देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने और महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद भर में पुलिस ने “गुड मॉर्निंग देवरिया” एवं “एंटी रोमियो चेकिंग” अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चले इस अभियान के तहत सुबह से ही पुलिस टीमें पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सक्रिय रहीं।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला एवं पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।वहीं, जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेकर हरसंभव सहायता, सम्मान एवं सुरक्षा का भरोसा दिया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।दूसरी ओर, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय और कोचिंग जाने वाली छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस के अनुसार, “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, महिला सुरक्षा, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।