बलिया के लाल रत्नेश चन्द्र सिंह बिसेन बने हाई कोर्ट के न्यायमूर्तिबलिया जिला मुख्यालय से जुड़ा गौरव का क्षण - राष्ट्र की परम्परा
August 19, 2025

राष्ट्र की परम्परा

हिन्दी दैनिक-मुद्द्दे जनहित के

बलिया के लाल रत्नेश चन्द्र सिंह बिसेन बने हाई कोर्ट के न्यायमूर्तिबलिया जिला मुख्यालय से जुड़ा गौरव का क्षण

(बलिया से घनश्याम तिवारी की रिपोर्ट )

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) जिले के चिलकहर ब्लाक अंतर्गत ग्राम छिब्बी, इन्दरपुर निवासी रत्नेश चन्द्र सिंह बिसेन ने जिले का मान बढ़ाते हुए आज मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर में न्यायमूर्ति पद की शपथ ली। श्री बिसेन, जो वर्तमान में सतना (म.प्र.) में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे, ने अपने कर्तव्यनिष्ठ व निष्पक्ष न्यायिक सेवाओं के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने जबलपुर हाई कोर्ट में आयोजित एक गरिमामय समारोह में न्यायमूर्ति पद की शपथ ग्रहण की।
रत्नेश चन्द्र सिंह बिसेन, हरिशंकर सिंह के पुत्र हैं, जो बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के ग्रामीण परिवेश से ताल्लुक रखते हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है और यह दिखाती है कि संकल्प, परिश्रम और ईमानदारी से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बलियावासियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। जनपद के शिक्षकों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने श्री बिसेन को न्यायमूर्ति बनने पर बधाइयों की बौछार की है। यह क्षण बलिया के न्यायप्रिय इतिहास को एक नया गौरवशाली अध्याय प्रदान करता है।