सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने बच्चों को दुलारकर बढ़ाया उत्साह, उपहार व सामग्री वितरित

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण, कुशीनगर में आवासित बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऐश्प्रा ज्वेलर्स, पडरौना के सहयोग से किया गया। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में पहुंचकर बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया और उनका उत्साह बढ़ाया।मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों को स्नेह एवं दुलार देते हुए टैडी बियर तथा विभिन्न प्रकार के खिलौने वितरित किए। ऐश्प्रा ज्वेलर्स, पडरौना की ओर से बच्चों के उपयोग के लिए कपड़े, खिलौने, लिखने-पढ़ने की सामग्री के साथ चिप्स, चॉकलेट, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री भी उपहार स्वरूप प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने बच्चों के साथ केक काटकर खुशी साझा की। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए संस्था में उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के खुशहाल और स्वस्थ वातावरण को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली।मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की नियमित रूप से समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। बच्चों को निर्धारित समय पर पौष्टिक भोजन एवं दूध उपलब्ध कराने के साथ संस्था में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम, बाल कल्याण समिति के सदस्य तथा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न इकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।