आजमगढ़ (राष्ट्र की परम्परा)। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घर की सफाई कर रही 40 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद गांव निवासी ज्ञानमती (40) पत्नी जय प्रकाश सोमवार दोपहर अपने घर की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में ज्ञानमती को उपचार के लिए आजमगढ़ शहर के सिधारी स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान ही जिंदगी की उम्मीद टूटने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ज्ञानमती अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। मां की मौत से बच्चों का सहारा छिन गया, वहीं पति जय प्रकाश और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि घर की सफाई करते समय खासकर सामान के ढेर, अंधेरे कोनों और लंबे समय से बंद पड़े स्थानों पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।