34 लाभार्थियों के दस्तावेजों की हुई जांच, 10 पात्रों का मौके पर बना कार्ड

बलिया(राष्ट्र की परम्परा )

70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलाधिकारी कार्यालय में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष कैंप लगाकर पात्र बुजुर्गों एवं अन्य लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। कैंप में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कार्ड बनाने की प्रक्रिया की जाएगी। शुक्रवार को विशेष कैंप में कुल 34 लाभार्थियों के आधार कार्ड और राशन कार्ड की जांच की गई। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद इनमें से 10 लाभार्थी पात्र पाए गए, जिनका आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बना दिया गया। इससे लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। उन्होंने पात्र बुजुर्गों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। कैंप में दस्तावेजों की जांच के बाद पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है और पात्र पाए जाने पर कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग को आय की परवाह किए बिना पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गंभीर बीमारी के इलाज पर होने वाले आर्थिक खर्च का बोझ कम करना है। आयुष्मान कार्ड बनने के बाद पात्र लाभार्थी योजना से संबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से बुजुर्गों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से कार्ड बनवाने की अपील की जा रही है। जिला प्रशासन ने कहा है कि पात्र बुजुर्ग आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचें, ताकि उनका सत्यापन कर आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। विशेष कैंप के माध्यम से बुजुर्गों को उनके नजदीक ही कार्ड बनवाने की सुविधा मिलने से योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है।