दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा। शाहजहांपुर के एक उद्योगपति की कंपनी से लिए गए कर्ज की रकम तय समय पर वापस न करने के मामले में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अभिनेता को जेल भेजने का आदेश दिया है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को निर्देश दिया कि राजपाल यादव को शुक्रवार शाम चार बजे तिहाड़ जेल में पेश किया जाए। सुनवाई के दौरान अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि अभिनेता की ओर से न्यायालय को गुमराह किया गया है।
उद्योगपति की कंपनी द्वारा दी गई रकम की अदायगी को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए और भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद राशि वापस नहीं की गई। इसे गंभीरता से लेते हुए अदालत ने कड़ा रुख अपनाया और जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया।
कोर्ट के इस फैसले के बाद कानूनी हलकों में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, अभिनेता की कानूनी स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब आगे की कार्रवाई तिहाड़ जेल में पेशी के बाद तय की जाएगी।
कर्ज विवाद: अदालत के आदेश पर अभिनेता राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में पेश होना होगा
विश्वविद्यालय में व्यवहारिक शिक्षा को प्राथमिकता: कुलपति प्रो. पूनम टंडन
औद्योगिक भ्रमण से छात्रों को मिली खाद्य प्रसंस्करण व सौर ऊर्जा की व्यावहारिक समझ
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग के एम.एससी. फूड टेक्नोलॉजी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों ने 03 फरवरी 2026 को शैक्षणिक भ्रमण के तहत देवरिया जनपद के पहाड़पुर स्थित गणपति रोलर्स फ्लोर मिल का दौरा किया। यह भ्रमण विभागाध्यक्ष प्रो. दिव्या रानी सिंह के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्रों को गेहूं की प्रोसेसिंग, सफाई, ग्राइंडिंग, पैकेजिंग तथा गुणवत्ता नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। मिल के प्रोपराइटर अरविंद राय ने औद्योगिक स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण, स्वच्छता मानकों और गुणवत्ता आश्वासन प्रणालियों से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं को साझा किया।
छात्रों को उद्योग परिसर में स्थापित सोलर पैनल प्रणाली की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि किस प्रकार सौर ऊर्जा के माध्यम से मिल में विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिससे ऊर्जा लागत में कमी के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इसी अवसर पर सोलर पैनल प्रणाली के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण भी संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान सोलर प्लांट की क्षमता, तकनीकी मानक, संरचनात्मक सुरक्षा और विद्युत उत्पादन से जुड़े बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सौर ऊर्जा से संबंधित सब्सिडी/प्रोत्साहन प्राप्त करने हेतु संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। यह प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए नवीकरणीय ऊर्जा, सरकारी योजनाओं और औद्योगिक अनुपालन की व्यावहारिक समझ के लिहाज से उपयोगी रही।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय में व्यवहारिक शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली, गुणवत्ता मानकों और सतत ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ते हैं।
भ्रमण में अतिथि शिक्षिका डॉ. गरिमा यादव की सक्रिय सहभागिता रही। शैक्षणिक भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों में अंशु माली, अंशी, राशि गुप्ता, अभिनव, प्रीति यादव और पुण्य प्रताप सिंह प्रमुख रहे।
प्रो. दिव्या रानी सिंह ने कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, क्योंकि इससे सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव, उद्योगगत प्रक्रियाओं और सतत विकास की अवधारणा से जोड़ने का अवसर मिलता है।
फॉर्म-7 को लेकर बड़ा बवाल, सपा का तहसील पर जोरदार प्रदर्शन
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, सपा नेताओं ने प्रशासन को घेरा
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मतदाता सूची से मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोप को लेकर समाजवादी पार्टी ने मेंहदावल तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सपा नेताओं का आरोप है कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से सैकड़ों वैध मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। पार्टी का दावा है कि कुछ बीएलओ द्वारा फॉर्म-7 के माध्यम से पैसे लेकर नाम कटवाने की प्रक्रिया अपनाई गई।
सपा नेता जयराम पाण्डेय ने साक्ष्य के साथ करीब 100 से अधिक फॉर्म का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव ने आरोप लगाया कि बीएलओ की फर्जी हस्ताक्षर कर कुटरचित दस्तावेज तैयार किए गए हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर ग्राम चौकीदारों के साथ पुलिस की अहम बैठक
महाराजगंज (राष्ट्र की परंपरा)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना सोनौली परिसर में ग्राम चौकीदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस अधीक्षक जनपद महराजगंज के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवां के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना सोनौली द्वारा आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम चौकीदारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्राम चौकीदार पुलिस और जनता के बीच मजबूत कड़ी होते हैं। उन्होंने चौकीदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने गांवों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय से पुलिस को दें।
उन्होंने विशेष रूप से बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि इन गतिविधियों की समय रहते जानकारी मिलने पर पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर सकती है।
बैठक में गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी विवादों की त्वरित सूचना देने, महिला सुरक्षा एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा की गई। इसके अलावा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश भी ग्राम चौकीदारों को दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति, घटना या विवाद की सूचना बिना किसी देरी के थाना सोनौली को दी जाए, जिससे समय रहते कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत गांव स्तर पर शांति समिति के सहयोग, रात्रि गश्त में पुलिस का साथ देने तथा कानून- व्यवस्था को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक के दौरान ग्राम चौकीदारों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुझावों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर प्रभारी निरीक्षक द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। अंत में प्रभारी निरीक्षक थाना सोनौली ने सभी ग्राम चौकीदारों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
घुघली स्टेशन का महाप्रबंधक ने किया औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं से लेकर ओवरब्रिज तक उठीं कई अहम मांगें
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। रेल महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने मंगलवार को घुघली रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर रेलवे व्यवस्थाओं की हकीकत को परखा। निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग व परिचालन विभाग के अधिकारी तथा रेलवे पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं चल रहे विकास कार्यों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने रेल भवन, नवनिर्मित प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान घुघली के वरिष्ठ व्यापारी, उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एवं नगर पंचायत के पूर्व नगर अध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा ने रेल महाप्रबंधक को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि घुघली रेलवे स्टेशन का मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है और गड्ढों में तब्दील होने के कारण यात्रियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि घुघली क्षेत्र एक महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं कृषि क्षेत्र है, इसके बावजूद कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें यहां ठहराव नहीं करतीं। इससे स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से यात्रा करनी पड़ती है। उन्होंने घुघली स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को मजबूती से रखा।
मांग पत्र में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आए दिन लोग रेलवे लाइन पार करते समय दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, जिसे देखते हुए ओवरब्रिज का निर्माण बेहद जरूरी है।
इस दौरान पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने जोगिया ढाला को अंडरपास में तब्दील करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जोगिया ढाला क्षेत्र में जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है, जिसका स्थायी समाधान अंडरपास निर्माण से ही संभव है।
किसान नेता रमाशंकर तिवारी सहित अन्य लोगों ने भी रेल महाप्रबंधक के समक्ष क्षेत्रीय किसानों व आमजन से जुड़ी समस्याओं को रखा। उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
रेल महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि घुघली स्टेशन से जुड़ी सभी जनहित की मांगों पर रेलवे स्तर से यथासंभव सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर संजय जायसवाल, दिलीप सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहें।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब चुनाव 2026–27 नामांकन वापसी के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ
9 पदों पर 29 प्रत्याशी मैदान में, 14 फरवरी को सुबह 9 से 3 बजे तक होगा मतदान
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के वार्षिक निर्वाचन सत्र 2026–27 के तहत नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया सम्पन्न होने के साथ ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार पांच सेट नामांकन पत्र वापस लिए गए, जिसके बाद अब नौ पदों के लिए कुल 29 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है और चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
अध्यक्ष पद के लिए
अतुल मुरारी तिवारी, कुन्दन उपाध्याय, मनोज कुमार यादव, ओंकार धर द्विवेदी, विजय कुमार जायसवाल
उपाध्यक्ष पद के लिए
धनेश कुमार निषाद, प्रिंस कुमार पाण्डेय, वेद प्रकाश पाठक
महामंत्री पद के लिए
आशीष भट्ट, बृजेंद्र कुमार सिंह, हेमंत कुमार तिवारी, पंकज श्रीवास्तव, विनय कुमार सिंह
संयुक्त मंत्री पद के लिए
हरेंद्र धर द्विवेदी, महेन्द्र कुमार गौड़ (गंवर)
कोषाध्यक्ष पद के लिए
दुर्गेश यादव, संजय त्रिपाठी, सुशील कुमार
पुस्तकालय मंत्री पद
अरविन्द कुमार वर्मा, संजय कुमार
कार्यकारिणी सदस्य पद
अजित सिंह, जितेन्द्र कुमार, डॉ. मनोज कुमार मिश्र, नरसिंह प्रजापति, रजनीश कुमार त्रिपाठी, विभव पाठक, विकास कुमार पाण्डेय, विनोद प्रदीप अलेक्जेंडर, विपिन कुमार पाण्डेय
नामांकन वापसी के बाद अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों पर मुकाबला रोचक और प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में होने से संगठन के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलती दिख रही है।
मुख्य चुनाव अधिकारी वागीश चंद श्रीवास्तव ने मतदान प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि 14 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना कराई जाएगी। मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित माहौल में सम्पन्न कराया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार मतदान के लिए प्रेस क्लब द्वारा जारी नया आई-कार्ड और आधार कार्ड अनिवार्य होगा। जिन वार्षिक सदस्यों का नया आई-कार्ड अभी नहीं बना है, वे नवीनीकरण शुल्क जमा करने की रसीद के साथ आधार कार्ड लाकर मतदान कर सकेंगे।
चुनाव की पवित्रता बनाए रखने के लिए मतदान के दौरान मोबाइल फोन मतदान कक्ष के अंदर ले जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब द्वारा जारी आई-कार्ड पर जो क्रम संख्या अंकित है, वही क्रम संख्या मतदाता सूची में दर्ज है। मतदाता द्वारा आई-कार्ड का नंबर बताने पर तत्काल उसकी क्रम संख्या निकालकर उसे मतदान की अनुमति दी जाएगी, जिससे मतदान प्रक्रिया को सुगम, तेज और व्यवस्थित बनाया जा सके।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी पत्रकार मतदाताओं से अपील की है कि वे समय से मतदान केंद्र पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज नया आई कार्ड , आधार कार्ड साथ रखें और चुनाव प्रक्रिया का पूर्ण पालन करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें, ताकि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब को एक सशक्त, पारदर्शी और जिम्मेदार नेतृत्व मिल सके।
कोहरे का कहर सोनबरसा फोरलेन पर भीषण टक्कर पांच वाहन भिड़े
दो बसों में सवार दर्जनों यात्री घायल आधे घंटे तक ठप रहा यातायात
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
चौरी चौरा तहसील क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में बेलवा खुर्द गांव के सामने फोरलेन पर मंगलवार सुबह घने कोहरे ने कहर बरपा दिया। सुबह करीब 6:30 बजे कम दृश्यता के चलते पांच वाहन आपस में टकरा गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो बसों में सवार दर्जनों यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि फोरलेन पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनबरसा बाजार स्थित बेलवा खुर्द गांव के सामने फोरलेन पर पिछले चार दिनों से एक खराब कंटेनर खड़ा था। हैरानी की बात यह रही कि एनएचएआई विभाग द्वारा उसके पीछे न तो कोई सेफ्टी बैरिकेड लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी संकेत। मंगलवार सुबह घने कोहरे में दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट बस अचानक सड़क पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। बस में उस समय करीब 50 यात्री सवार थे।
बस के कंटेनर से टकराते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इसी बीच करीब 8:30 बजे पीछे से आ रही ट्रक से अनुबंधित बस, जो गोरखपुर से पड़रौना जा रही थी, आगे खड़ी प्राइवेट बस से जा भिड़ी। इस अनुबंधित बस में करीब 27 यात्री मौजूद थे। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रहा एक अन्य कंटेनर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गया, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
लगातार हुई टक्करों के कारण मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी वाहनों के चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित रहे। दुर्घटना में दोनों बसों में सवार यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी पुलिस और एनएचएआई विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद फोरलेन पर यातायात पूरी तरह बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क पर खड़े खराब कंटेनर के पीछे सुरक्षा संकेत और बैरिकेड लगाए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दुर्घटना में जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
गुफरान हाशमी ने हासिल की बड़ी कामयाबी
एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने की राह की मजबूत, क्षेत्र में खुशी की लहर
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
नथमलपुर, गोरखनाथ क्षेत्र निवासी गुफरान हाशमी, सुपुत्र मुख्तार अहमद, ने एफएमजीई (Foreign Medical Graduate Examination) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम मानी जा रही है।
बताया जाता है कि गुफरान हाशमी ने कठिन परिस्थितियों में भी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और लक्ष्य से कभी विचलित नहीं हुए। विदेश से मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने के बाद एफएमजीई जैसी कठिन परीक्षा को उत्तीर्ण करना आसान नहीं होता, लेकिन गुफरान ने धैर्य और समर्पण के साथ इस चुनौती को पार कर दिखाया।
उनकी इस सफलता में माता-पिता, परिवारजनों और भाइयों का विशेष सहयोग और आशीर्वाद रहा। परिवार के सदस्यों का कहना है कि गुफरान बचपन से ही मेहनती, अनुशासित और सेवा भावना से प्रेरित रहे हैं। परीक्षा परिणाम आते ही परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया, वहीं रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां दीं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि गुफरान हाशमी की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला रखते हैं। लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि गुफरान आगे चलकर एक कुशल, ईमानदार और समाजसेवी डॉक्टर बनें और अपनी सेवाओं से मानवता की भलाई में योगदान दें।
गुफरान हाशमी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गोरखपुर जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
यूजीसी के अन्यायपूर्ण नियमों के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान
एक लाख सवर्णों का हस्ताक्षर मांग पत्र सौपेगा ब्राह्मण महासभा
बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
मंगलवार को बरहज तहसील के पास यूजीसी क़ानून के विरुद्ध ब्राह्मण महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जय नारायण त्रिपाठी, आशीष वर्धन सिंह, सचिन सिंह, एवं प्रमोद कुमार मिश्र के नेतृत्व मे स्वर्ण हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया गया। जिसके तहत एक लाख लोगो से मांग पत्र पर हस्ताक्षर कराकर ब्राह्मण महासभा महामहिम राष्ट्रपति को सौपेगा, और
यूजीसी को तत्काल हटाने की मांग करेगा।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष जय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान के तहत अभी तक हजारों लोगो से मांग पत्र पर हस्ताक्षर कराया जा चूका है। उन्होंने कहा कि यू जी सी क़ानून पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाय एवं सवर्णो को जिन्दा रहने दिया जाय। यू जी सी को रद्द कराने तक ब्राह्मण महासभा का संघर्ष जारी रहेगा। महापंचायत मे नित्यानंद उपाध्याय, अभ्यानंद तिवारी, पियूष मिश्र, बबलू सिंह, टाइगर उपाध्याय, राजेंद्र सिंह, राजन सहित आदि लोग मौजूद रहे।
आईसीएसएसआर पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप 2025 से सम्मानित हुए बलिया के डॉ. पीयूष चौबे
बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली द्वारा प्रदान की जाने वाली प्रतिष्ठित पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप (PDF) 2025 के लिए जनपद बलिया के होनहार शोधकर्ता डॉ. पीयूष चौबे का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक सफलता का प्रतीक है, बल्कि उनके परिवार, जनपद बलिया, काशी क्षेत्र और पूरे पूर्वांचल के लिए गर्व का विषय बन गई है।
