Monday, May 11, 2026
HomeNewsbeatठेले से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत

ठेले से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत

एकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बलिया (राष्ट्र की परम्परा )

मनियर थाना क्षेत्र के चांदूपाकड़ इलाके में रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार पश्चिम पटखौली के भदपुरा निवासी संतोष गुप्ता का 22 वर्षीय पुत्र राजन गुप्ता बाइक से किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। देर रात वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चांदूपाकड़ के पास सड़क किनारे खड़े एक ठेले से उसकी बाइक अचानक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल परिजनों को सूचना दी गई और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया जा रहा है कि राजन गुप्ता अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया है। गांव के लोगों ने बताया कि राजन स्वभाव से काफी मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े ठेलों और वाहनों को हादसों का कारण बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments