Thursday, June 11, 2026
Home Blog Page 206

सिकंदरपुर में मतदाता सूची, विकास कार्य व सार्वजनिक संपत्ति को लेकर सपा का प्रशासन पर आरोप को लेकर ज्ञापन सौंपा गया

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

समाजवादी पार्टी, विधानसभा सिकंदरपुर इकाई ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी बलिया को एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण, सार्वजनिक निर्माण कार्यों तथा ग्राम समाज की भूमि से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी नेताओं ने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा धरना–प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सपा का आरोप है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान सत्ता पक्ष के दबाव में कुछ बीएलओ के माध्यम से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने विशेष रूप से सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत सिवानकलां गांव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के विरुद्ध फार्म-7 भरवाए जा रहे हैं, जबकि संबंधित लोग अपने घरों पर मौजूद हैं। सपा ने एईआरओ स्तर के एक अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। दूसरा मामला ग्राम सभा सिवानकलां में पंचायत भवन पर बन रहे अंबेडकर प्रेरणा द्वार से जुड़ा है। सपा के अनुसार 6 दिसंबर 2025 को असामाजिक तत्वों द्वारा शिलापट्ट तोड़ दिया गया था, जिसका वीडियो और फोटो प्रशासन को उपलब्ध कराया गया। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक न तो शिलापट्ट दोबारा लगाया गया और न ही दोषियों पर कार्रवाई हुई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।तीसरा मुद्दा सिकंदरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में हास्पिटल रोड से नगरा रोड तक स्वीकृत सीसी रोड निर्माण से संबंधित है। पार्टी का कहना है कि एक निजी व्यक्ति द्वारा लगभग 50 मीटर सड़क निर्माण रुकवा दिया गया है, जबकि राजस्व विभाग पैमाइश कर इसे सार्वजनिक मार्ग बता चुका है। ईओ द्वारा पुलिस बल की मांग किए जाने के बाद भी कार्य अधूरा है।
चौथा आरोप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित प्राचीन कलवारी गड़ही पर अवैध कब्जे और मिट्टी पाटकर प्लॉटिंग किए जाने को लेकर है। सपा ने इसे भूमाफियाओं की करतूत बताते हुए तत्काल कब्जा हटाने और जलस्रोत को सुरक्षित रखने की मांग की है।पार्टी ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई न होने पर तहसील प्रांगण में धरना–प्रदर्शन किया

उदित नारायण इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम, 445 विद्यार्थियों ने लिया नियमों के पालन का संकल्प

कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत गुरुवार को उदित नारायण इंटर कॉलेज, पड़रौना में सड़क सुरक्षा को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनसीसी, स्काउट-गाइड, आपदा मित्र एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराते हुए सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग जीवन रक्षक साबित होता है। साथ ही नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने तथा कोहरे के समय फॉग लाइट के प्रयोग जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजीव यादव ने राहवीर योजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। यह योजना आमजन को मानवता के लिए आगे आने को प्रेरित करती है।एआरटीओ कुशीनगर मो. अजीम ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानून नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और समाज में भी जागरूकता फैलाएं।इस कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी रवि यादव, स्काउट-गाइड प्रभारी नीरज बांका सहित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के तहत कुल 445 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लिया।

यूजीसी के नए कानून के विरोध में सिकंदरपुर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन


सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित नए कानून के विरोध में गुरुवार को सिकंदरपुर तहसील परिसर में सामान्य वर्ग के छात्रों, अधिवक्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर श्री सुनील कुमार को राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर कानून को वापस लेने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी का यह नया प्रावधान न्यायसंगत नहीं है और यह संविधान द्वारा प्रदत्त समानता के अधिकार की भावना के विपरीत है। छात्रों और अधिवक्ताओं का कहना था कि इस प्रकार के कानून से विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच जातिगत विभाजन की भावना को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होगा। उनका तर्क था कि शिक्षा का मूल उद्देश्य सभी को समान अवसर प्रदान करना है, न कि समाज को वर्गों में विभाजित करना।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी भी नीति या कानून का उद्देश्य समावेशी विकास होना चाहिए। यदि शिक्षा व्यवस्था में असमानता या भेदभाव की भावना उत्पन्न होती है, तो इसका नकारात्मक प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस कानून पर पुनर्विचार किया जाए और शिक्षा व्यवस्था को समानता एवं न्याय के संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप संचालित किया जाए।इस विरोध प्रदर्शन को सिकंदरपुर बार एसोसिएशन का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। साथ ही जननायक विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।इस अवसर पर प्रमुख रूप से भोला सिंह, अमरनाथ सिंह, विवेक राय, अजय श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र सिंह (एडवोकेट), अंगद सिंह, लक्ष्मण पाण्डेय, सुरेश सिंह, सम्भव राय, विश्वजीत सिंह, अशोक श्रीवास्तव (एडवोकेट), सुशील सिंह (एडवोकेट), उदय सिंह (एडवोकेट), राजन सिंह, विक्की सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में यूजीसी के नए कानून को वापस लेने की मांग दोहराई।

एन एच-29 पर सर्विस लेन व मेजर जंक्शन की मांग, ग्रामीणों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)जनपद मऊ के कोपागंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शहरोज से होकर गुजर रहे गोरखपुर–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर सर्विस लेन व मेजर जंक्शन न बनाए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इसको लेकर प्रदेश सचिव समाजवादी युवजन सभा (उ.प्र.) एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उमाशंकर राय उर्फ पं. सोनू राय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री भारत सरकार को ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि एन एच-29 लगभग बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन ग्राम शहरोज की मुख्य निकासी मार्ग को बिना सर्विस लेन सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ दिया गया है। जिस स्थान पर गांव का रास्ता राजमार्ग से मिलता है, वह स्थान घुमावदार होने के कारण अत्यंत दुर्घटनाप्रवण है। यहां अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग न सिर्फ शहरोज बल्कि आसपास के कई गांवों का मुख्य रास्ता है। साथ ही इसी मार्ग से प्राचीन बारह दुवरिया शिव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। इसके बावजूद एन एच आई और प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से इशरावती देवी (ग्राम प्रधान), प्रवीण राय, रामाशीष, केदार गौड़, विशाल, अच्छेलाल, मंजीत, अमित कन्नौजिया, रोशन तिवारी, राजू तिवारी, शाहिल तिवारी, धनंजय, विनय शर्मा, राजन शर्मा, अभिषेक प्रजापति, हरिश्चंद्र साहनी, मनीष राय, संजय त्रिपाठी, रमेश, अजीत तिवारी, राधिका देवी, शिवानंद तिवारी, दीपक राजभर, राजेंद्र राजभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल रहे।
उमाशंकर राय ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सर्विस लेन व मेजर जंक्शन निर्माण की कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो ग्रामीण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

पीएम विश्वकर्मा योजना जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, कारीगरों को मिला आत्मनिर्भरता का संदेश

मऊ(राष्ट्र की परम्परा)भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के अंतर्गत शाखा एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय, वाराणसी द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के लिए एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सहादतपुर, मऊ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।कार्यक्रम में स्वागत संबोधन आर.के. बरनवाल, सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी द्वारा किया गया। इसके पश्चात शिव भारद्वाज, सहायक आयुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, मऊ तथा अरुण यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, मऊ ने उपस्थित कारीगरों और शिल्पकारों को संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभार्थी 5 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं, साथ ही शासन द्वारा ₹4 लाख तक की वित्तीय सहायता एवं ₹15,000 मूल्य की निःशुल्क टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण गुप्ता ने कहा कि यह योजना पारंपरिक कारीगरों, दस्तकारों और शिल्पकारों के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।तकनीकी सत्र में अनिल कुमार सिन्हा, एलडीएम, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मऊ ने ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं ज्योति, ब्रांच मैनेजर, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, मऊ ने विपणन सहयोग पर प्रकाश डाला। पैकेजिंग और ब्रांडिंग विषय पर प्रशांत विश्वकर्मा, शोधार्थी, डिजाइन इनोवेशन सेंटर, बीएचयू, वाराणसी ने उपयोगी जानकारी साझा की। अंत में वी.के. राणा, सहायक निदेशक,एमएसएमई-डीएफओ, वाराणसी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।कार्यक्रम में लगभग 150 पीएम विश्वकर्मा योजना लाभार्थियों सहित कई अधिकारी, विशेषज्ञ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 146 वाहनों का ई-चालान, 11 सीज

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस देवरिया चेकिंग अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर व्यापक कार्रवाई की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें यातायात प्रभारी गुलाब सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय रहे।अभियान के दौरान मालवीय रोड, गोरखपुर रोड, बस स्टैंड क्षेत्र सहित सोनूघाट और सलेमपुर रोड पर सघन वाहन चेकिंग की गई। बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और नियमों की अनदेखी कर चल रहे ऑटो व ई-रिक्शा वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस देवरिया चेकिंग अभियान के तहत जिला अस्पताल रोड पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए स्प्रिंग पोस्ट भी लगाए गए, जिससे जाम की समस्या से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी देवरिया द्वारा शहर क्षेत्र के 12 किलोमीटर सर्किल में संचालित ई-रिक्शा वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहनों के कागजात पूर्ण और वैध पाए गए, उन्हें नंबरिंग कर शहर में संचालन की अनुमति दी गई अभियान की समाप्ति पर यातायात पुलिस देवरिया चेकिंग अभियान के दौरान कुल 146 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 11 वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।यातायात पुलिस का स्पष्ट संदेश यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

अमृत भारत योजना के तहत सलेमपुर जंक्शन पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)।
जिला कांग्रेस कमेटी देवरिया के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय ने अमृत भारत योजना के अंतर्गत सलेमपुर जंक्शन पर हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व ही निर्मित स्टेशन बोर्ड का टूट जाना निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली और गुणवत्ता मानकों पर स्वयं सवालिया निशान खड़ा करता है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि जिस बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन की पहचान मिलती है, वही यदि अल्प समय में क्षतिग्रस्त हो जाए तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में आने-जाने वाले यात्रियों को इस बोर्ड से सलेमपुर जंक्शन का नाम तक स्पष्ट रूप से पढ़ने में कठिनाई हो रही है, जो रेलवे प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से चलाई जा रही अमृत भारत योजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं का विस्तार और रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण है, लेकिन यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता ही कमजोर होगी तो योजना के मूल उद्देश्य पर ही प्रश्नचिह्न लग जाएगा।
डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्टेशन पर लगाए गए सभी संकेतक बोर्डों और अन्य निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता सामग्री से पुनः निर्मित कराया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

थाने से लेकर अफसरों तक चुप्पी

0

पीड़िता सुशीला साहनी बोलीं– आरोपियों को पुलिस का संरक्षण, परिवार की जान खतरे में

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
थाना बड़हलगंज क्षेत्र के ग्राम रजौरी निवासी सुशीला साहनी ने गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 25 जनवरी 2026 को उनके पति व बेटे अजय पर गांव के दबंगों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया।
पीड़िता ने बताया कि हमलावरों में देव प्रकाश शुक्ला, गणनायक शुक्ला, धर्मदेव यादव, मिठाई लाल यादव समेत अन्य लोग शामिल थे, जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर उनके बेटे के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल अवस्था में पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले में थाना बड़हलगंज में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।

इसे भी पढ़ें – यूजीसी नियमों के विरोध की गूंज देवरिया तक, बार अध्यक्ष ने पद छोड़ा, सवर्ण समाज आंदोलन को तैयार
सुशीला साहनी का आरोप है कि पुलिस आरोपियों से सांठगांठ कर मुकदमे को कमजोर करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस पर रिश्वत लेकर केस खत्म कराने का दबाव बनाया जा रहा है। गिरफ्तारी न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता ने कहा कि उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रेस वार्ता में सुशीला साहनी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने अब भी आंखें मूंदे रखीं तो वे न्याय के लिए आंदोलन को मजबूर होंगी। उन्होंने मांग की कि सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रेस क्लब में मौजूद पत्रकारों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

रेल सुविधाओं को लेकर रासद-भाकपा ने सौंपा मांगपत्र

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रामीण क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर राष्ट्रीय समानता दल (रासद) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार 29 जनवरी 2026 को सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी को संयुक्त रूप से मांगपत्र सौंपा।

मांगपत्र सौंपते हुए संजयदीप कुशवाहा ने ग्रामीण इलाकों में रेल सेवा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भटनी जंक्शन से अयोध्या धाम तक चलने वाली ट्रेन संख्या 65115 मेमू को बरहज बाजार से प्रारंभ किए जाने की मांग की, ताकि ग्रामीण जनता को अयोध्या धाम तक सुरक्षित, सुलभ और किफायती रेल सुविधा मिल सके।

चौरी-चौरा एक्सप्रेस के समय में बदलाव की मांग

प्रतिनिधियों ने ट्रेन संख्या 15004 चौरी-चौरा एक्सप्रेस के वर्तमान संचालन समय पर भी चिंता जताई। यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन से रात्रि करीब 11:20 बजे प्रस्थान करती है, जिससे यात्रियों को मध्यरात्रि में स्टेशनों पर पहुंचना पड़ता है। इससे महिलाओं, छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और आम यात्रियों को असुरक्षा और भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इसलिए मांग की गई कि इस ट्रेन का समय बदलकर इसे गोरखपुर से सायं 5:00 बजे चलाया जाए।

ग्रामीण समाज की रीढ़ है रेलवे

चतुरानन ओझा, सह संयोजक समान शिक्षा आंदोलन ने कहा—

“रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज की सामाजिक और आर्थिक रीढ़ है। आधी रात में ट्रेनों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। हमारी सभी मांगें जनहित और सामाजिक न्याय से जुड़ी हैं।”

ये भी पढ़ें – मिशन-2026 देवरिया में लोहिया वाहिनी का ‘बूथ विजय’ संकल्प, घर-घर दस्तक देंगे ‘सलोवा’ के जांबाज

स्टेशनों पर ठहराव व बुनियादी सुविधाओं की मांग

विनोद सिंह, प्रदेश सचिव खेमयु (CPI) ने पिवकोल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15104 और 15132 के ठहराव की आवश्यकता बताई।
वहीं सुरेंद्र बौद्ध ने बरहज बाजार, सिसई गुलाब राय, सतराव और देवरहवा बाबा करौता रेलवे स्टेशनों के प्लेटफार्म को मानक के अनुसार ऊंचा करने की मांग रखी।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव अरविंद कुशवाहा ने बरहज रेलवे स्टेशन पर शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कुशीनगर को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग

विजय कुमार, जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय समानता दल ने बरहज बाजार रेलवे स्टेशन को दोहरीघाट रेलवे स्टेशन और भटनी जंक्शन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन स्थल कुशीनगर से जोड़ने की मांग की। उनका कहना था कि इससे पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
सभी संगठनों ने रेलवे प्रशासन से अपील की कि जनसुरक्षा, महिला-हित, छात्र-हित और ग्रामीण विकास को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी ने सभी मांगों पर सहमति जताते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस मौके पर सुरेश कुशवाहा, सुजीत कुमार टीटू, सुभावती देवी, सांध्य, श्यामदेव यादव, राजाराम, शेषमणि, अभय कुमार, विद्यावती, विमलेश कुमार, मोहम्मद महफूज सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

​मिशन-2026 देवरिया में लोहिया वाहिनी का ‘बूथ विजय’ संकल्प, घर-घर दस्तक देंगे ‘सलोवा’ के जांबाज

​देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिले में “पीडीए मतदाता जागरूकता अभियान” को धार देने के लिए समाजवादी लोहिया वाहिनी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि 28 जनवरी से 6 फरवरी तक चलने वाला यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर शुद्धिकरण का एक बड़ा अभियान होगा।

​कार्यकर्ताओं को मिला ‘पंच बूथ’ का जिम्मा

​बैठक में बनी रणनीति के तहत सलोवा कार्यकर्ताओं को ‘पाँच-पाँच बूथ’ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये कार्यकर्ता न केवल मतदाता सूची को दुरुस्त करेंगे, बल्कि जमीन पर जाकर समाजवादी विचारधारा और पीडीए के संकल्प को युवाओं तक पहुँचाएंगे।

ये भी पढ़ें – भारत-EU ट्रेड डील पर अमेरिका का हमला, ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने यूरोप को घेरा

संगठन ने इस बार तकनीकी और जमीनी दोनों स्तरों पर काम करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया है जिसमे एस.आई.आर. (SIR) के तहत सी-कैटेगरी और नो-मैपिंग की गहन जांच। मृतक और डबल मतदाताओं के नाम कटवाने की प्रक्रिया पर विशेष नजर।​ अब्सेंट और शिफ्टेड मतदाताओं की सघन जांच ताकि वोट का अधिकार सुरक्षित रहे।साथ ही बूथों पर कैंप लगाकर फॉर्म 6, 7 और 8 भरवाए जाएंगे ताकि कोई भी पात्र युवा मताधिकार से वंचित न रहे।

हमारा लक्ष्य हर बूथ पर पारदर्शिता और मजबूती लाना है। विधानसभा से लेकर ब्लॉक और नगर अध्यक्षों तक, हर पदाधिकारी को जवाबदेही सौंपी गई है। सलोवा का एक-एक सिपाही नौजवानों को जागरूक करने के लिए मैदान में उतर चुका है।
दिव्यांश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष (समाजवादी लोहिया वाहिनी)

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette

भारत-EU ट्रेड डील पर अमेरिका का हमला, ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने यूरोप को घेरा

वॉशिंगटन (राष्ट्र की परम्परा)। अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच हाल ही में हुए व्यापार समझौते को लेकर यूरोप पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस डील से साफ हो गया है कि यूरोपीय यूनियन ने यूक्रेन के समर्थन से ज्यादा अपने व्यापारिक हितों को प्राथमिकता दी है।

CNBC को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने कहा कि भारत-EU ट्रेड डील कई साल की बातचीत के बाद मंगलवार को पूरी हुई, जिससे वह बेहद निराश हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस समझौते को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ बताया था।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बेसेंट ने कहा,
“उन्हें जो सही लगे, वह करें, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यूरोप का यह रवैया मुझे निराशाजनक लगा।”

भारत पर US टैरिफ से EU ने बनाई दूरी

स्कॉट बेसेंट ने आरोप लगाया कि यूरोपीय देश भारत से ऐसे रिफाइंड प्रोडक्ट्स खरीद रहे हैं, जो रूसी तेल से बने हैं, लेकिन भारत पर अमेरिका की सख्त व्यापार नीति का समर्थन करने को तैयार नहीं हुए।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पिछले साल भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया था, लेकिन EU ने इस कदम का समर्थन नहीं किया क्योंकि वह भारत के साथ अपना व्यापार समझौता करना चाहता था।
बेसेंट के मुताबिक,
“यूरोप हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ और अब साफ हो गया है कि इसकी वजह यह ट्रेड डील थी।”

यूक्रेन को लेकर यूरोप के बयानों पर सवाल

बेसेंट ने कहा कि यूरोप की यह नीति यूक्रेन को लेकर उसके दावों को कमजोर करती है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा,
“जब भी किसी यूरोपीय नेता को यूक्रेनी लोगों के महत्व पर बोलते सुनें, तो याद रखें कि उन्होंने व्यापार को यूक्रेन से ऊपर रखा।”

ये भी पढ़ें – क्रिटिकल मिनरल्स बैठक के लिए अमेरिका जा सकते हैं एस. जयशंकर

‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ का मकसद

भारत-EU व्यापार समझौते का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच व्यापार बढ़ाना और अमेरिका पर यूरोप की निर्भरता कम करना बताया गया है।
ब्रसेल्स के अनुसार, इस डील के तहत करीब 97 फीसदी उत्पादों पर टैरिफ खत्म या कम किए जाएंगे। इससे 2032 तक EU का भारत को निर्यात दोगुना हो सकता है और यूरोपीय कंपनियों को लगभग 4 अरब यूरो की ड्यूटी बचत होगी।

अमेरिका-यूरोप व्यापार संबंधों में बढ़ता तनाव

स्कॉट बेसेंट के ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापार संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि EU ने जुलाई में हुए फ्रेमवर्क समझौते के तहत टैरिफ कटौती के वादों को अब तक लागू नहीं किया है।

अन्य देशों पर भी US का टैरिफ दबाव

अमेरिका ने दक्षिण कोरिया समेत कई अन्य व्यापारिक साझेदारों पर भी टैरिफ बढ़ाए हैं। बेसेंट ने टैरिफ को दबाव बनाने का हथियार बताते हुए कहा कि इससे व्यापारिक बातचीत को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

ऊर्जा व्यापार को लेकर यूरोप पर निशाना

ABC न्यूज से बातचीत में बेसेंट ने कहा कि यूरोपीय देश ऊर्जा व्यापार के जरिए अपनी ही सुरक्षा नीति को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा,
“हमने भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर 25 फीसदी टैरिफ लगाया, लेकिन इसके बावजूद यूरोप ने भारत के साथ ट्रेड डील साइन कर ली।”

भारत पर 50% तक टैरिफ, राहत के संकेत

ट्रंप प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाए हैं, जिनमें से 25 फीसदी टैरिफ भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने से जुड़ा है। अगस्त में इन टैरिफ को और बढ़ाया गया, जिससे अमेरिका-भारत व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ गया।

हालांकि, बेसेंट ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में टैरिफ में राहत मिल सकती है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान Politico से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय रिफाइनरियों द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद में तेज गिरावट आई है और 25 फीसदी टैरिफ हटाने का रास्ता निकल सकता है।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette

क्रिटिकल मिनरल्स बैठक के लिए अमेरिका जा सकते हैं एस. जयशंकर

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर अगले सप्ताह अमेरिका के दौरे पर जा सकते हैं, जहां वह क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल बैठक में हिस्सा लेंगे। यह उच्चस्तरीय बैठक वॉशिंगटन डीसी में आयोजित होगी और इसकी मेजबानी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो करेंगे। यह पहली बार होगा जब इस मंच पर इतने बड़े स्तर पर देशों के विदेश मंत्री एक साथ जुटेंगे।

बैठक से इतर एस. जयशंकर और मार्को रूबियो के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बातचीत में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम विषय शामिल हो सकते हैं।

क्रिटिकल मिनरल्स सप्लाई चेन पर फोकस

क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल बैठक का मुख्य उद्देश्य दुनियाभर के देशों को एक मंच पर लाकर अहम खनिजों की सुरक्षित और भरोसेमंद सप्लाई चेन विकसित करना है। इन खनिजों में लिथियम, कोबाल्ट और निकल जैसे संसाधन शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिफेंस सिस्टम्स में किया जाता है।

ये भी पढ़ें – देवरिया में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो समेत 90 लीटर देशी शराब बरामद

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर तनाव

यह हाई-लेवल मीटिंग ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में एस. जयशंकर का प्रस्तावित दौरा दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी को कम करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात पर भी चर्चा हो सकती है। अगर विदेश मंत्री का यह दौरा होता है, तो इसे भारत-अमेरिका संबंधों में मनमुटाव खत्म होने का स्पष्ट संकेत माना जाएगा।

यूरोपियन यूनियन के साथ FTA के बाद अहम दौरा

एस. जयशंकर का यह दौरा ऐसे वक्त में संभावित है, जब भारत ने हाल ही में यूरोपियन यूनियन के साथ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) किया है। यह समझौता अमेरिकी दबाव के बीच रणनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

इस एफटीए से भारतीय कंपनियों को यूरोपीय बाजारों में प्राथमिकता से पहुंच मिलेगी। इससे ‘मेड इन इंडिया’ मेडिकल उपकरणों पर टैरिफ घटेगा, साथ ही रसायन, उर्वरक, दवाएं, कॉस्मेटिक, साबुन और डिटर्जेंट जैसे सेक्टरों में तेजी से विकास होगा। इसके अलावा उत्पादन क्षमता बढ़ाने और एमएसएमई क्लस्टर्स के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette

बनारस–हरदत्तपुर रेल खंड पर सघन टिकट चेकिंग अभियान, 33 यात्री पकड़े गए

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। बनारस–हरदत्तपुर रेल खंड पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे द्वारा सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह बस रेड टिकट चेकिंग अभियान 28 जनवरी 2026 को प्रातः हरदत्तपुर स्टेशन को आधार बनाकर संचालित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बनारस–प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर चलने वाली 65132 प्रयागराज रामबाग मेमू, 65131 मऊ–प्रयागराज रामबाग मेमू एक्सप्रेस सहित अन्य सवारी गाड़ियों में किलाबंदी कर टिकट जांच की गई।

इस टिकट जांच दल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पी.एन. मिश्रा, मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, टिकट निरीक्षक माहरूफ खान, उमेश यादव, अमित सहित कुल 21 टिकट जांच कर्मचारी और 05 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान शामिल रहे।

ये भी पढ़ें – बुजुर्ग को बचाने में युवक घायल, बृजमनगंज में मानवता की मिसाल

जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 33 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे राजस्व के रूप में ₹58,540 (अठावन हजार पांच सौ चालीस रुपये) का जुर्माना वसूला गया। वहीं जुर्माना तत्काल अदा न करने वाले 10 यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां जुर्माना जमा करने के बाद उन्हें छोड़ा गया।

बस रेड अभियान के चलते इस रेल खंड के विभिन्न स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान उचित एवं वैध टिकट लेकर ही सफर करें।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette

देवरिया में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो समेत 90 लीटर देशी शराब बरामद

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना श्रीरामपुर पुलिस ने एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन से 90 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत की गई।

घटना 28 जनवरी 2026 की रात की है, जब अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना श्रीरामपुर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चित्रसेन बनकटा बॉर्डर पर बासोपट्टी पेट्रोल पंप के पास एक पंचर की दुकान के समीप खड़ी स्कॉर्पियो वाहन को देखकर पुलिस को शक हुआ।

पुलिस को देखते ही वाहन चालक स्कॉर्पियो छोड़कर झाड़ियों की ओर फरार हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर वह मौके से भागने में सफल रहा। बाद में जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो स्कॉर्पियो (नंबर BR 01 PG 4118) से 10 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई। इनमें 5 पेटी “बंटी बबली” और 5 पेटी “रोमिया राजा” ब्रांड की शराब शामिल है।

ये भी पढ़ें – मोबाइल विवाद में दुकानदार के बेटे पर जानलेवा हमला

बरामद शराब की कुल मात्रा 90 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 हजार रुपये है, जबकि जब्त स्कॉर्पियो की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना श्रीरामपुर में मु0अ0सं0 0015/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette

मोबाइल विवाद में दुकानदार के बेटे पर जानलेवा हमला

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के डुमरी ईटहिंया गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुआ एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने मिलकर एक दुकानदार के बेटे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने एक महिला समेत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईटहिंया मंदिर परिसर में दुकान चलाने वाले रामनिवास यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे गांव के दिलीप, दीपू और चिनका किसी मोबाइल फोन को लेकर विवाद करते हुए उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों गाली-गलौज करने लगे और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उस समय दुकानदार का छोटा बेटा अनिकेश घर पर मौजूद नहीं था।

इसी दौरान रामनिवास यादव का बड़ा बेटा गंगेश यादव दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसे देखते ही तीनों आरोपी उग्र हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से गंगेश यादव पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

ये भी पढ़ें – बुजुर्ग को बचाने में युवक घायल, बृजमनगंज में मानवता की मिसाल

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले की सूचना मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। एहतियातन पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

इस संबंध में ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक महिला समेत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/compass-survey-200-jeae-200-je-ae.html?m=1#google_vignette