दो वाहनों की टक्कर के विवाद में युवक को लगी थी गोली, मामले में दर्ज है गंभीर धाराओं में मुकदमा

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दो वाहनों की आपस में टक्कर के बाद हुए विवाद में युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामनाथ देवरिया निवासी निसार अहमद (26) पुत्र नियाज अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 9 नवंबर को कोतवाली तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की सुबह करीब तीन बजे दो गाड़ियों की आपस में टक्कर होने को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान देव सिंह पुत्र नीरज सिंह को गोली लग गई थी। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 788/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है।पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय और उपनिरीक्षक संजय कुमार पाल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।