सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर हजिया की युवती ने जबरन शादी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी को लेकर सिकन्दरपुर थाने में तहरीर दी है। युवती का आरोप है कि राजू गुप्ता नामक युवक ने अपने पास उसकी फोटो और रिकॉर्डिंग रखकर शादी करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि राजू गुप्ता, पुत्र रविन्द्र गुप्ता निवासी सिकरिया खुर्द, थाना गड़वार, जनपद बलिया, उनके रिश्तेदार के रिश्तेदार हैं। राजू गुप्ता पर पहले भी एक व्यक्ति की हत्या कर शव को छिपाने का आरोप है, जिसकी जानकारी बाद में हुई। पीड़िता के अनुसार, जब राजू गुप्ता ने किसी और जगह शादी की कोशिश की और असफल रहा, तब उसने पीड़िता के घर पर गाली-गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। राज गुप्ता के साथ अभिषेक गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, आदित्य गुप्ता आदि लोगों ने भी जान से मारने की धमकी दी।
युवती ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस मामले की जांच थाना सिकन्दरपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
