Tuesday, March 31, 2026
HomeUncategorizedबिहार विधानसभा चुनाव 2025: कन्हैया कुमार ने किया स्पष्ट – महागठबंधन की...

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: कन्हैया कुमार ने किया स्पष्ट – महागठबंधन की जीत पर तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री चेहरा

पटना, (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए कोई भ्रम या विवाद नहीं है, और अगर गठबंधन को बहुमत मिलता है तो तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री होंगे।

पीटीआई को दिए एक विशेष इंटरव्यू में कन्हैया कुमार ने कहा कि “मुख्यमंत्री का चेहरा तेजस्वी यादव होंगे, इसमें कोई असमंजस नहीं है।” उन्होंने कहा कि जब गठबंधन सरकार बनाती है तो सबसे बड़े घटक दल को मुख्यमंत्री पद मिलना स्वाभाविक होता है, और बिहार में यह भूमिका राष्ट्रीय जनता दल (राजद) निभा रहा है।

कन्हैया ने यह भी कहा कि “विपक्षी गठबंधन (महागठबंधन) एकजुट है और सभी दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह चुनाव चेहरों से ज़्यादा मुद्दों का चुनाव है, लेकिन एक साजिश के तहत बार-बार चेहरा चर्चा में लाया जा रहा है ताकि असल मुद्दों से ध्यान हटे।”

महागठबंधन के प्रमुख घटक ,राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कांग्रेस ,भाकपा (माले) लिबरेशन,विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी)

पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा और 75 सीटें जीती थीं। कांग्रेस 70 सीटों में से 19 सीटें जीत सकी थी, जबकि भाकपा (माले) लिबरेशन को 19 में से 12 सीटों पर जीत मिली थी।

क्या बोले कन्हैया कुमार:

कन्हैया कुमार ने कहा कि “हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जिस पर बड़ी जिम्मेदारी है, वह उसे निभाएगा, और छोटी जिम्मेदारी वालों की भूमिका भी उतनी ही जरूरी है।” उन्होंने कहा, “गाड़ी चलाने में क्लच, ब्रेक और रियर व्यू मिरर – सबकी भूमिका होती है। कोई छोटा या बड़ा नहीं।”

उन्होंने विपक्षी भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा नीतीश कुमार को हटाकर अपना चेहरा लाना चाहती है। वे पहले भी यह प्रयास कर चुके हैं। भाजपा का मॉडल है – क्षेत्रीय दल के साथ साझेदारी करो और फिर धीरे-धीरे उसे खत्म कर दो।”

नीतीश कुमार की फिर से एनडीए में वापसी पर कन्हैया ने व्यंग्य करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने कहा था कि नीतीश जी के लिए दरवाज़े बंद हैं, तो क्या वे ब्लूटूथ से डाउनलोड होकर राजग में आ गए?”

मुख्य चुनावी मुद्दे: बेरोजगारी और पलायन ,पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की विफलता ,अपराध में वृद्धि ,नौकरशाही की मनमानी

कन्हैया कुमार ने यह भी कहा कि भाजपा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे भावनात्मक मुद्दों को उछालने की कोशिश कर सकती है, लेकिन बिहार की जनता ऐसे मुद्दों में नहीं उलझेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments