महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। थानों में लंबित माल के निस्तारण को लेकर महराजगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को कोठीभार पुलिस ने आबकारी अधिनियम के 31 मुकदमों से संबंधित 1324.35 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। न्यायालय के आदेश पर थाना परिसर में गड्ढा खोदकर शराब को नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई तथा नियमानुसार पंचनामा भी तैयार किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। नष्ट की गई शराब वर्ष 2024, 2025 और 2026 में दर्ज आबकारी अधिनियम के 31 मुकदमों से संबंधित थी। कोठीभार पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई में अपर सिविल जज (अवर खंड), कोर्ट संख्या-01/न्यायिक मजिस्ट्रेट, जनपद महराजगंज के तीन अक्टूबर 2026 को जारी आदेश का अनुपालन किया गया। न्यायालय के निर्देश के बाद संबंधित मुकदमों में जब्त शराब के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई। थाना परिसर में गड्ढा खोद कर शराब को नष्ट कराया गया, जिससे माल निस्तारण की कार्रवाई को नियमानुसार पूरा किया जा सके। इस दौरान नायब तहसीलदार निचलौल, क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य और हेड मुहर्रिर प्रभात कुमार राय मौजूद रहें।