बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। आकांक्षात्मक विकास खंड हुजूरपुर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।सीडीओ ने स्वास्थ्य एवं पोषण के स्तर में सुधार लाने के लिए ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सास-बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कराने पर जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने तथा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।उन्होंने जनशिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आकांक्षात्मक विकास खंड की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।बैठक में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ), परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त स्वतः रोजगार, खंड विकास अधिकारी हुजूरपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।