Saturday, April 4, 2026
HomeUncategorizedमानवता को झकझोर देने वाला अपराध, आखिर कब रुकेगा यह सिलसिला?

मानवता को झकझोर देने वाला अपराध, आखिर कब रुकेगा यह सिलसिला?

पुरी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) ओडिशा के पुरी ज़िले से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ब्रह्मगिरि थाना क्षेत्र के अंतर्गत समुद्र तट के पास एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस वारदात ने न केवल स्थानीय समाज को झकझोर दिया है बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा अपने एक मित्र के साथ समुद्र तट पर घूमने गई थी। तभी कुछ स्थानीय युवक वहां पहुँचे और जबरन उनकी तस्वीरें खींचने लगे। उन्होंने तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर छात्रा से पैसे की मांग की। छात्रा और उसके मित्र द्वारा विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ बर्बरता की और सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मगिरि थाना पुलिस सक्रिय हुई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे काउंसलिंग सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा व्याप्त है। कई सामाजिक संगठनों ने इसे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी बताया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments