
15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, वापस मिलने पर परिजनों को दी थी जान से मारने की धमकी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिंदुरिया पुलिस ने नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को परसामीर गेट के पास से दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान जय कुमार सोनी उर्फ प्रिन्स वर्मा (21) निवासी वार्ड नंबर आठ, मोहल्ला राजीव नगर, थाना कोतवाली, महराजगंज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी राम प्रताप ने 10 नवंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री को जय कुमार सोनी उर्फ प्रिन्स वर्मा शादी का झांसा देकर बहला- फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। परिजनों द्वारा किशोरी को वापस लाए जाने के बाद आरोपी और उसकी मां ने वादी के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी और अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध मु.अ.सं.223/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87, 137(2), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्ग दर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में सिंदुरिया पुलिस सक्रिय हुई। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर वरिष्ठ उप-निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को परसामीर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उप-निरीक्षक योगेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम प्रवेश चौधरी, कांस्टेबल सौरभ दूबे और कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार शामिल रहें।
