
मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद कर पुलिस ने जाना हाल, बुजुर्गों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा; एंटी रोमियो टीम ने बालिकाओं को किया जागरूक
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपद में आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सुबह भ्रमण कर रहे महिला एवं पुरुष मॉर्निंग वॉकर्स से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। साथ ही प्रमुख पार्कों एवं मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बुजुर्गों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मान, सुरक्षा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उनकी समस्याओं के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता सुनिश्चित करना है।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिला एवं बालिका सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक कियापुलिस के अनुसार, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाना तथा महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
