशासन इस पूरे प्रकरण में क्या कदम उठाता है।

अनुसूचित जाति के ऋण गृहिताओं को बड़ी राहत, जाने कब तक अवधि बढ़ी

महराजगंज में लाभ लेने का सुनहरा अवसर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद महराजगंज के अनुसूचित जाति वर्ग के ऋण गृहिताओं के लिए नववर्ष 2026 की शुरुआत एक राहत भरी खबर के साथ हुई है। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड द्वारा संचालित एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की अवधि को बढ़ाकर अब 01 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक कर दिया गया है। इस योजना का लाभ वे सभी पात्र ऋण गृहीता उठा सकते हैं, जिन्होंने पूर्व में निगम से ऋण प्राप्त किया है।

गरीब ऋण गृहिताओं को मिलेगा सीधा लाभ

जिला प्रबंधक विजय प्रताप शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि निगम के प्रबंध निदेशक ने अनुसूचित जाति के गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर ऋण गृहिताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य ऐसे परिवारों को राहत देना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण समय पर ऋण चुकता नहीं कर पाए थे।

एक मुश्त भुगतान पर मिलेगी विशेष छूट

ओटीएस योजना के तहत बकाया ऋण राशि के एकमुश्त भुगतान पर विशेष छूट प्रदान की जाएगी, जिससे लंबे समय से लंबित ऋण प्रकरणों का सरल और शीघ्र निस्तारण संभव हो सकेगा। यह योजना उन ऋण गृहिताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो ऋण के बोझ से मुक्ति पाकर दोबारा आर्थिक रूप से सशक्त होना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें – विधायक रिज़वी ने खरीद–दरौली घाट पीपा पुल का किया उद्घाटन, नववर्ष पर जनता को मिली बड़ी सौगात

समय रहते योजना का लाभ उठाने की अपील

जिला प्रबंधक ने सभी पात्र ऋण गृहिताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर ओटीएस योजना का लाभ उठाएं और अपने ऋण प्रकरण का निस्तारण कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

संपर्क व जानकारी

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक ऋण गृहीता उ.प्र. अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लि०, विकास भवन, कक्ष संख्या–51, जनपद महराजगंज में कार्यदिवस के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें – महराजगंज में थम गई शिक्षा की सांस, अनूप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनूप चौधरी के निधन से शोक की लहर

विधायक रिज़वी ने खरीद–दरौली घाट पीपा पुल का किया उद्घाटन, नववर्ष पर जनता को मिली बड़ी सौगात

पुल चालू होने से यूपी–बिहार के बीच आवागमन हुआ सुगम

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खरीद एवं दरौली घाटों के बीच सरयू नदी पर नवनिर्मित पैंटून (पीपा) पुल का उद्घाटन गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक मो. जियाउद्दीन रिज़वी ने विधिवत रूप से किया। नववर्ष के अवसर पर पुल के शुभारंभ से क्षेत्रीय जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और राहगीर मौजूद रहे।

यूपी–बिहार के बीच आसान हुआ आवागमन

पीपा पुल के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आवागमन काफी सुगम हो गया है। प्रतिदिन हजारों लोग खरीद–दरौली घाट मार्ग से दोनों राज्यों में आवागमन करते हैं। अब तक नावों पर निर्भरता के कारण लोगों को समय और जोखिम दोनों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पुल चालू होने से लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता मिल गया है।

104 पीपों से तैयार हुआ पैंटून पुल

विधायक मो. जियाउद्दीन रिज़वी ने बताया कि इस वर्ष सरयू नदी दो धाराओं में बंटी हुई है, जिसके कारण पैंटून पुल के निर्माण में कुल 104 पीपे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि रहेंगे, जनता की समस्याओं और सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।

ये भी पढ़ें – महराजगंज में थम गई शिक्षा की सांस, अनूप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनूप चौधरी के निधन से शोक की लहर

पक्के पुल के लिए मुख्यमंत्री से धन की मांग

विधायक ने बताया कि स्थायी समाधान के लिए उन्होंने विधानसभा में नियम 301 के तहत मुख्यमंत्री से पक्का पुल निर्माण हेतु धन की मांग की है। उनका प्रयास है कि जल्द से जल्द पक्के पुल का निर्माण हो, जिससे यूपी और बिहार के नागरिकों को स्थायी रूप से आवागमन में राहत मिल सके।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इस दौरान विधायक रिज़वी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि धन की कमी का बहाना बनाकर पूर्व सरकार में स्वीकृत पक्का पुल का निर्माण अब तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शासनकाल में मंडी, खरीद–दरौली घाट पर पक्का पुल, स्पोर्ट्स कॉलेज जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए थे और उनका शुभारंभ भी किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार में ये योजनाएं ठप पड़ी हैं।