डॉ. पीयूष चौबे, श्री हरि भगवान चौबे के सुपुत्र हैं और मूल रूप से सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्राम चेतन किशोर, जनपद बलिया के निवासी हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से फ्रेंच साहित्य में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनकी शैक्षणिक यात्रा निरंतर उत्कृष्टता, शोध के प्रति समर्पण और अनुशासित अध्ययन का उदाहरण रही है। आईसीएसएसआर की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप देश की सबसे प्रतिस्पर्धी और प्रतिष्ठित शोधवृत्तियों में गिनी जाती है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली युवा शोधकर्ताओं को स्वतंत्र, मौलिक और नवाचारी शोध के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सामाजिक विज्ञान और मानविकी के क्षेत्र में भारतीय दृष्टिकोण को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिल सके। सीमित सीटों, बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया और विशेषज्ञों की कठोर समीक्षा के बाद ही शोधार्थियों का चयन किया जाता है। ऐसे में डॉ. चौबे का चयन उनकी गहरी विषयगत समझ, अंतरविषयी दृष्टिकोण और निरंतर परिश्रम का प्रमाण माना जा रहा है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध के लिए चयनित होना युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। डॉ. चौबे की सफलता यह संदेश देती है कि संसाधनों की कमी के बावजूद लगन, धैर्य और शिक्षा के प्रति समर्पण से ऊँचाइयों को छुआ जा सकता है। बलिया से निकलकर काशी और फिर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित फेलोशिप तक पहुँचना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक उदाहरण बन गया है।
इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, परिवारजन, गुरुजन और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनका शोध भारतीय संस्कृति, भाषा और साहित्य की समृद्ध परंपरा को वैश्विक अकादमिक विमर्श में नई पहचान दिलाएगा। डॉ. पीयूष चौबे की यह उपलब्धि बलिया के शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में देखी जा रही है, जो आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देती रहेगी।
ज़िन्दगी की शाम
शिशुपन, बचपन, यौवन बीत गया,
चौथा पन भी अब मेरा बीत रहा है,
जीवन एक एक पल घटा जा रहा है,
जैसे जैसे उम्र का हर पल बीत रहा है।
उम्र का विचार यह समझाता है,
अब जिन्दगी की शाम हो गई है,
मगर ये दिल है जो कहता है कि
महफ़िल शाम से ही शुरू होती है।
दिल जो कहता है वह भी सही है,
शाम की फ़िक्र, रात न बेकार हो,
क्या पता क्या कि कल उठने पर,
सूर्योदय का फिर दीदार हो न हो।
आशा निराशा, उम्र का यह मंजर,
दिल चाहता कुछ है होता कुछ है,
दिल की सुने या वास्तविकता देखें,
ज़िंदगी का यही तो फ़लसफ़ा है।
तभी श्रीकृष्ण जी यह कहते हैं कि
पार्थ कर्म कर, फल की इच्छा न कर,
फल तो मैं ही देने वाला हूँ इसलिए,
आदित्य कर्म धर्म व सत्कर्म कर।
- डॉ. कर्नल
आदिशंकर मिश्र, ‘आदित्य’
दो कारों की आमने-सामने टक्कर, महिला गंभीर घायल
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के उभांव थाना क्षेत्र के बिङहरा गांव के सामने मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य सभी लोग बाल-बाल बच गए। समय पर एयरबैग खुलने से बड़ा नुकसान टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के मीरपुर थाना क्षेत्र निवासी तथा देवरिया जनपद के बरहज थाने में तैनात कांस्टेबल शैलेश कुमार अपने परिवार के साथ स्विफ्ट कार से गाजीपुर से देवरिया जा रहे थे। कार में उनकी मां दुर्गावती देवी (60), पत्नी और दो बच्चे पीहू गौतम (6) व अक्षिता गौतम (8) सवार थे।
सुबह करीब सात बजे बिङहरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही अर्टिगा कार से स्विफ्ट की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्विफ्ट कार के एयरबैग खुलने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई, हालांकि दुर्गावती देवी को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दुर्गावती देवी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य परिजन सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
अर्टिगा कार में सवार दोनों लोग भी सुरक्षित बताए गए हैं। सूचना मिलने पर उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एयरबैग समय पर नहीं खुलते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
लव ट्रायंगल बना खौफनाक कत्ल की वजह, महिला की बेरहमी से हत्या का खुलासा
पति-पत्नी और ससुर गिरफ्तार
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र में लव ट्रायंगल से जुड़ा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। 30 जनवरी की रात सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिली महिला की लाश ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। मृतका की पहचान मुंबई निवासी 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी के रूप में हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रिया की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर विजय कुमार साहनी ने अपनी पत्नी संध्या साहनी के साथ मिलकर की। इस साजिश में आरोपी का ससुर भी शामिल पाया गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के मुताबिक विजय और प्रिया के बीच वर्ष 2012 से प्रेम संबंध थे और दोनों मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। वर्ष 2014 में पारिवारिक दबाव में विजय की शादी संध्या साहनी से हो गई, लेकिन इसके बावजूद प्रिया लगातार शादी और पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी।
इसी विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। 30 जनवरी की रात आरोपियों ने प्रिया को शराब पिलाई और फिर उसके सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। बाद में उसे स्कूटी से बैरघट्टा गांव के पास मुख्य सड़क किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार जब आरोपियों को आशंका हुई कि महिला अभी जिंदा हो सकती है, तो पहचान छिपाने के इरादे से उसके सिर और चेहरे को बेरहमी से कुचल दिया गया और कपड़े भी उतार दिए गए।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि संयुक्त कार्रवाई से इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर, दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट प्रारंभ
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नगर पंचायत मगहर स्थित माउन्ट वैली एकेडमी में दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का फीता काटकर शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के सह क्षेत्रीय संयोजक अत्रेश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि अत्रेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में आगंतुकों का स्वागत एवं आभार एकेडमी के प्रधानाचार्य दुर्गेश श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। आयोजन की समुचित व्यवस्थाओं के संचालन में उप निदेशक नितेश श्रीवास्तव सक्रिय रूप से लगे रहे। खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन रजनीश मिश्र ने साथी अध्यापक-अध्यापिकाओं के सहयोग से किया।
स्पोर्ट्स मीट के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा विद्यालय परिवार में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुबह 5 से 8 बजे तक चला अभियान, आमजन से सीधा संवाद कर पुलिस ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान देवरिया” का आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में दिनांक 03 फरवरी 2026 को प्रातः 05:00 बजे से 08:00 बजे तक पूरे जनपद में प्रभावी रूप से चलाया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से सड़कों पर उतरे और मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन के बीच सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से मित्र पुलिसिंग की अवधारणा को आगे बढ़ाना रहा।
जनसंवाद और मित्र पुलिसिंग पर विशेष जोर
मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। छोटे-मोटे विवादों को मौके पर ही सुलझाने का प्रयास किया गया, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि आमजन के बीच और अधिक मजबूत हुई।
पुलिस द्वारा नागरिकों को यह भी बताया गया कि मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान देवरिया केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसुरक्षा, विश्वास और सहयोग पर आधारित एक निरंतर प्रक्रिया है।
संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और विधि विरुद्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग करते हुए—
चोरी की संदिग्ध गाड़ियों की जांच
तीन सवारी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई
मोडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों का चालान
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर कठोर कदम
यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई
अवैध असलहा व मादक पदार्थों की संभावित तस्करी पर नजर
जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। 16 स्थानों पर चेकिंग, सैकड़ों की जांच
जनपदीय पुलिस द्वारा मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान देवरिया के तहत कुल 16 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान—
311 व्यक्तियों की गहन जांच
186 वाहनों की चेकिंग
की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया और आमजन ने खुद को अधिक सुरक्षित महसूस किया। जनता ने की पुलिस की सराहना
पुलिस द्वारा किए गए इस प्रयास की आमजन ने खुले दिल से सराहना की। मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के अभियानों से अपराधों पर अंकुश लगता है तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ता है।
कई नागरिकों ने यह भी कहा कि सुबह के समय पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से असामाजिक तत्वों पर मनोवैज्ञानिक दबाव पड़ता है, जिससे अपराध की संभावना कम होती है।
निरंतर जारी रहेंगे ऐसे अभियान
जनपदीय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान देवरिया जैसे अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ऐसे अभियानों के माध्यम से न केवल अपराध नियंत्रण किया जा रहा है, बल्कि समाज में कानून के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है।
