
मास्टर चाबी और मोबाइल फोन बरामद, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंदुरिया पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक कीपैड मोबाइल फोन और मास्टर चाबी बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिलों में एक हीरो स्प्लेंडर प्लस है, जो सिंदुरिया चौराहे के पास से चोरी हुई थी। दूसरी बाइक बजाज प्लेटिना है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को आशीष पुत्र दिनेश ने थाना सिंदुरिया में तहरीर देकर बताया कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी 56 एआर 4101 सिंदुरिया चौराहे के पास एक दुकान के निकट से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अक्टूबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिंदुरिया पुलिस ने तीरथ टोला पुलिया के पास अरनहवा टोला मार्ग पर घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल साहनी उर्फ कोइल (26), पुत्र स्वर्गीय विजय साहनी, निवासी भरवलिया टोला छोटका, थाना ठूठीबारी और राजकुमार साहनी उर्फ टमाटर (22), पुत्र जयगोविंद, निवासी हरखोड़ा, थाना सिंदुरिया, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस के साथ बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या यूपी 57 एएम 6938, एक कीपैड मोबाइल फोन और एक मास्टर चाबी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दूसरी मोटरसाइकिल के संबंध में भी आवश्यक जांच कर रही है।पुलिस के मुताबिक, अनिल साहनी उर्फ कोइल के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में चोरी, आयुध अधिनियम, आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राजकुमार साहनी उर्फ टमाटर के विरुद्ध इस मामले में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनुप कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार, उपनिरीक्षक रामानुज सिंह यादव, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव तथा कांस्टेबल धर्मवीर सिंह, अभिमन्यु खरवार, अमित कुमार, रवि सिंह और सौरभ दूबे शामिल रहे।