समारोह में मौजूद रहे गणमान्य लोग

उद्घाटन समारोह में डॉ. मदन राय, रामजी यादव, अनंत मिश्रा, भीष्म यादव, कृष्ण कुमार यादव उर्फ बुड्ढा, गुरुज लाल राजभर, खुर्शीद आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें – सड़क सुरक्षा माह 2026: जीवन रक्षा का संकल्प

महराजगंज में थम गई शिक्षा की सांस, अनूप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनूप चौधरी के निधन से शोक की लहर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद महराजगंज की धरती गुरुवार को गहरे शोक में डूबी नजर आई। शिक्षा को मिशन मानकर सैकड़ों बच्चों का भविष्य संवारने वाले अनूप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एवं प्रख्यात शिक्षाविद् अनूप चौधरी (40 वर्ष) का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे जिले का शिक्षा जगत स्तब्ध है और हर आंख नम हो गई है।

अनूप चौधरी का जाना केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं, बल्कि उस सोच और समर्पण का अचानक थम जाना है, जिसने शिक्षा को व्यवसाय नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा की ज्योत जलाए रखी और सैकड़ों बच्चों को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया।

साधारण शुरुआत से असाधारण पहचान तक

फरेंदा नगर में एक छोटे से कोचिंग सेंटर से शुरू हुआ उनका सफर संघर्ष, मेहनत और संकल्प की मिसाल रहा। उन्होंने शिक्षा को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़ा। यही विचार आगे चलकर अनूप पब्लिक स्कूल की स्थापना का आधार बना, जो आज महराजगंज में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का प्रतीक बन चुका है।

छात्रों के लिए अभिभावक और मार्गदर्शक

अनूप चौधरी छात्रों के लिए केवल प्रबंधक नहीं, बल्कि एक सच्चे अभिभावक और प्रेरणास्रोत थे। विद्यार्थियों की छोटी से छोटी समस्या को भी वे गंभीरता से लेते थे। उनके मार्गदर्शन में कई छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की और आज वे अपने प्रिय शिक्षक को नम आंखों से याद कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें – सूर्य की किरणों के साथ नव वर्ष 2026 का आगाज़, सरयू नदी तट पर उमड़ी भारी भीड़

बीमारी के बाद हुआ असामयिक निधन

परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। बुधवार रात अचानक हालत बिगड़ने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

निधन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर, उनके आवास और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षक, छात्र, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

गुरुवार को उनकी अंतिम यात्रा कैंपियरगंज स्थित कर्मैनी घाट के लिए निकली। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। हर किसी की जुबान पर एक ही बात थी—अनूप चौधरी का जाना शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

शिक्षा का दीप हमेशा जलता रहेगा

भले ही अनूप चौधरी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनके संस्कार और उनके द्वारा जलाया गया शिक्षा का दीप आने वाली पीढ़ियों को सदैव रोशनी देता रहेगा। महराजगंज में शिक्षा की अलख भले ही आज कुछ देर के लिए मंद पड़ी हो, लेकिन उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

ये भी पढ़ें – विधायक वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने ग्राम सिउरा में मेडिकल स्टोर का किया उद्घाटन

सूर्य की किरणों के साथ नव वर्ष 2026 का आगाज़, सरयू नदी तट पर उमड़ी भारी भीड़

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। गुरुवार की सुबह नव वर्ष 2026 का शुभारंभ सूर्य की सुनहरी किरणों के साथ हुआ। नए साल के पहले दिन नगरपालिका क्षेत्र स्थित सरयू नदी के रेतीले तट पर नव युवक और नव युवतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पिकनिक, मनोरंजन और प्रकृति के बीच नए साल का स्वागत किया।

सरयू नदी तट पर कहीं सेल्फी लेने का दौर चलता रहा तो कहीं पकवानों और मिठाइयों का स्वाद लिया जा रहा था। युवाओं के समूहों ने संगीत, हंसी-मजाक और पिकनिक के साथ नए साल का जश्न मनाया। इस दौरान नगर की प्रमुख सड़कों पर भी लोगों की भारी आवाजाही देखने को मिली, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

भीड़ को देखते हुए थानाध्यक्ष दिनेश मौर्य के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। सड़क से लेकर सरयू नदी तट तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। नदी तट पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की चहल-पहल नज़ारा देखने लायक रही।

ये भी पढ़ें – सड़क सुरक्षा माह 2026: जीवन रक्षा का संकल्प

नव वर्ष मनाने पहुंचे युवाओं का कहना था कि सरयू नदी के तट पर सूर्य की किरणों के साथ नए साल का स्वागत करने का अनुभव बेहद खास और यादगार है।

वहीं उपजिलाधिकारी बरहज ने लोगों से अपील की कि वे नदी में प्रवेश न करें और सेल्फी सुरक्षित स्थानों से ही लें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।